भारत में लग्जरी कारों के शौकीनों के लिए अब एक नया ठिकाना खुल गया है। लग्जरी कारों की जानी-मानी कंपनी 'Big Boy Toyz' (BBT) ने अपने 'ऑक्शन हाउस' की शुरुआत की है। इसे देश का पहला ऐसा प्लेटफॉर्म बताया जा रहा है जहां महंगी और दुर्लभ चीजों की नीलामी होगी। इस लॉन्च इवेंट ने तब सुर्खियां बटोरीं जब कंपनी के मालिक जतिन आहूजा की अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट 'DDC 001' पूरे 2.08 करोड़ रुपये में नीलाम हुई। आपको बता दें कि इस गाड़ी की कीमत 10 लाख से भी कम है।
इस नंबर प्लेट को आंध्र प्रदेश के गुंटूर के रहने वाले किरण कोलपाकुला ने खरीदा है। इसके साथ ही यह भारत में अब तक की सबसे महंगी बिकने वाली नंबर प्लेट बन गई है। BBT के फाउंडर जतिन आहूजा का कहना है कि पिछले 20 सालों में उन्होंने लोगों का जो भरोसा जीता है, उसी का नतीजा है कि लोग आज इतनी बड़ी रकम के लिए भी उन पर भरोसा कर रहे हैं। उनका सपना इस प्लेटफॉर्म को दुनिया के मशहूर 'RM Sotheby’s' जैसा बनाने का है।
यह भी पढ़ें: 'एक रुपया भी नहीं कमाया' वाले बयान पर माफी क्यों मांगने लगीं मैरी कॉम?
नीलामी में और क्या-क्या खास है?
सिर्फ नंबर प्लेट ही नहीं, इस ऑक्शन हाउस में बॉलीवुड और खेल जगत की हस्तियों की गाड़ियां भी शामिल हैं। जैसे- दिनेश कार्तिक की रेंज रोवर स्पोर्ट (SVR), शिल्पा शेट्टी की लग्जरी मेबैक GLS 600 और डायरेक्टर रोहित शेट्टी की मर्सिडीज-बेंज CLA। गाड़ियों के अलावा यहां रोलेक्स और ह्यूब्लोजैसी महंगी घड़ियां भी नीलामी के लिए रखी गई हैं। इतना ही नहीं, अगर आप खास मोबाइल नंबर के शौकीन हैं, तो यहां '999999999X' जैसे 'फैंसी' नंबर भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
यह भी पढ़ें: श्मशान जाने से रोका, गिड़गिड़ाए घरवाले, महादलित महिला का सड़क पर अंतिम संस्कार
पुराने रिकॉर्ड टूटे
इससे पहले भारत में सबसे महंगी नंबर प्लेट का रिकॉर्ड केरल के वेणु गोपालकृष्णन के नाम था, जिन्होंने 'KL 07 DG 0007' नंबर अपनी लैम्बोर्गिनी के लिए 46 लाख रुपये में खरीदा था। हाल ही में हरियाणा में भी एक नंबर (HR 88 B 8888) 1.17 करोड़ में बिका था लेकिन उसे खरीदने वाले ने बाद में हाथ पीछे खींच लिए थे, जिसके बाद उस पर जांच भी बैठ गई थी। लेकिन 'DDC 001' की इस डील ने अब तक के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं।
