बिहार के पूर्णिया की एक लव स्टोरी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में बनी हई है। जाति की दीवारें तोड़कर बिहार के पूर्णिया जिले की रिया गोस्वामी (18 वर्ष) ने अपनी मर्जी से मिलन पासवान (23 वर्ष) के साथ अंतर्जातीय विवाह कर लिया। रिया के इस फैसले से नाराज परिवार वालों ने उसके जिंदा रहते उसका अंतिम संस्कार कर दिया। यहीं से सोशल मीडिया पर यह मामला चर्चा में आ गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रिया ने कहा कि उन्हें भी इच्छा थी कि उनकी शादी परिवार की मर्जी से हो लेकिन माता-पिता पहले ही बच्चों को डराने-धमकाने लगते हैं। रिया ने बताया कि उनके परिवार वालों ने उनसे कहा था कि अगर उन्होंने दूसरी जाति में शादी की तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। रिया ने परिवार वालों को छोड़कर अपनी मर्जी से शादी कर ली।
यह भी पढ़ें: 'सिस्टम नहीं चाहता सवाल उठें...', राहुल गांधी ने 'छात्रों की गूंज' में क्या कहा?
कौन हैं रिया गोस्वामी और मिलन पासवान?
बता दें कि 18 साल की रिया गोस्वामी का घर बिहार के पूर्णिया जिले के चपय गांव में है। रिया ने अपनी मर्जी से 23 साल के लड़के मिलन पासवान के साथ इंटरकास्ट मैरिज कर ली है। मिलन भी पूर्णिया का रहने वाला है और वह दलित समुदाय से आता है। वहीं रिया एक ब्राह्मण परिवार से आती है। मिलन रिया के भाई का दोस्त था, उसका रिया के घर आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और अब दोनों ने जाति की दीवर तोड़कर एक-दूसरे का हाथ थाम लिया। पूर्णिया कोर्ट में 9 सितंबर को दोनों ने अपनी मर्जी से शादी कर ली थी।
पंचायत में लड़की को वापस भेजने की मांग
गांंव वालों ने बताया कि इसको लेकर गांव में पंचायत भी बैठी, जिसमें लड़के पक्ष के लोगों ने लड़की को वापस भेजने की बात कही। हालांकि, रिया ने अपनी इच्छा से मिलन के साथ जाने की बात कही।
यह भी पढ़ें: दिल्ली की वोटर लिस्ट से गायब अरविंद केजरीवाल का नाम? EC ने दिया जवाब
नाराज परिवार ने जिंदा बेटी की निकाली अर्थी
बेटी के इस फैसले से नाराज परिवार वालों ने कुश से अपनी जिंदा बेटी रिया का पुतला बनाया, उसकी अर्थी सजा और शव यात्रा निकालकर, उसका अंतिम संस्कार कर दिया। रिया के माता-पिता ने पूरे गांव में ऐलान कर दिया कि उनकी बेटी अब मर चुकी है। इंटरकास्ट शादी के बाद रिया अपने ससुराल पहुंच चुकी है घर के बाहर मेला जैसा नजारा है। गांव में रिया के ससुराल के बाहर लोग आ रहे हैं, नेता भी पहुंच रहे है।
