अगर आपने नया घर लिया है या किसी दूसरे शहर में शिफ्ट हो गए हैं तो आधार कार्ड में नया पता अपडेट करना जरूरी है। अच्छी बात यह है कि अब इसके लिए हर बार आपको आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अगर आपका मोबाइल नंबर आधार से लिंक है तो आप घर बैठे ऑनलाइन पता अपडेट करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) की ऑनलाइन सेवा के जरिए यह काम कुछ आसान स्टेप्स में पूरा किया जा सकता है।

 

UIDAI ने हाल ही में उन लोगों के लिए डॉक्यूमेंट अपडेट करना अनिवार्य कर दिया है जिनका आधार कार्ड 10 साल से ज्यादा पुराना है। आपको बस एक रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और एक सटीक पते का प्रमाण चाहिए। UIDAI की इस प्रक्रिया में न सिर्फ समय की बचत होती है बल्कि लंबी लाइनों और अपॉइटमेंट के झंझट से भी छुटकारा मिल जाता है। 

 

यह भी पढ़ें: घर बैठे ऐसे करें अपना पासपोर्ट रिन्यू, जानें किन डॉक्यूमेंट की होगी जरूरत

आधार कार्ड में ऑनलाइन पता कैसे बदलें?

  • सबसे पहले myAadhaar पोर्टल पर जाएं
  • अपना आधार नंबर दर्ज करें
  • रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर जो  OTP आएगा उससे लॉगिन करें
  • Address Update का विक्लप चुने
  • नया पता सही-सही भरें
  • पते का वैध दस्तावेज अपलोड करें
  • जरूरी शुल्क का भुगतान करें
  • आवेदन सबमिट करने के बाद आपको SRN (Service Request Number) मिलेगा। इसी नंबर से आप अपने आवेदन का स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं।

किन दस्तावेजों की जरूरत पड़ेगी?

ऑनलाइन पता बदलने के लिए आपके पास नए पते का वैध दस्तावेज होना चाहिए। जैसे-

  • बिजली का बिल
  • पानी का बिल
  • बैंक पासबुक
  • पासपोर्ट
  • वोटर आईडी
  • गैस कनेक्शन का बिल
  • राज्य या केंद्र सरकार द्वारा जारी पता प्रमाण पत्र

ध्यान रखें कि दस्तावेज उसी व्यक्ति के नाम पर होना चाहिए जिसका आधार अपडेट किया जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: जन्म प्रमाण पत्र ऑनलाइन कैसे बनवाएं, आखिर कितना जरूरी है?

ऑनलाइन आवेदन करते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • मोबाइल नंबर आधार से लिंक होना चाहिए
  • दस्तावेज साफ और रंगीन (Color Scan) में अपलोड करें
  • जो पता भर रहें हैं वही पता दस्तावेज में भी होना चाहिए
  • गलत या धुंधले दस्तावेज अपलोड करने पर आवेदन रिजेक्ट हो सकता है

आवेदन का स्टेटस कैसे देखें?

आवेदन जमा होने के बाद मिले SRN नंबर की मदद से myAadhaar पोर्टल पर जाकर अपडेट का स्टेटस चेक किया जा सकता है। आमतौर पर ऑनलाइन सुधार को डेटाबेस में अपडेट होने में करीब 30 दिनों का समय लगता है। एक बार वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद आप पोर्टल से अपना अपडेटेड ई-आधार डाउनलोड कर सकते हैं।

अगर ऑनलाइन अपडेट नहीं हो रहा हो तो क्या करें?

यदि आपका मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं है या ऑनलाइन आवेदन में दिक्कत आ रही है तो आप नजदीकी आधार सेवा केंद्र जाकर भी पता अपडेट करा सकते हैं।