अगर आपने पुरानी नौकरी छोड़ दी है और अब तक अपना प्रोविडेंट फंड (PF) नहीं निकाला है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। अब EPFO यानी कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की ऑनलाइन सुविधा के जरिए घर बैठे ही पीएफ का पैसा निकाला जा सकता है। इसके लिए किसी एजेंट या EPF ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती है। बस आपके UAN से आधार, पैन और बैंक खाता लिंक होना चाहिए। अगर आपने नई नौकरी जॉइन कर ली है तो आमतौर पर पुराना पीएफ निकालने के बजाय उसे नए पीएफ खाते में ट्रांसफर करना बेहतर माना जाता है।

 

कई लोग नौकरी छोड़ने के बाद यह समझ नहीं पाते हैं कि पीएफ का पैसा कैसे निकाला जाए या किन दस्तावेजों की जरूरत होती है। इसी वजह से उनका पैसा लंबे समय तक खाते में पड़ा रहता है। ऐसे में अगर आप भी अपना पीएफ निकालना चाहते हैं तो पहले कुछ जरूरी बातें जान लें और फिर सही तरीके से ऑनलाइन क्लेम करें।

 

यह भी पढ़ें: UPI ट्रांजैक्शन फेल होने पर पैसा वापस कैसे मिलेगा? जानिए आसान तरीका

ऑनलाइन क्लेम से पहले ये बातें जरूर जांच लें

ऑनलाइन आवेदन करने से पहले यह देख लें कि आपका UAN एक्टिव है या नहीं। इसके अलावा, पैन और बैंक खाते की KYC पूरी होनी चाहिए। बैंक खाते का नंबर और IFSC सही होना जरूरी है। अगर आपने नौकरी छोड़ दी है तो EPFO रिकॉर्ड में Date of Exit भी अपडेट होना चाहिए। इनमें कोई भी जानकारी गलत होने पर आपका क्लेम अटक सकता है।

ऐसे करें ऑनलाइन पीएफ क्लेम

  • सबसे पहले EPFO Member Portal पर जाएं और UAN व पासवर्ड से लॉगिन करें।
  • Online Services में जाकर Claim (Form-31, Form-19 और Form-10C) का विकल्प चुनें।
  • अपना बैंक अकाउंट नंबर दर्ज करके उसे वेरिफाई करें।
  • अब अपनी जरूरत के अनुसार क्लेम का प्रकार चुनें।
  • सभी जानकारी भरने के बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP से आवेदन सबमिट कर दें।
  • आवेदन जमा होने के बाद उसका स्टेटस भी ऑनलाइन चेक किया जा सकता है।

नई नौकरी जॉइन कर ली है तो क्या करें?

अगर आपने पुरानी नौकरी छोड़ने के बाद नई नौकरी शुरू कर दी है तो पीएफ निकालने के बजाय उसे नए पीएस खाते में ट्रांसफर करना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। इससे आपकी नौकरी की सर्विस लगातार जुड़ी रहती है और रिटायरमेंट के समय ज्यादा पैसा जमा होता है। EPFO ने अब PF ट्रांसफर की प्रक्रिया पहले से काफी आसान कर दी है और कई मामलों में यह ऑनलाइन ही पूरी हो जाती है।

 

यह भी पढ़ें: बारिश के मौसम में खराब न हो जाए बाइक और कार, देखभाल का सबसे आसान तरीका जानिए

कितने दिन में खाते में आ जाता है पैसा?

अगर सभी दस्तावेज और KYC सही हैं तो EPFO क्लेम की जांच के बाद पीएफ की राशि सीधे आपके बैंक खाते में भेज देता है। हालांकि पैसा आने में कितना समय लगेगा यह आपके आवेदन और दस्तावेजों की जांच पर निर्भर करता है। इसलिए आवेदन करने से पहले सभी जानकारी एक बार जरूर जांच लें।

ऑनलाइन क्लेम का स्टेटस कैसे देखें?

आवेदन करने के बाद EPFO Member Portal पर लॉगिन करें। इसके बाद Online Services में जाकर Track Claim Status पर क्लिक करें। यहां आपको पता चल जाएगा कि आपका क्लेम किस स्टेज पर है और पैसा कब तक खाते में आ सकता है।