उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में पुलिस विभाग से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है जिसकी अब सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है। यहां एक ट्रैफिक हेड कांस्टेबल ने पुलिस इंस्पेक्टर के बेटे की कार का 30 हजार रुपये का चालान काट दिया। कार की आगे और पीछे की नंबर प्लेट सफेद कागज से ढकी हुई थीं। इस कार्रवाई के बाद कार ड्राइवर और ट्रैफिक पुलिसकर्मी के बीच विवाद हो गया। मामला इंस्पेक्टर तक पहुंचा और कुछ दिन बाद चालान काटने वाले हेड कांस्टेबल नकुल को लाइन हाजिर कर दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना 16 नवंबर की शाम सूरजपुर घंटा चौक की है। हेड कांस्टेबल नकुल वहां ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान यामाहा तिराहे की तरफ से एक हुंडई क्रेटा कार आई। नकुल ने कार को रुकने का इशारा किया। जांच में पता चला कि कार की आगे और पीछे दोनों नंबर प्लेट सफेद कागज से ढकी हुई थीं। पुलिसकर्मी ने ड्राइवर को गाड़ी से बाहर आने के लिए कहा, लेकिन वह बाहर नहीं आया। इसके बाद ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कार का 30 हजार रुपये का चालान कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: पड़ताल: चीन से तुर्किये तक, सैकड़ों न्यूड वीडियो कॉल एप्स के पीछे कौन?
इंस्पेकटर ने किया फोन
चालान की कार्रवाई से नाराज युवक ने अपने पिता को फोन कर दिया। उसके पिता विनोद कुमार ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर हैं। बेटे का चालान कटने की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंच गए। वहां एसओजी टीम को भी बुलाया गया। इस दौरान हेड कांस्टेबल नकुल ने घटना की जानकारी अपने ट्रैफिक इंस्पेक्टर और ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर को दी। आरोप है कि इसी दौरान इंस्पेक्टर और कांस्टेबल के बीच कहासुनी हुई।
कांस्टेबल को किया लाइन हाजिर
मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो हेड कांस्टेबल नकुल को डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय बुलाया गया और इसके बाद उसे लाइन हाजिर कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांस्टेबल का सीनियर अधिकारियों से बातचीत करने का तरीका ठीक नहीं था और उसने अधिकारियों की बात भी नहीं मानी। वहीं, कांस्टेबल की ओर से आरोप लगाया गया कि चालान काटने के बाद उसके साथ अभद्रता की गई और बाद में उसी को कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
इंस्पेक्टर ने क्या बताया?
इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने चालान काटे जाने की बात स्वीकार की है, लेकिन कांस्टेबल से अभद्रता के आरोपों को गलत बताया है। डीसीपी ट्रैफिक सैय्यद अली अब्बास के मुताबिक, इंस्पेक्टर ने बताया कि उनकी पत्नी काफी समय से बीमार हैं। उनका बेटा अस्पताल से कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट लेने के लिए कार लेकर गया था। डीसीपी ने दोनों पक्षों को बुलाकर उनका पक्ष सुना था।
यह भी पढ़ें: क्या है मेश रेडियो? जिसे BITS के छात्रों ने बनाया; अब सेना की भी निगाह
ADCP ट्रैफिक को सौंपी गई जांच
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके बाद पुलिस विभाग की कार्रवाई पर लोग सवाल उठा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में क्रेटा की नंबर प्लेट पर सफेद कागज लगा दिखाई दे रहा है। मामले की जांच ADCP ट्रैफिक मनीषा सिंह को सौंपी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
