हरियाणा के गुरुग्राम में एक महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक्शन ले लिया है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी कल्याण बैंसला को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने खुद संज्ञान लिया था और सेक्टर 56 पुलिस थाने में मामला दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच की सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस मामले में पुलिस ने आरोपों में BNS की धारा 109 जोड़ी है यानी हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। इस धारा के तहत 10 साल तक की जेल का प्रावधान है।
इस मामले में कल्याणा बैंसला के वकील ने भी उनका पक्ष रखा है। उनका कहना है कि यह यह हिट-एंड-रन का मामला नहीं है बल्कि लापरवाही का मामला है। उनका कहना है कि वे दोनों एक दूसरे से रेस लगा रहे थे और इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है। उन्होंने हत्या की कोशिश जैसी बातों को सिरे से खारिज किया है।
यह भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के PA रहे चंद्रनाथ रथ की मां नंदीग्राम से लड़ेंगी चुनाव
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था जिसमें एक महिला बाइकर को एक तेज रफ्तार कार टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद महिला बाइकर सिया ने आरोप लगाया कि एक कार पहले उनका पीछा कर रही थी और बार-बार उनके पास आ रही थी। उन्होंने कार सवार को दूर रहने के लिए कहा लेकिन कुछ देर बाद कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सिया सड़क पर गिर गईं और उनकी बाइक काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। सिया के बाइक में लगे कैमरे में ही यह वीडियो रिकॉर्ड हुई है।
पुलिस ने खुद दर्ज किया केस
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने खुद मामला दर्ज कर लिया। सिया ने सोशल मीडिया के जरिए गुरुग्राम पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद इस मामले में हत्या के प्रयास से जुड़ी धारा भी जोड़ दी जिसके बाद मामला और भी ज्यादा गंभीर हो गया है।
इस कार के मालिक ने बताया कि कार उनकी है लेकिन हादसे के समय वह खुद कार में नहीं थे। मनीष के मुताबिक, उनके एक दोस्त कल्याण बैंसला ने उनसे कार मांगी थी। वह दो दिन पहले कार लेकर गया था। हालांकि, उनका खुद कल्याण से संपर्क नहीं हो पाया था। इसके बाद अब पुलिस ने कल्याण को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: किशाऊ डैम प्रोजेक्ट पर बन गई सहमति! आज गृहमंत्री अमित शाह करेंगे मीटिंग
कबड्डी खिलाड़ी हैं कल्याण
कल्याण के वकील ने बताया कि वह उन्हें निजी तौर पर जानते हैं और उनके खिलाफ लगाए जा रहे इलजाम गलत हैं। उन्होंने कहा, 'कल्याण बैंसला मेरे गांव के रहने वाले हैं। वह बहुत अच्छे इंसान हैं, वह नेशनल और इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी हैं। आज तक उनके परिवार के ख़िलाफ कोई शिकायत नहीं हुई है। वे समाज में बहुत सम्मानित परिवार हैं।' कल्याण के वकील ने उनके शराब के नशे में होने के दावों को खारिज कर दिया है उन्होंने कहा कि यह घटना सुबह 7 बजे हुई। उनके परिवार के सदस्य उनके साथ थे। शराब पीने के दावे पूरी तरह से झूठे हैं।
उन्होंने कहा कि इस मामले में दोनों पक्षों की गलती है। उन्होंने कहा कि राइडर्स तेज रफ्तार से रेस लगा रहे थे और इसमें कल्याण भी शामिल हो गए। उनका कंट्रोल खो गया और गाड़ियां आपस में टकरा गईं। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जो भी कार्रवाई होगी हम उसका सामना करेंगे।
