उत्तर प्रदेश लखनऊ के रहीमाबाद इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बेटे पर अपने मृत पिता का अंगूठा कथित तौर पर जमीन से जुड़े दस्तावेजों पर लगवाया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें व्यक्ति अपने मृत पिता का अंगूठा कागज पर लगाता हुआ दिखाई दे रहा है और आसपास कुछ महिलाएं बैठी हैं। यह पूरा मामला पारिवारिक और जमीन विवाद का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पिता की जमीन अपने नाम करवाने के लिए व्यक्ति ने ऐसा किया। घटना की वीडियो वायरल होने के बाद अब कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
यह पूरा मामला लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां परिवार के बीच जमीन को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि पिता की मौत के बाद उनकी संपत्ति पर अधिकार हासिल करने के लिए बेटे ने ऐसे दस्तावेज तैयार किए, जिनमें मृत पिता के अंगूठे का निशान इस्तेमाल किया गया। इसी वजह से मामला सिर्फ पारिवारिक संपत्ति विवाद न रहकर कथित फर्जीवाड़े तक पहुंच गया है। सवाल उठ रहे हैं कि मृत पिता के साथ एक बेटा ऐसा कैसे कर सकता है और पारिवारिक रिश्तों पर भी सवाल उठ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी विदेश नीति पर दे रहे थे ज्ञान, फिर किसने की मेलोनी पर भद्दी बात?
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि पिता ने अपने बेटे और बहू को बेदखल कर दिया था। बड़ी बेटी ने बताया कि पिता ने बेटे-बहू के व्यवहार से परेशान होकर उन्हे प्रॉपर्टी से बेदखल कर दिया था। अपनी तीनों बेटियों को बाकी प्रॉपर्टी देने की बात कही थी। मृतक छत्रपाल को उसके बेटे ने अपने पैतृक घर से भी निकाल दिया था। इसके बाद वह अपनी बेटियों के पास ही रहता था। उन्होंने बेटियों की सेवा से खुश होकर तीनों को अपनी करीब साढ़े छह बीघा जमीन में से एक-एक बीघा देने की बात कही थी।
अंगूठे का निशान कैसे लगवाया?
मृतक की बेटी के अनुसार, 7 जुलाई को पिता छत्रपाल की तबीयत बिगड़ी थी। इसकी सूचना उनके बेटे महेंद्र को भी दी गई थी और वह अपनी पत्नी के साथ उनसे मिलने के लिए पहुंचा था। इसके बाद वह अपनी बहन के घर से अपने पिता को इलाज के बहाने अपने साथ ले गया। मृतक की बेटी का आरोप है कि भाई के ले जाने के तीन दिन बाद 9 जुलाई को ही पिता की मौत हो गई।
आरोप है कि पिता के शव के अंतिम संस्कार से पहले बेटे ने सादे कागज पर उनका अंगूठा लगवा लिया। इसका एक वीडियो भी पास में खड़े गांव वालों ने बना लिया। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और मृतक के बेटे पर लोग सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह इंसानियत को तार-तार करने वाली घटना है।
यह भी पढ़ें: क्या है फिदेल कास्त्रो और इंदिरा गांधी के गले मिलने की कहानी? वायरल हुआ वीडियो
गांव वालों ने उठाए सवाल
इस घटना के बाद गांव वालों में भी गुस्सा है। गांव वालों का कहना है कि जिसने जीते जी अपने जन्म देने वाले बाप का सम्मान नहीं किया, उसने मौते के बाद उसकी लाश तक को नहीं बख्शा। बेटियां जब अंतिम संस्कार में शामिल होने गांव में आई तो उनके साथ भी उसके दुर्व्यवहार किया। यह सारी साजिश उसने कथित तौर पर जमीन के लिए रचि थी जिससे उसे उसके पिता ने सार्जनिक सूचना के जरिए बेदखल कर दिया था। अभी तक बेटियों ने इस मामले में औपचारिक तौर पर शिकायत दर्ज नहीं करवाई है लेकिन सोशल मीडिया पर आरोपी बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग हो रही है।
