स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी को बिहारी महिलाओं के सिंदूर लगाने के तरीके पर मजाक उड़ाना भारी पड़ गया। उनके एक शो का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। इसमें उन पर बिहारी महिलाओं की आस्था और सिंदूर लगाने की परंपरा का अपमान करने का आरोप लगा। इस पूरे विवाद के बाद यश ने एक पोस्ट कर माफी मांग ली है।
मामले ने तूल तब पकड़ा जब आम यूजर्स के साथ-साथ राजनीतिक नेताओं ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताई। लोगों ने कॉमेडियन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बढ़ते दबाव को देखते हुए यश माहेश्वरी ने अब इस पूरे विवाद पर अपनी सफाई दी है और अपनी गलती मान ली है।
यह भी पढ़ें: ट्रेन में पुलिस-महिला झगड़े में नया मोड़, मारपीट से पहले का वीडियो सामने आया
वीडियो जारी कर यश माहेश्वरी ने क्या कहा?
बीती रात अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए यश माहेश्वरी ने माना कि उन्हें बिहार की संस्कृति से जुड़े पहलुओं पर उस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी। उन्होंने अपने बयान में कहा, 'हाल ही में मैंने एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें मैं बिहार की कुछ सांस्कृतिक बातों का जिक्र कर रहा था। मुझे लगता है कि मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था। मैं अपनी बात पर कायम हूं और इसके लिए माफी मांगता हूं।'
यश ने साफ किया कि उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना बिल्कुल नहीं था। उन्होंने कहा कि शायद उनकी बात गलत तरीके से पेश हो गई और यह पूरी तरह से उन्हीं की गलती है। इसे वह दिल से स्वीकार करते हैं और माफी मांगते हैं। उन्होंने आगे कहा, 'वह अब जो भी कंटेट तैयार करेंगे, उसे लेकर पहले से कहीं ज्यादा सतर्क रहेंगे। कोशिश करेंगे कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न हो।'
किस बात पर हुआ यह विवाद?
यह पूरा विवाद यश माहेश्वरी के एक स्टैंड-अप शो के क्लिप से शुरू हुआ। इसका टाइटल 'Morally Questionable-Standup Comedy था। यह क्लिप इस हफ्ते की शुरुआत में सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगी। वीडियो में यश ने बिहार की शादीशुदा महिलाओं के सिंदूर लगाने के तरीके पर मजाक उड़ाया। इसे लेकर उन्होंने इस पर भद्दा और आपत्तिजनक टिप्पणी किया। दर्शकों ने इसे महिलाओं के सम्मान और बिहारी परंपरा के खिलाफ बताया।
यह भी पढ़ें: 'क्या तुम मुझसे शादी करोगी?' MP ने किया प्रपोज, संसद में दर्ज हुआ जवाब
इस मामले में राजनीतिक प्रतिक्रिया भी देखने को मिली। बीजेपी नेता ऋतु जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर छठ पूजा और श्रद्धालुओं के अपमान के विरोध में बिहार के हर जिले में कॉमेडियन के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। अपने माफीनामे के आखिर में यश ने कहा कि वह फिलहाल उन सभी लोगों से दिल से माफी ही मांग सकते हैं जिनकी भावनाएं आहत हुई हैं। उन्हें उम्मीद है कि वह इस घटना से सबक लेकर आगे बेहतर काम करेंगे।
