दिल्ली और एनसीआर में 56 हजार से ज्यादा लोगों को एक स्टडी में शामिल किया गया। इस स्टडी में पाया गया कि पूर्व के अनुमानों से कहीं ज्यादा लोग डायबिटीज और ब्लड प्रेशर से एक साथ चपेट में आ रहे हैं। स्टडी में बताया गया कि 40 की उम्र के बाद दोनों बीमीरियों के एक साथ होने का खतरा तेजी से बढ़ता है।
मैक्स हेल्थकेयर के नैदानिक अनुसंधान एवं निवारक स्वास्थ्य कार्यक्रम विभाग ने यह अध्ययन किया जिसमें जनवरी 2021 से दिसंबर 2024 के बीच दिल्ली-एनसीआर के मैक्स हेल्थकेयर के चुनिंदा अस्पतालों और चिकित्सा केंद्रों में निवारक स्वास्थ्य जांच कराने वाले 56 हजार से अधिक वयस्कों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड का विश्लेषण किया गया।
यह भी पढ़ें: फेस शीट मास्क का बढ़ता ट्रेंड, कितना फायदेमंद? डॉक्टर से जानिए
40 की उम्र में बढ़ने लगता है डायबिटीज और हाई ब्ल्ड प्रेशर का खतरा
‘डायबिटीज एंड मेटाबॉलिक सिंड्रोम: क्लिनिकल रिसर्च एंड रिव्यूज’ में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, करीब 5% एडलट्स को डायबिटीज और हाई ब्ल्ड प्रेशर, दोनों की समस्या थी। शोधकर्ताओं ने पाया कि दोनों बीमारियों से एक साथ प्रभावित लोगों की संख्या, अलग-अलग बीमारियों के प्रसार के आधार पर अपेक्षित संख्या से करीब दोगुनी थी।
शोधकर्ताओं ने पाया कि दोनों बीमारियों के एक साथ होने के मामले 40 वर्ष की उम्र के आसपास तेजी से बढ़ने लगे। यह बढ़ोतरी करीब 58 साल की उम्र तक जारी रही और फिर धीरे-धीरे स्थिर होने लगी। करीब 70 साल की उम्र तक ऐसे मामलों का प्रतिशत लगभग 17% पहुंच गया। अध्ययन में यह भी पाया गया कि डायबिटीज से पीड़ित लोगों में हाई ब्लड प्रेशर होने की आशंका उन लोगों की तुलना में करीब चार गुना अधिक थी, जिन्हें डायबिटीज नहीं था। उसी तरह हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों में डायबिटी होने का खतरा उन लोगों की तुलना में करीब 2.5 % अधिक था जिन्हें हाई ब्लड प्रेशर नहीं था।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी 56 की उम्र में फिट क्यों हैं? उन्हीं से जानिए फिटनेस रूटीन
स्टडी ने बढ़ाई चिंता
शोधकर्ताओं ने कहा कि स्टडी के निष्कर्षों से पता चलता है कि डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर के एक साथ होने के मामले, दोनों बीमारियों के एक साथ होने की संख्या भी कहीं अधिक हैं। मैक्स हेल्थकेयर के जैव-सांख्यिकी सलाहकार डॉ. अभय इंद्रायन ने कहा, ‘सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि स्टडी में सामने आया कि 40 साल की उम्र के आसपास दोनों बीमारियों का एक साथ होने की आशंका तेजी से बढ़ती है। इन निष्कर्षों से दोनों बीमारियों की एक साथ जांच की रणनीति को बल मिलता है, ताकि उनकी शुरुआती अवस्था में पहचान कर गंभीर जटिलताएं पैदा होने से पहले ही समय पर उपचार शुरू किया जा सके।’
शोधकर्ताओं ने कहा कि डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर के अलग-अलग प्रसार का व्यापक अध्ययन किया गया है, लेकिन भारतीय आबादी में दोनों बीमारियां कितनी बार एक साथ होती हैं इस बारे में अब तक सीमित प्रमाण उपलब्ध हैं।अध्ययन में उम्र और जेंडर पहचान के आधार पर भी रुझानों का विश्लेषण किया गया, ताकि यह समझा जा सके कि उम्र बढ़ने के साथ डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर का संयुक्त प्रभाव किस तरह बढ़ता है। इंद्रायन ने कहा, 'इसलिए निवारक स्वास्थ्य देखभाल में केवल अलग-अलग बीमारियों की जांच पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है।'