आज के समय में ज्यादातर लोग ऑनलाइन पेमेंट के लिए यूपीआई का इस्तेमाल करते हैं। इससे कुछ ही सेकंड में पैसे ट्रांसफर हो जाते हैं। कई बार ऐसा भी होता है कि बैंक खाते से पैसे कट जाते हैं लेकिन सामने वाले के खाते में नहीं पहुंचते और ट्रांजैक्शन फेल्ड या पेंडिंग दिखाने लगता है। ऐसी स्थिति में लोग घबरा जाते हैं कि उनका पैसा वापस आएगा या नहीं।
अगर आपके साथ भी ऐसा हुआ है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। ज्यादातर मामलों में फेल हुए यूपीआई ट्रांजैक्शन का पैसा अपने आप वापस बैंक खाते में आ जाता है लेकिन अगर तय समय के बाद भी रिफंड नहीं मिलता है तो इसकी शिकायत भी की जा सकती है। आइए जानते हैं कि यूपीआई फेल होने पर क्या करना चाहिए और पैसी वापस पाने का सही तरीका क्या है।
यह भी पढ़ें: प्रोडक्ट खराब निकले तो कंज्यूमर कोर्ट में शिकायत कैसे करें? जानिए आसान तरीका
सबसे पहले ट्रांजैक्शन का स्टेटस चेक करें
अगर पैसे कट गए हैं तो सबसे पहले अपने यूपीआई में जाकर ट्रांजैक्शन हिस्ट्री देखें। वहां आपको पता चल जाएगा कि ट्रांजैक्शन फेल्ड, पेंडिंग या सक्सेसफुल है। अगर ट्रांजैक्शन सफल हो गया है तो यह मामला अलग होगा लेकिन अगर स्टेटस फेल्ड या पेंडिंग है तो रिफंड मिलने की संभावना रहती है।
पैसा वापस आने में कितना समय लगता है?
अगर यूपीआई ट्रांजैक्शन फेल हो गया है तो कई मामलों में पैसा कुछ मिनटों या कुछ घंटों के भीतर वापस आ जाता है। हालांकि बैंक और पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर के आधार पर इसमें थोड़ा समय लग सकता है। अगर तय समय के बाद भी पैसा वापस नहीं आता है तो शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
रिफंड नहीं मिले तो क्या करें?
अगर काफी समय बीतने के बाद भी पैसा वापस नहीं आया है तो सबसे पहले उसी UPI ऐप में शिकायत दर्ज करें जिससे आपने भुगतान किया था। शिकायत करते समय ट्रांजैक्शन आईडी (UTR) और दूसरी जरूरी जानकारी अपने पास रखें। अगर ऐप से समाधान नहीं मिलता है तो अपने बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क करें। जरूरत पड़ने पर बैंक की शिकायत प्रणाली या NPCI के शिकायत पोर्टल के जरिए भी शिकायत की जा सकती है।
शिकायत करते समय किन चीजों की जरूरत होगी?
- ट्रांजैक्शन आईडी (UTR Number)
- ट्रांजैक्शन की तारीख और समय
- भेजी गई रकम
- बैंक खाते और यूपीआई ऐप की जानकारी
यह भी पढ़ें: नया PAN-Aadhaar लिंक स्टेटस ऑनलाइन कैसे चेक करें? घर बैठे पता करें
ऐसी परेशानी से कैसे बचें?
यूपीआईसे भुगतान करते समय जल्दबाजी न करें। पैसे भेजने से पहले यूपीआई आईडी या मोबाइल नंबर एक बार जरूर जांच लें। पेमेंट के दौरान इंटरनेट कनेक्शन भी सही होना चाहिए। अगर ट्रांजैक्शन पेंडिंग दिख रहा है तो बार-बार उसी रकम का भुगतान करने से बचें। पहले उसका स्टेटस साफ होने का इंतजार करें।
