शादी का फैसला सिर्फ नौकरी, सैलरी या परिवार देखकर नहीं होता। दो लोगों की सोच, पसंद-नापसंद, सपने और विचारधारा भी रिश्ते में काफी मायने रखती है। अब शादी का रिश्ता टूटने की एक ऐसी वजह सामने आई है जो चर्चा में है। कर्नाटक की एक महिला ने करीब 40 लाख रुपये सालाना पैकेज वाले युवक से शादी करने से इनकार कर दिया। महिला ने इसकी वजह राहुल गांधी को बताया है। उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस बारे में दावा किया है।
सोशल मीडिया पर यह दावा करने वाली लड़की का नाम आरुही रेड्डी है। उनका यह दावा अब सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है, खासकर इसलिए क्योंकि उन्होंने रिश्ता टूटने की वजह राहुल गांधी से जुड़ी बताई है।
यह भी पढ़ें: काला जादू के नाम पर लड़की से मांगी न्यूड फोटो, इन्फ्लुएंसर हुआ गिरफ्तार
आरुही रेड्डी का पूरा दावा क्या है?
आरुही रेड्डी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा है कि हाल ही में उनके लिए शादी का एक रिश्ता आया था। लड़का देखने में अच्छा था, उसका पैकेज 40 लाख रुपये का था और वह एक अच्छे परिवार से ताल्लुक रखता था। उन्होंने सिर्फ एक वजह से उसे मना कर दिया। उन्होंने बताया कि लड़के की इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर उन्होंने देखा कि वह राहुल गांधी को अपना रोल मॉडल मानता है।
आरुही ने कहा, 'अगर कोई किसी हारनेवाला को अपना रोल मॉडल मानता है तो यह समझना मुश्किल नहीं है कि उसका IQ कितना कम होगा। वह अपने बच्चों को गुलामी, राष्ट्रविरोध और हिंदू विरोध के अलावा और क्या सिखाएगा?' उनका कहना है कि उनके लिए पैसा, खूबसूरती या अच्छा करियर से कहीं ज्यादा उनका देश और धर्म मायने रखता है।
यह भी पढ़ें: कन्नौज में पुलिसकर्मी से क्यों भिड़ पड़े कांवड़िए? इस्तीफे तक आ गई बात
उन्होंने आगे कहा कि एक गर्वित राष्ट्रवादी हिंदू होने के नाते वह ऐसे व्यक्ति को अपना जीवनसाथी कभी स्वीकार नहीं कर सकतीं जो राहुल गांधी को अपना रोल मॉडल मानता हो। शादी का रिश्ता ठुकराने की यह वजह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। लोग बहस कर रहे हैं कि क्या राजनीतिक विचारधारा भी किसी रिश्ते या शादी का फैसला लेने में इतनी बड़ी भूमिका निभा सकती है।
इस घटना को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोगों ने लड़की के फैसले का समर्थन किया और कहा कि रिश्ते में दोनों की राजनीतिक सोच का मिलना भी जरूरी हो सकता है। वहीं, कुछ लोगों का सवाल है कि क्या किसी की राजनीतिक पसंद को उसके व्यक्तित्व, सोच और आर्थिक स्थिरता से ज्यादा महत्व देना सही है?
हालांकि खबरगांव इस बात की पुष्टि नहीं करता कि एक्स पर पोस्ट करने वाली लड़की असली है या एआई से बनाई गई है।
