अगर हर महीने आपकी सैलरी से PF कटता है, तो आपके लिए अच्छी खबर है। अब आपको अपना PF बैलेंस चेक करने या पासबुक डाउनलोड करने के लिए EPFO की वेबसाइट पर बार-बार लॉगिन करने की जरूरत नहीं होगी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने WhatsApp के जरिए PF से जुड़ी कई सेवाएं शुरू की हैं। इससे पहले कर्मचारियों को इस जानकारी के लिए ऑनलाइन EPFO की वेबसाइट पर जाना होता था और फिर उन्हें यह जानकारी मिलती थी लेकिन अब यह प्रोसेस काफी ज्यादा आसान हो गया है।

 

इस सुविधा की मदद से कर्मचारी घर बैठे अपना PF बैलेंस देख सकते हैं, खाते में हुए आखिरी 5 ट्रांजैक्शन की जानकारी ले सकते हैं और अपनी PF पासबुक भी डाउनलोड कर सकते हैं। यह सुविधा 1 नवंबर 2026 से शुरू की गई है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने EPFO के 74वें स्थापना दिवस के मौके पर इसकी शुरुआत की। इसका मकसद कर्मचारियों को PF से जुड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराना है।

 

यह भी पढ़ें: 'मोदी सख्त इंसान हैं...', PM के सामने फिर क्यों बोल गए ट्रंप?

 

WhatsApp पर PF बैलेंस कैसे चेक करें?

इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए सबसे पहले आपको अपने मोबाइल में EPFO का आधिकारिक WhatsApp नंबर +91 87964 41800 सेव करना होगा। इसके बाद WhatsApp खोलकर इस नंबर पर Hi लिखकर मैसेज भेजें। आपको EPFO की तरफ से एक स्वागत संदेश मिलेगा और आपको अपनी पसंद की भाषा चुनने का विकल्प मिलेगा। इसे आप अपनी पसंद की भाषा पर सेट कर पाएंगे। 

 

इसके बाद इसके बाद स्क्रीन पर कई विकल्प दिखाई देंगे। यहां आपको चेक बैलेंस का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद वेरिफिकेशन के लिए आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। यह OTP डालने के बाद अगर आपके UAN से एक से ज्यादा PF अकाउंट जुड़े हैं, तो आपको उन में से जिस अकाउंट का बैलेंक आप चेक करना चाहते हैं वह अकाउंट चुनना होगा। इसके बाद आपके PF खाते में जमा रकम की जानकारी WhatsApp पर मिल जाएगी। इसमें कर्मचारी और कंपनी के योगदान की जानकारी भी दी जाएगी। 

 

आखिरी 5 PF ट्रांजैक्शन कैसे देखें?

अगर आप यह जानना चाहते हैं कि आपकी कंपनी ने आखिरी बार PF में पैसा कब जमा किया या खाते से कोई रकम निकाली गई है या नहीं, तो इसके लिए भी WhatsApp पर सुविधा मिलेगी। सबसे पहले EPFO के आधिकारिक नंबर पर Hi भेजना होगा और फिर से ऊपर बताया गया प्रोसेस फॉलो करना होगा।  इसके बाद मेन्यू में लास्ट 5 ट्रांजेक्शन का ऑप्शन चुनना होगा। वेरिफिकेशन के बाद आपके खाते में हुए पिछले पांच लेनदेन की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी। इससे कर्मचारी यह भी जांच सकते हैं कि कंपनी की तरफ से PF का पैसा समय पर जमा किया जा रहा है या नहीं।

 

यह भी पढ़ें: आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग केस में भी मिली जमानत, जेल से बाहर आ पाएंगे या नही?

WhatsApp से PF पासबुक कैसे डाउनलोड करें?

PF पासबुक डाउनलोड करने के लिए भी आपको इसी नंबर पर Hi भेजना होगा। इसके बाद वही प्रोसेस फिर से दोहराना होगा और मेन्यू में डाउनलोड पासबुक का ऑप्शन चुनना होगा। इसके बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज करके वेरिफिकेशन पूरा करें। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पासबुक PDF डाउनलोड करने का विकल्प मिलेगा। इस पासबुक में कर्मचारी और कंपनी के योगदान, जमा रकम, निकासी और ब्याज से जुड़ी एंट्री देखी जा सकती हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, पासबुक की पीडीएफ को खोलने के लिए पासकोड की जरूरत हो सकती है। हालांकि, इस बारे में अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।