राशन कार्ड आज के समय में हर एक आम आदमी की जरूरत बन गया है। इस कार्ड में जितने परिवार के सदस्य दर्ज होते हैं उन्हें उतना ही ज्यादा राशन मिलता है। अक्सर ऐसा होता है कि परिवार में किसी नए सदस्य का नाम (जैसे शादी के बाद पत्नी, नया जन्मा बच्चा या कोई अन्य सदस्य) राशन कार्ड में जुड़ा नहीं होता है। अगर आपके घर में किसी नए सदस्य का नाम राशन कार्ड में जोड़ना है तो अब यह काम पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। कई राज्यों में यह सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध है जबकि ऑफलाइन विकल्प भी मौजूद हैं।

 

राशन कार्ड के बिना गरीब और मध्यम वर्ग के लोग सरकार की ओर से मिलने वाले मुफ्त या सस्ते राशन का लाभ नहीं उठा सकते हैं। पहले इसमें नाम दर्ज कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे लेकिन अब सरकार ने घर बैठे नाम दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध करा दी है। आइए जानते हैं कि राशन कार्ड में नाम जोड़ने की पूरी प्रक्रिया क्या है और इसके लिए किन दस्तावेजों की जरूरत पड़ती है।

 

यह भी पढ़ें: RTI कैसे फाइल करें? जानें ऑनलाइन आवेदन का आसान तरीका

राशन कार्ड में किसका नाम जुड़ सकता है?

  • नवजात बच्चे का नाम
  • शादी के बाद पति या पत्नी का नाम
  • परिवार के किसी नए सदस्य का नाम
  • गोद लिए गए बच्चे का नाम

राशन कार्ड में नाम जोड़ने के लिए जरूरी दस्तावेज

नाम जोड़ने के लिए आमतौर पर इन दस्तावेजों की जरूरत पड़ सकता है-

  • मौजूद राशन कार्ड
  • आधार कार्ड
  • परिवार के मुखिया का आधार कार्ड
  • निवास प्रमाण पत्र 
  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • मोबाइल नंबर
  • नवजात के लिए जन्म प्रमाण पत्र
  • शादी के बाद नाम जोड़ने के लिए विवाह प्रमाण पत्र

ध्यान दें कि अलग-अलग राज्यों में दस्तावेजों की सूची थोड़ी अलग हो सकती है।

 

यह भी पढ़ें: नौकरी बदलने के बाद ऐसे करें PF ट्रांसफर, घर बैठे पूरा होगा काम

राशन कार्ड में ऑनलाइन नाम कैसे जोड़े?

राशन कार्ड में ऑनलाइन नाम दर्ज कराने के लिए आपको Mera Ration 2.0 ऐप की जरूरत होगी।

स्टेप 1: सबसे पहले Google Play Store से Mera Ration 2.0 ऐप डाउनलोड करें।

स्टेप 2: ऐप खोलकर आधार नंबर दर्ज करें। आधार से मोबाइल नंबर लिंक होना जरूरी है।

स्टेप 3: OTP डालकर लॉग इन करें और एक PIN सेट करें।

स्टेप 4: अब Family Details (परिवार विवरण) पर क्लिक करें।

स्टेप 5: New Member या नया सदस्य जोड़ने का विकल्प चुनें।

स्टेप 6: नए सदस्य का नाम, आधार नंबर, उम्र और रिश्ते जैसी जानकारी भरें।

स्टेप 7: जरूरी दस्तावेज अपलोड करके Submit पर क्लिक कर दें।

राशन कार्ड में ऑफलाइन नाम कैसे जोड़े?

अगर आपके यहां ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं है तो आप ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।

स्टेप 1: नजदीकी राशन कार्यालय, खाद्य एवं रसद विभाग, CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) या जन सेवा केंद्र जाएं।

स्टेप 2: राशन कार्ड में नाम जोड़ने का आवेदन फॉर्म लें।

स्टेप 3: फॉर्म में सभी जानकारी सही-सही भरें।

स्टेप 4: जरूरी दस्तावेजों की फोटो कॉपी फॉर्म के साथ जमा करें।

स्टेप 5: आवेदन जमा करने के बाद रसीद या आवेदन नंबर जरूर लें।

स्टेप 6: दस्तावेजों की जांच के बाद नया सदस्य राशन कार्ड में जोड़ दिया जाएगा। कुछ मामलों में सत्यापन के लिए अधिकारी घर भी आ सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: गलत UPI ट्रांजैक्शन हो जाए तो घबराएं नहीं, ऐसे वापस पा सकते हैं अपना पैसा

नाम जोड़ने में कितना समय लगता है?

आवेदन जमा होने के बाद संबंधित विभाग दस्तावेजों की जांच करता है। जांच पूरी होने के बाद नए सदस्य का नाम राशन कार्ड में जोड़ दिया जाता है। इसमें लगने वाला समय राज्य और स्थानीय प्रक्रिया के अनुसार अलग-अलग हो सकता है।

अगर आधार से मोबाइल नंबर लिंक नहीं है तो क्या करें?

अगर आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक नहीं है तो पहले उसे अपडेट कराना होगा। इसके लिए UIDAI की वेबसाइट पर अपॉइंटमेट बुक कर सकते हैं या नजदीकी आधार सेवा केंद्र जाकर मोबाइल नंबर अपडेट करा सकते हैं। इसके बाद Mera Ration 2.0 ऐप में आसानी से लॉग इन किया जा सकेगा।