सोना खरीदना हर किसी के लिए बड़ी खरीदारी होती है। शादी, त्योहार या किसी खास मौके पर लोग सोने की ज्वेलरी खरीदते हैं लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि जो सोना हम खरीद रहे हैं वह कितना शुद्ध है? सिर्फ सोने का रंग और चमक देखकर यह पता लगाना आसान नहीं है कि गहना असली है या उसमें दूसरी धातु ज्यादा मिली हुई है। इसलिए सोना खरीदते समय उसकी शुद्धता जरूर जांचनी चाहिए।
सोने की शुद्धता जानने के लिए सबसे भरोसेमंद चीज बीआईएस हॉलमार्क और एचयूआईडी नंबर है। इसके अलावा कैरेट और प्योरिटी नंबर देखकर भी समझा जा सकता है कि गहने में कितना सोना है। कई लोग घर पर चुंबक और विनेगर की मदद से सोने की शुद्धता जांचते हैं लेकिन इन तरीकों से सोने की शुद्धता की पक्की पुष्टि नहीं होती है। इसलिए सिर्फ इन घरेलू तरीकों के आधार पर सोने को असली या नकली मानना सही नहीं है।
यह भी पढ़ें: 15 अगस्त पर प्रधानमंत्री के भाषण की परंपरा कब शुरू हुई? जानें इसकी पूरी कहानी
सबसे पहले गहने पर देखें BIS हॉलमार्क
सोने का गहना खरीदते समय सबसे पहले उस पर बीआईएस हॉलमार्क जरूर देखें। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) सोने की हॉलमार्किंग और उसकी शुद्धता से जुड़ी व्यवस्था देखता है।हॉलमार्क सोने के गहने पर आमतौर पर बीआईएस का लोगो, सोने की शुद्धता और 6 अंकों का एचयूआईडी नंबर दिया जाता है। एचयूआईडी (Hallmark Unique Identification Number) हर हॉलमार्क वाले गहने की पहचान के लिए दिया जाता है। इसे बीआईएस केयर एप में वैरिफाई एचयूआईडी फीचर की मदद से चेक किया जा सकता है।
गहने पर लिखे नंबर से भी सोने की शुद्धता का पता चलता है। उदाहरण के लिए 22K916 का मतलब है कि सोना 22 कैरेट का है और इसमें 91.6 प्रतिशत सोना है। इसी तरह 18K750 में 75 प्रतिशत और 14K585 में 58.5 प्रतिशत सोना होता है।
सिर्फ रंग देखकर असली सोना न खरीदें
कई लोगों को लगता है कि ज्यादा चमकदार या पीला सोना ही ज्यादा शुद्ध होगा लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। सोने की शुद्धता सिर्फ देखकर पता नहीं लगाई जा सकती। इसलिए गहने का रंग, चमक या वजन देखकर ही उसे असली मान लेना सही नहीं है। अगर आप गहना खरीद रहे हैं तो हॉलमार्क, प्योरिटी नंबर और एचयूआईडी जरूर चेक करें। यही चीजें देखकर आपको सोने की क्वालिटी के बारे में ज्यादा सही जानकारी मिलेगी।
यह भी पढ़ें: घर पर कब फहराएं तिरंगा? जाने तिरंगा फहराने के नियम-कानून क्या हैं?
बीआईएस केयर ऐप से एचयूआईडी कैसे चेक करें?
अगर आपने हॉलमार्क वाला गहना खरीदा है या खरीदने जा रहे हैं तो एचयूआईडी नंबर को बीआईएस केयर ऐप पर चेक कर सकते हैं।
- फोन में बीआईएस केयर ऐप खोलें।
- इसमें वेरिफाई एचयूआईडी का विकल्प चुनें।
- गहने पर लिखा 6 अंकों का एचयूआईडी नंबर डालें।
- इसके बाद गहने से जुड़ी उपलब्ध जानकारी स्क्रीन पर देखी जा सकती है।
सोना खरीदते समय बिल जरूर लें
सोना खरीदते समय दुकानदार से पक्का बिल जरूर लें। बिल में गहने की जानकारी, वजन और दूसरी जरूरी चीजें ठीक से देख लें। साथ ही गहने पर मौजूद हॉलमार्क और एचयूआईडी को भी चेक करें। अगर हॉलमार्क वाली ज्वेलरी की शुद्धता पर बाद में कोई सवाल उठता है तो बीआईएस की मान्यता प्राप्त जांच केंद्र से इसकी जांच कराई जा सकती है।
