अगर आपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवाया है या लगवाने की सोच रहे हैं तो यह खबर आपके काम की है। केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों में सोलर पैनल लगवाने पर अभी किलोवाट के हिसाब से सब्सिडी दी जाती है। अब सरकार इस व्यवस्था में बदलाव करने पर विचार कर रही है। नए मॉडल में सिर्फ सोलर पैनल की क्षमता ही नहीं बल्कि परिवार की कमाई, सोलर सिस्टम की काम करने की क्षमता और बिजली उत्पादन जैसी बातों को भी ध्यान में रखा जा सकता है।
इस बदलाव का मकसद यह बताया जा रहा है कि जिन परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर है उन्हें सोलर पैनल लगवाने में ज्यादा मदद मिल सके। वहीं ज्यादा कमाई वाले परिवारों को कम आर्थिक सहायता दी जा सकती है। सरकार सोलर सिस्टम कितने समय तक ठीक से काम करता है और उससे कितनी बिजली बन रही है जैसी बातों को भी सब्सिडी से जोड़ने पर विचार कर रही है।
यह भी पढ़ें: सोना खरीदने से पहले जरूर देखें ये निशान, ऐसे पहचानें खरा सोना
कम इनकम वालों को ज्यादा मदद
नए मॉडल में परिवार की इनकम को सब्सिडी तय करने का एक आधार बनाया जा सकता है। अगर किसी परिवार की कमाई कम है तो उसे सोलर पैनल लगवाने के लिए ज्यादा आर्थिक मदद मिल सकती है। वहीं ज्यादा इनकम वाले परिवारों को कम सब्सिडी मिलने की व्यवस्था हो सकती है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों के लिए सोलर पैनल लगवाना आसान बनाना है। इसके अलावा सोलर सिस्टम कितने समय तक सही तरीके से काम कर रहा है इसे भी देखा जा सकता है। यानी सिर्फ पैनल लगवाने पर ही ध्यान नहीं होगा बल्कि उससे लगातार कितनी बिजली बन रही है और सिस्टम की हालत कैसी है इन बातों को भी महत्व दिया जा सकता है।
अभी पीएम सूर्य घर योजना में सब्सिडी मुख्य रूप से सोलर सिस्टम की क्षमता के आधार पर मिलती है लेकिन प्रस्तावित बदलाव में क्षमता के साथ दूसरी चीजों को भी देखा जा सकता है। इनमें सोलर पैनल से होने वाला बिजली उत्पादन, सिस्टम कितने समय तक ठीक चलता है और उसकी देखभाल कैसे की जा रही है जैसी बातें शामिल हो सकती हैं।
इसके साथ ही बैटरी और बिजली के ग्रिड से जुड़ी व्यवस्था को भी ध्यान में रखने पर विचार किया जा सकता है। इसका मतलब है कि आगे चलकर सोलर सिस्टम की सिर्फ क्षमता नहीं बल्कि वह वास्तव में कितना अच्छा काम कर रहा है इस पर भी ध्यान दिया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: एक्सपायरी डेट वाली चीजें इस्तेमाल करते हैं? जानें क्या हो सकता है नुकसान
अभी इतनी मिलती है सब्सिडी
फिलहाल पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू सोलर सिस्टम लगवाने पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की केंद्रीय सब्सिडी मिलती है। यह राशि सोलर सिस्टम की क्षमता के हिसाब से तय होती है।
- 1 किलोवाट के सोलर सिस्टम पर 30 हजार रुपये
- 2 किलोवाट के सोलर सिस्टम पर 60 हजार रुपये
- 3 किलोवाट या उससे ज्यादा के सोलर सिस्टम पर 78 हजार रुपये तक
ध्यान देने वाली बात यह है कि सब्सिडी के नए नियम अभी लागू नहीं हुए हैं। फिलहाल पहले की तरह ही सोलर सिस्टम की क्षमता के आधार पर सब्सिडी दी जा रही है। अगर सरकार प्रस्तावित बदलाव को मंजूरी देती है तभी आगे सब्सिडी देने का तरीका बदलेगा।
