अगर आप अपने iPhone पर स्वाइप करके या कीबोर्ड के सुझावों के सहारे तेजी से टाइप करते हैं तो हो सकता है कि कुछ शब्द अपने-आप न लिखें। हालिया तकनीकी रिसर्च के अनुसार, Apple के iOS कीबोर्ड में हजारों शब्दों और वाक्यांशों की एक छिपी हुई सूची है, जिसे 'ग्रे लिस्ट' कहा जा रहा है। यह सूची यूजर को कोई शब्द लिखने से रोकती नहीं है लेकिन टाइप करते वक्त मिलने वाले सजेशन और स्वाइप टाइपिंग के तरीके को बदल देती है।
शोधकर्ता डेरिक कॉफमैन की इस खोज में सामने आया है कि हिंदी, अंग्रेजी, फ्रेंच और हिब्रू जैसी कई भाषाओं के संवेदनशील और राजनीतिक वाक्यांश इस लिस्ट में शामिल हैं। जब यूजर ऐसे शब्दों को स्वाइप करके लिखने की कोशिश करते हैं तो कीबोर्ड या तो अटक जाता है या उनकी जगह कोई दूसरा शब्द लिख देता है। हालांकि, अगर यूजर एक-एक लेटर खुद टाइप करें तो वे इन शब्दों को आसानी से लिख सकते हैं।
यह भी पढ़ें: दिवाली पर सिंपल फोटो को दें ट्रेडिशनल लुक, गूगल जेमिनी पर लिखें ये Prompts
'ग्रे लिस्ट' क्या है और कैसे काम करती है?
आसान शब्दों को टाइप करते समय iPhone कीबोर्ड स्क्रीन पर आगे के शब्द का सजेशन देता हैं। स्वाइप करने पर सही शब्द तुरंत लिख देता है। लेकिन ग्रे लिस्ट में शामिल शब्दों के साथ इसका तरीका अलग होता है। जैसे किसी तरह के सुझाव न मिलना। टाइप करते समय कीबोर्ड इन शब्दों के विकल्प नहीं दिखाता।
इसके अलावा स्वाइप टाइपिंग में परेशानी होती है। स्वाइप करने पर इन तरह के शब्द आसानी से स्क्रीन पर नहीं आते। कई बार कीबोर्ड मूल शब्द की जगह उससे मिलता-जुलता कोई दूसरा शब्द दर्ज कर देता है। इसलिए इसे शब्दों पर पूरी तरह से बैन नहीं माना जा सकता क्योंकि यूजर के पास खुद टाइप करके शब्द लिखने की आजादी बनी रहती है।
रिसर्च में यह सूची कैसे खोज निकाली गई?
रिसर्चर कॉफमैन ने ध्यान दिया कि कीबोर्ड कुछ खास फ्रेज को स्वाइप से लिखने में अटका रहा था। इसके बाद उन्होंने AI कोडिंग टूल्स (Codex और Claude) की मदद से iOS के अंदर मौजूद डेटा की जांच की। इसके दौरान उन्हें डेटा में छिपे हुए डिजिटल फिंगरप्रिंट मिले। शोधकर्ता ने इस डिकोड किए गए डेटा के आधार पर संभावित शब्दों को रिकवर किया। बाद में एक अन्य स्वतंत्र शोधकर्ता मैट सुइच नाम के व्यक्ति ने भी इस डेटा की पुष्टि की।
यह भी पढ़ें: दिवाली पर पार्टनर संग बनाएं रोमांटिक फोटो, Chatgpt पर लिखें ये प्रॉम्प्ट
अलग-अलग भाषाओं में मिले कौन-से उदाहरण?
रॉयटर्स की रिपोर्ट और शोधकर्ता की जारी डेटा के मुताबिक, अलग-अलग भाषाओं की सूचियों में कई तरह के वाक्यांश मिले हैं। जैसे हिंदी में 'Modi braggart' और 'Rahul is Pappu' से संबंधित डेटा मिले। अंग्रेजी की बात करें तो 'Dictator Trump', 'Sleepy Joe', 'Tibetan independence', 'United Ireland' और 'Right wing conspiracy' जैसे वाक्यांश मिले।
वहीं फ्रांस में इमिग्रेशन से जुड़ा वाक्यांश 'Immigration too high', हिब्रू में इजरायल-फिलिस्तीन क्षेत्र से जुड़ा शब्द 'Occupied territories'। वैसे आपको बता दे कि यह सभी आंकड़े शोधकर्ता की डिकोड की गई सूची पर आधारित है। ये Apple के जारी आधिकारिक डेटा नहीं हैं।
क्या यह देश-आधारित सेंसरशिप है?
फिलहाल उपलब्ध आंकड़ों से यह साबित नहीं होता कि Apple ने भारत, अमेरिका या अन्य देशों के लिए अलग से देश-वार सेंसरशिप लिस्ट तैयार की है। यह मुख्य रूप से भाषा-आधारित फिल्टरिंग का मामला लगता है। यानी जिस भाषा का कीबोर्ड चुना जाएगा। उस भाषा की सूची से जुड़े शब्द प्रभावित होंगे, न कि केवल यूजर के रहने के स्थान से।
शोधकर्ता के अनुसार, सूची में केवल राजनीतिक शब्द ही नहीं हैं। इसमें लगभग 1 लाख शब्द और वाक्यांश शामिल हैं। इनमें मुख्य रूप से गाली-गलौज और अपमानजनक भाषा, यौन सामग्री और हिंसा से जुड़े शब्द, ड्रग्स, नस्लीय और सामाजिक रूप से संवेदनशील शब्द मौजूद है। रिसर्च में यह भी देखा गया कि कीबोर्ड 'Read smut' जैसा शब्द स्वाइप कर लेता है लेकिन 'Read gay smut' लिखने में परेशानी करता है।
मामले पर Apple ने क्या कहा?
इस रिपोर्ट पर Apple ने किसी खास शब्द, संख्या या राजनीतिक वाक्यांश पर सीधा बयान नहीं दिया। हालांकि, कंपनी का कहना है कि उसका कीबोर्ड इस तरह से डिजाइन किया गया है ताकि यूजर को गलत सुझाव देने से बचाया जा सके। Apple ने यह भी स्पष्ट किया कि यूजर अपनी पसंद के अनुसार कोई भी शब्द खुद टाइप करने के लिए स्वतंत्र हैं।
यह भी पढ़ें: क्या अब इंटरनेट पर फ्री में TV नहीं देख पाएंगे, नए नियम लाने की तैयारी में TRAI?
क्या दूसरी कंपनियों में भी ऐसा होता है?
केवल एप्पल ही नहीं गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और चीनी कंपनियों के कीबोर्ड में भी इस तरह की सेंसरशिप या शब्द-फिल्टरिंग लंबे समय से मौजूद है, बल्कि कई मामलों में यह एप्पल से भी ज्यादा सख्त है। जैसे गुगल का Gboard। इसमें डिफॉल्ट रूप से 'Block Offensive Words' या 'Don't suggest offensive words' नाम का एक फीचर होता है। यह गाली-गलौज, नस्लीय टिप्पणियों और संवेदनशील शब्दों को सजेशन में आने से रोकता है। गूगल के सर्च बॉक्स में जब आप टाइप करते हैं तो ऑटो-कंप्लीट एल्गोरिदम कई बार राजनीतिक रूप से संवेदनशील या विवादित मामलों में सुझाव दिखाना बंद कर देता है। इसे लेकर गूगल पर कई बार मुकदमे और आरोप लग चुके हैं।
दूसरा है Microsoft का SwiftKey। इस कीबोर्ड और विंडोज के इन-बिल्ट वॉइस टाइपिंग फीचर्स में भी अपशब्दों और संवेदनशील वाक्यों को ऑटो-सेंसर जैसे स्टार **** मार्क करने की तकनीक है, जिस पर कई बार यूजर्स अभिव्यक्ति की आजादी के तहत सवाल उठा चुके हैं। चीनी स्मार्टफोन कंपनियां जैसे Xiaomi, Huawei, Oppo आदि इस मामले में सबसे ज्यादा विवादों में रहे हैं। चीन और कई अन्य देशों के नियमों के मुताबिक, इन फोन्स के कीबोर्ड और ऑपरेटिंग सिस्टम में हार्ड-कोडेड ब्लॉकलिस्ट होती है। इनमें 'तिब्बत की आजादी', 'ताइवान' या चीनी सरकार के विरोध से जुड़े राजनीतिक शब्दों को न सिर्फ सुझावों से हटाया जाता है बल्कि कई चीनी ऐप्स में इन्हें टाइप करने पर टेक्स्ट पूरी तरह ब्लॉक या फिल्टर भी हो जाता है।
इन सब के बीच इस मामले ने तकनीक और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के बीच एक नई चर्चा को जन्म दिया है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि इन सूचियों को तैयार करने में किन भाषा विशेषज्ञों की सलाह ली जाती है या यह किस नीति के तहत होता है। सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि क्या टेक कंपनियां अब यह भी प्रभावित करने लगी हैं कि यूजर स्क्रीन पर क्या आसानी से लिख पाएगा।
