आज के दौर में मोबाइल फोन हमारी जिंदगी का सबसे जरूरी हिस्सा बन चुका है और अब सरकार इसे सुरक्षा के एक बड़े हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। अगर आपके फोन पर अचानक कोई तेज सायरन बजने लगे या झटके के साथ कोई इमरजेंसी मैसेज आए तो आपको घबराने या चिंता करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। यह कोई हैकिंग या खतरे की बात नहीं है बल्कि भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (DoT) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) की एक योजना का हिस्सा है। 

 

सरकार एक ऐसी आधुनिक तकनीक का परीक्षण कर रही है, जिससे आने वाले समय में बाढ़, भूकंप या किसी भी बड़ी आपदा के समय आपकी जान बचाई जा सके। यह सायरन सिर्फ यह जांचने के लिए बजाया जा रहा है कि सरकार द्वारा भेजी गई चेतावनी आप तक कितनी सटीकता और तेजी से पहुंच रही है।

 

यह भी पढ़ें: 649 रुपये में बिना एड्रेस प्रूफ पाएं छोटू गैस सिलेंडर, जानें कैसे और कहां मिलेगा

क्यों भेजा जा रहा है यह इमरजेंसी अलर्ट?

यह सायरन बजने का मतलब है कि सरकार अपने इस नए सिस्टम को चेक कर रही है। इसका सीधा सा कारण यह है कि अगर आगे कभी अचानक बहुत तेज भूकंप आए, बाढ़ आए या कोई और बड़ी मुसीबत आने वाली हो तो सरकार तुरंत आपके फोन पर एक मैसेज भेज सकेगी। अभी जो सायरन बज रहा है, वह सिर्फ यह देखने के लिए है कि मैसेज आप तक कितनी जल्दी पहुंच रहा है और आवाज इतनी तेज है या नहीं कि आपका ध्यान उस तरफ जाए। सरकार चाहती है कि मुसीबत आने से पहले ही हर इंसान को पता चल जाए ताकि वह अपना बचाव कर सके।

टेस्टिंग क्यों की जा रही है?

सरकार इस सिस्टम को पूरे भारत के अलग-अलग राज्यों में बारी-बारी से चेक कर रही है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि हर जगह का मोबाइल नेटवर्क और टावर अलग-अलग होते हैं। कहीं पहाड़ हैं तो कहीं बड़े शहर। सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि चाहे आप किसी भी राज्य में हों या किसी भी कंपनी का सिम कार्ड इस्तेमाल कर रहे हों, यह इमरजेंसी मैसेज आप तक बिना रुके पहुंच जाए। साथ ही, अलग-अलग राज्यों में वहां की अपनी भाषा में भी मैसेज भेजकर चेक किया जा रहा है कि लोग उसे सही से समझ पा रहे हैं या नहीं।

आपको क्या करना चाहिए?

जैसे ही आपके फोन पर यह तेज आवाज आए और मैसेज दिखाई दे तो सबसे पहले तो शांत रहें। उस मैसेज को पढ़ें, उसमें साफ लिखा होता है कि यह सिर्फ एक 'जांच' यानी टेस्टिंग है। आपको बस अपने फोन की स्क्रीन पर दिख रहे 'OK' बटन को दबाना है। इसके अलावा आपको कुछ भी करने की जरूरत नहीं है। इस मैसेज के आने से न तो आपके फोन की कोई सेटिंग खराब होगी और न ही आपके पैसे कटेंगे। यह सरकार की तरफ से भेजा गया एक सुरक्षित मैसेज है।

 

यह भी पढ़ें: गैस सिलेंडर की झंझट खत्म, अब घर बैठे ऐसे लें नया PNG कनेक्शन

हमें क्या फायदा मिलेगा?

इस तकनीक की सबसे बड़ी और अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपके फोन में इंटरनेट होना जरूरी नहीं है। कई बार बड़ी मुसीबत के समय इंटरनेट बंद हो जाता है या काम नहीं करता लेकिन यह मैसेज सीधे मोबाइल टावर से आपके फोन तक पहुंत जाएगा। इससे फायदा यह होगा कि किसी भी बड़े मुसीबत के समय सरकार लाखों लोगों को एक साथ सावधान कर पाएगी। इससे लोगों को संभलने का और सुरक्षित जगह पहुंचने का समय मिल जाएगा। यह सिस्टम हम सबकी सुरक्षा के लिए सरकार की एक बहुत अच्छी कोशिश है।