माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु कटरा पहुंचते हैं। कटरा से माता के भवन तक जाने के लिए पैदल यात्रा सबसे आम तरीका है। वहीं जो लोग लंबी चढ़ाई नहीं करना चाहते या कम समय में यात्रा पूरी करना चाहते हैं उनके लिए हेलिकॉप्टर की सुविधा भी उपलब्ध है। ऐसे में यात्रा पर जाने से पहले यह जानना जरूरी है कि सिर्फ कटरा से भवन तक पहुंचने और दर्शन करने में कितना खर्च आता है।
अगर आप बिना किसी पेड सुविधा के पैदल जाते हैं तो यात्रा पर्ची के लिए कोई पैसा नहीं देना पड़ता। दूसरी ओर हेलिकॉप्टर से जाने पर टिकट का खर्च जुड़ जाता है। इसके अलावा यात्रा के दौरान घोड़ा, पिट्ठू, पालकी या बैटरी कार जैसी सुविधाएं लेने पर अलग से पैसा देना पड़ सकता है। यहां हम इन्हीं सुविधाओं का खर्च समझेंगे।
पैदल यात्रा में कितना खर्च आएगा?
वैष्णो देवी भवन तक पहुंचने के लिए कटरा से करीब 13 किलोमीटर का पैदल रास्ता है। अगर आप घोड़े, पालकी या किसी दूसरी पैसे वाली सुविधा का इस्तेमाल नहीं करते हैं और पैदल जाते हैं तो यात्रा के लिए अलग से कोई शुल्क नहीं देना पड़ता। यात्रा पर्ची भी मुफ्त मिलती है। रहने के लिए श्राइन बोर्ड की डॉर्मिटरी की सुविधा भी मिलती है जिसकी कुछ जगहों पर कीमत 150 रुपये प्रति बेड से शुरू होती है। हालांकि रहने और खाने का खर्च आपकी पसंद और सुविधा के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है।
यह भी पढ़ें: मणिमहेश यात्रा 2026: हर दिन 5000 लोग कर पाएंगे दर्शन, रजिस्ट्रेशन है जरूरी
हेलिकॉप्टर से जाने पर कितना खर्च होगा?
हेलिकॉप्टर से यात्रा करने वालों को किराए के रूप में ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ते हैं। Wonder World Travels की 2026 की जानकारी के अनुसार, कटरा से संजीछत तक हेलिकॉप्टर का किराया 2,320 रुपये प्रति व्यक्ति एक तरफ और 4,640 रुपये आने-जाने का है। हालांकि हेलिकॉप्टर का किराया समय के साथ बदल सकता है इसलिए बुकिंग से पहले मौजूदा रेट जरूर चेक कर लें। हेलिकॉप्टर से संजीछत पहुंचने के बाद भी भवन तक करीब 2.5 किलोमीटर का रास्ता तय करना पड़ता है। यानी हेलिकॉप्टर लेने के बाद भी यात्रा पूरी तरह खत्म नहीं होती।
अगर रहने, खाने और जरूरी छोटे खर्च को जोड़ दिया जाए तो एक व्यक्ति के लिए हेलिकॉप्टर से वैष्णो देवी यात्रा का स्थानीय बजट करीब 6,000 से 8,000 रुपये तक हो सकता है। वहीं पैदल यात्रा में यह खर्च करीब 1,000 से 2,000 रुपये तक रह सकता है।
यह भी पढ़ें: धार्मिक यात्रा कराएगी 'भारत गौरव डीलक्स' ट्रेन, क्या-क्या होगा खास? सब जानिए
किसके लिए कौन सा तरीका बेहतर है?
अगर आप कम बजट में यात्रा करना चाहते हैं और पैदल चलने में परेशानी नहीं है तो पैदल यात्रा बेहतर विकल्प है। वहीं बुजुर्गों, बच्चों या कम समय में दर्शन करने वाले यात्रियों के लिए हेलिकॉप्टर सुविधाजनक हो सकता है।
ध्यान रखें कि हेलिकॉप्टर टिकट की बुकिंग केवल श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से ही करनी चाहिए। श्राइन बोर्ड ने कहा है कि उसकी सेवाओं की बुकिंग के लिए किसी निजी ट्रैवल एजेंट को जिम्मेदारी नहीं दी गई है।
