इस साल 15 अगस्त को पूरे देश ने 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। जहां देश के कई नेताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया। इसी बीच बिहार की खेल मंत्री और सीतामढ़ी की प्रभारी श्रेयसी सिंह का वीडियो वायरल हो रहा है, जहां भाषण देते वक्त उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को राष्ट्रपति कह दिया था। इसके साथ ही लोकनायक जयप्रकाश नारायण को जनप्रकाश बोल दिया। इसी वजह से सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल होने लगा, जिसके बाद श्रेयसी ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनकी जुबान फिसल गई थी। इस बात को लेकर लोगों ने श्रेयसी पर सवाल उठाया और ट्रोल किया।
श्रेयसी सिंह ने बिहार के सीतामढ़ी में ध्वजारोहण किया, जिसके बाद कई लोगों के सामने मंच पर भाषण देने गईं। श्रेयसी ने अपने भाषण के जरिए स्वतंत्रता सेनानियों के अमर योगदान का जिक्र किया। हालांकि, उनके शब्दों के गलत उच्चारण की वजह से उनका भाषण वायरल हो गया, जिसे देखकर कई लोगों ने अपनी राय दी है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं एल्गोरिदम किंग आर्यन केल्विन? जिसके हर वीडियो पर हैं लाखों व्यूज
वायरल वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि श्रेयसी सिंह भाषण दे रही हैं। उसी दौरान उन्होंने कहा, "साथियों, आज इस स्वतंत्रता दिवस के इस शुभ अवसर पर सभी जिलावासियों का हार्दिक अभिनंदन और ढेरों बधाइयां देती होती हूं। इस अवसर पर राष्ट्रपति महात्मा गांधी, डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद, पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉक्टर भीमराव अंबेडकर, राम मनोहर लोहिया, लोकनायक जनप्रकाश नारायण को संबोधित करती हूं।'
इस समारोह के दौरान आम जनता, पुलिस और जिले के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। श्रेयसी ने सभी लोगों से अपील की कि सभी लोग देश के विकास के लिए अपनी जिम्मेदारियां निभाएं।
यह भी पढ़ें: 'डिप्रेशन हो तो दौड़ जाओ, पेड़ पर चढ़ जाओ...', रवि किशन का एक और वीडियो वायरल
लोगों ने किया ट्रोल
वीडियो वायरल होने के बाद श्रेयसी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'अनजाने में जुबान फिसल गई थी। मुझे इस गलती पर अफसोस है।' इसी बात को लेकर लोगों ने उन्हें ट्रोल किया।
वायरल वीडियो को देखने के बाद एक व्यक्ति ने कहा, 'सही है, इतना बेसिक डिफरेंस न पता हो और जब वही जनता के सामने आ जाए तो कह दो कि जुबान फिसल गई।'
दूसरे व्यक्ति ने कहा, 'आप तो लिखा हुआ पढ़ रही थीं, फिर यह गलती क्यों? आपने अफसोस भी किया तो अंग्रेजी में। दरअसल नेता बनने से पहले वक्ता बनना होता है। आप बिहार से राजनीति करती हैं, जब तक आप आम जनता से हिन्दी में बातचीत नहीं करेंगी, यह गलतियां होती रहेंगी।'
