गर्भवती महिलाओं और बच्चों को दूध पिलाने वाली यानी स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए केंद्र सरकार ने एक खास योजना चलाई है। इस योजना का नाम प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) है। इस योजना के तहत सरकार गर्भवती या स्तनपान करवाने वाली महिलाओं को आर्थित मदद करती है। इस योजना के तहत सरकार बच्चे और मां की हेल्थ के लिए मदद देती है। इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए आपको PMMVY की आधिकारिक वेबसाइट https://pmmvy.wcd.gov.in/ पर जाना होगा।
इस योजना का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए आर्थिक सहायता देना है। यह सहायता पहले बच्चे पर ही दी जाएगी। हालांकि, अगर दूसरा बच्चा लड़की है तो भी इस योजना का लाभ मिल सकता है। इस योजना को महिला और बाल विकास मंत्रालय चला रहा है। इसके जरिए मिलने वाली मदद की राशि सीधा लाभार्थी मां के बैंक अकाउंट में आएगी।
यह भी पढ़ें-- AQI 400 पार, कौन सा मास्क प्रदूषण से बचा सकता है? डिटेल में समझिए

इस तरह मिलेगा लाभ
- पहले बच्चे पर- पहले बच्चे पर कुल 5,000 रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी। इसके लिए पहली किश्त जब महिला प्रेग्नेंट होगी तो उस समय रजिस्ट्रेशन करवाने पर मिलेगी। पहली किश्त में 3,000 रुपये मिलेंगे। दूसरी किश्त बच्चे के जन्म के बाद मिलेगी, जब बच्चे का शुरुआती टीकाकरण पूरा हो जाता है।
- दूसरे बच्चे पर- इस योजना का लाभ सिर्फ पहले बच्चे के लिए ही मिल सकता है। हालांकि, अगर दूसरा बच्चा लड़की होती है तो इस योजना का लाभ दूसरे बच्चे के लिए भी मिल सकता है। अगर दूसरा बच्चा लड़की है तो बच्ची के जन्म के बाद शुरुआती टीकाकरण पूरा होने के बाद राशि मिल जाएगी। दूसरे बच्चे पर 6,000 रुपये एक ही किश्त में मिल जाएंगे।
कौन कर सकता है अप्लाई?
- कोई भी प्रेग्नेंट महिला जिसकी उम्र कम से कम 19 साल है।
- अप्लाई करने वाली महिला किसी नौकरी में होनी चाहिए और प्रेगनेंसी के कारण उसे सैलरी की हानि होनी चाहिए।
- पहले बच्चे पर ही लाभ मिलेगी। हालांकि, दूसरा बच्चा अगर लड़की है तो लाभ मिल सकता है।
- PMMVY पॉर्टल पर जाकर अप्लाई कर सकते हैं।
- BPL राशन कार्ड धारक महिला भी अप्लाई कर सकती है।
- एससी और एसटी कैटेगरी की महिलाएं भी अप्लाई कर सकती हैं।
- ई-श्रम कार्ड जिन महिलाओं के पास है वह भी इसके लिए अप्लाई कर सकती हैं।
- किसान सम्मान निधि का लाभ ले रही महिलाएं भी अप्लाई कर सकती हैं।
- मनरेगा का जॉब कार्ड जिन महिलाओं के पास है।
- 8 लाख से कम आय वाले परिवार की महिलाएं।
ऐसे करें अप्लाई?
- इस योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन अप्लाई करना होगा।
- सबसे पहले https://pmmvy.wcd.gov.in/ पर जाएं।
- 'नागरिक रजिस्ट्रेश' पर क्लिक करके डिटेल्स भरें।
- अकाउंट बनने के बाद लोगिन करें।
- इस योजना के लिए अप्लाई करें।
- सारी डिटेल्स भरने के बाद सब्मिट कर दें।
यह भी पढ़ें- आपको ज्यादा ठंड क्यों लगती है? ये विटामिन हैं जिम्मेदार
इन डॉक्यूमेंट्स की पड़ेगी जरूरत
- आधार कार्ड
- बैंक पासबुक (आधार से लिंक होनी चाहिए)
- योग्यता प्रमाण
- MCP/RCHI कार्ड
- LMP डेट
- ANC डेट
- बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र
