उत्तर प्रदेश के औरैया की चर्चित यूट्यूबर शिवानी कुमारी और अमेरिकी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मार्विन आची एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उनके वीडियो के लिए नहीं बल्कि उन दोनों के बीच शुरू हुए विवाद को लेकर। उन दोनों की दोस्ती गांव की मेहमाननवाजी, देसी खाने और भारतीय संस्कृति से हुई थी लेकिन अब इसमें कड़वाहट आने लगी है। मार्विन ने शिवानी के खिलाफ वीडियो पोस्ट किया, जिसके बाद शिवानी ने एक वीडियो पोस्ट किया और रोते हुए मार्विन से कुछ सवाल किए। सोशल मीडिया पर लोग अब इन दोनों के विवाद पर अपनी राय भी रख रहे हैं। 

 

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अरियारी गांव की रहने वाली शिवानी कुमारी सोशल मीडिया पर अपने देसी अंदाज और ग्रामीण जीवन से जुड़े वीडियो के लिए जानी जाती हैं। बिग बॉस ओटीटी-3 में शामिल होने के बाद उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई थी। साल 2025 में अमेरिकी कंटेंट क्रिएटर मार्विन आची अपने दोस्तों के साथ शिवानी के गांव पहुंचे थे। सोशल मीडिया के जरिए दोनों की जान-पहचान हुई थी और शिवानी के निमंत्रण पर मार्विन भारत आए थे।

 

यह भी पढ़ें: बेटी ने मंदिर में कर ली लव मैरिज तो बाप ने कर दिया पिंडदान, भाई ने मुंडवाया सिर

 

सोशल मीडिया पर हुए  थे वायरल

शिवानी ने विदेशी मेहमानों का पारंपरिक भारतीय अंदाज में स्वागत किया था। उन्हें बैलगाड़ी की सवारी कराई, गांव की गलियां दिखाई और चूल्हे पर बना देसी खाना खिलाया गया। मार्विन ने भी भारतीय ग्रामीण जीवन का खूब आनंद लिया। उन्होंने चारपाई पर सोने, हैंडपंप से पानी निकालने और देसी खाना खाने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए और अपना अनुभव भी बताया था। उन्होंने भारत के प्रति अपना प्यार जाहिर करते हुए यहां के खाने और लोगों की तारीफ भी की थी। उस समय दोनों की दोस्ती के वीडियो खूब वायरल हुए थे।

क्यों हुआ विवाद?

सितंबर 2026 में मार्विन दूसरी बार भारत आए थे और वह फिर से शिवानी के गांव पहुंचे। इस दौरान शिवानी ने उनका स्वागत करने के लिए स्थानीय लोकपरंपरा टेसू-झेंझी यानी झांसी से किया। स्वागत के लिए शिवानी ने कालिख से मार्विन की मूछें बनाई थीं और चेहरे पर टीका भी लगाया था। इसी को लेकर लोगों ने मार्विन आची को खूब ट्रोल किया था और सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी खूब खिल्ली उड़ाई। इसके बाद मार्विन को यह पसंद नहीं आया। 

शिवानी पर बनाया वीडियो

अमेरिका लौटने के बाद मार्विन आची ने अपने यूट्यूब अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें यह वीडियो बनाना पड़ेगा, खासकर उस इंसान के बारे में, जिस पर उन्होंने भरोसा किया था। मार्विन ने साफ किया कि वह नहीं चाहते कि लोग उनकी बातों का गलत मतलब निकालें। वह किसी देश या उसकी संस्कृति के खिलाफ नहीं बोल रहे हैं, बल्कि सिर्फ भारत में उनके साथ हुई घटना के बारे में बताना चाहते हैं, जिससे उन्हें काफी दुख और निराशा हुई। उन्होंने कहा कि वह भारत यहां की संस्कृति और लोगों को करीब से जानने के लिए आए थे। उन्हें भारत के लोग और यहां की संस्कृति बहुत पसंद है और इसी वजह से उन्होंने भारत आने का फैसला किया था।

 

मार्विन का कहना है कि उन्हें पहले यह समझने का मौका ही नहीं मिला कि उनके साथ क्या किया जा रहा है। उनके चेहरे को पेंट कर दिया गया और आसपास मौजूद लोग इस पूरे घटनाक्रम को देख रहे थे। उन्हें यह भी समझ नहीं आया कि यह भारतीय संस्कृति की कौन-सी परंपरा है और ऐसा उनके साथ क्यों किया गया। उनका सवाल था कि क्या शिवानी का इरादा लाखों लोगों के सामने उनका मजाक उड़ाने का था? 

 

यह भी पढ़ें: गुजरात: गोहत्या के 3 दोषियों को उम्रकैद, कोर्ट ने मनुस्मृति का जिक्र क्यों किया?

शिवानी ने मार्विन से क्या कहा?

मार्विन का वीडियो सामने आने के बाद शिवानी कुमारी ने भी फेसबुक पर अपना पक्ष रखा। इस दौरान वह काफी भावुक नजर आईं और उन्होंने रोते हुए अपनी बात कही। शिवानी ने मार्विन को कहा कि अगर उन्हें उनके किसी व्यवहार से बुरा लगा था तो उन्हें सीधे उनसे बात करनी चाहिए थी। शिवानी ने कहा, 'भैया मैंने हमेशा आपका सम्मान किया है। आप मेरे भारत में आए मेहमान थे और मेरे साथ 15 दिन रुके। अगर मेरी बात खराब लगी थी तो हमसे बात करते मेरे खिलाफ वीडियो डालकर आपको क्या मिल जाएगा।'