देशभर के कई राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। दिल्ली-एनसीआर में इस समय तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच रहr है। हीटवेव की वजह से कई लोग स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की चपेट में आ रहे हैं। इस मौसम में अपनी सेहत का खास ख्याल रखने की जरूरत है।
इस मौसम में चक्कर आना, तेज बुखार, डिहाइड्रेशन, उल्टी, सिरदर्द, मुंह सूखना, सांस लेने में परेशानी और हाथों और पैरों में कमजोरी होने की दिक्कत महसूस हो सकती हैं इसलिए शरीर में पानी में कमी ना हो दें। आइए जानते हैं कि गर्मी में किन चीजों का सेवन कर सकते हैं और किन से परहेज करना चाहिए। इस बारे में हमने न्यूट्रीप्लस की डायरेक्टर और सीनियर क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट डॉक्टर अंजलि फाटक से बात की हैं।
उन्होंने कहा, 'हीटवेव के दौरान कई चीजों का सेवन करने से बचना चाहिए, क्योंकि ये आपके शरीर के तापमान को और बढ़ा सकते हैं और स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं'।
1. अत्यधिक तला हुआ और चिकनाई वाला भोजन- ये पचाने में भारी होते हैं और शरीर में अनावश्यक गर्मी पैदा कर सकते हैं, जिससे पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इससे गैस्ट्रिक समस्याएं, अपच और मोटापे का खतरा बढ़ सकता है।
2. बहुत ज्यादा मसालेदार भोजन- अत्यधिक मसाले खाने से शरीर का तापमान और बढ़ सकता है, जिसके कारण अत्यधिक पसीना आना, त्वचा पर जलन और डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है।
3. शुगर बेवरेज (जैसे कि चाय, कॉफी, एनर्जी ड्रिंक्स)- शुगर वाली ड्रिंक्स में कैफीन मौजूद होता है जो शरीर से पानी को बाहर निकाल देता है जिससे डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है। डिहाइड्रेशन की वजह से मस्तिष्क, हृदय तथा अन्य अंगों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
4. अत्यधिक मीठे और प्रोसेस्ड फूड- गर्मी के मौसम में प्रोसेस्ड फूड का सेवन करने से बचना चाहिए। इन चीजों को खाने से इंसुलिन का लेवल बढ़ता है जिससे कई तरह की बीमारियां हो सकती हैं।
इन चीजों का सेवन करने से कई तरह की बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है। आप इसकी बजाय हल्के, पौष्टिक और पानी वाली चीजों का सेवन करें जो सेहत के लिए अच्छा होता है। साथ ही अपके गट (पेट) हेल्थ का ख्याल रखता है। इस समय के मौसमी फल और सब्जियों को सेवन करें। इसके साथ ही, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और शरीर को ठंडा रखने वाले भोजन का सेवन करें जो शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने में मदद करता है।
किन चीजों को खाना चाहिए
1. ताजे फल- तरबूज, खरबूजा, संतरा, सेब, और नाशपाती जैसे फल शरीर में पानी की आपूर्ति बढ़ाते हैं और विटामिन्स प्रदान करते हैं।
2. हरी और ताजी सब्जियां- खीरा, टमाटर, गाजर, पालक और सलाद जैसी सब्जियां आपके खाने को हल्का रखते हुए, पाचन तंत्र को स्वस्थ बनाए रखती हैं।
3. दही और छाछ- दही में प्रोबायोटिक्स होते हैं जो पाचन में मदद करते हैं, वहीं छाछ शरीर को ठंडक प्रदान करती है।
4. नट्स और बीज-बादाम, अखरोट, सूरजमुखी के बीज, ये हेल्थ फैट है और प्रोटीन का अच्छा स्रोत हैं, लेकिन इन्हें मध्यम मात्रा में ही सेवन करना चाहिए।
5. साबुत अनाज और दलिया- भूरे चावल, क्विनोआ और दलिया जैसे साबुत अनाज एनर्जी का मुख्य स्रोत हैं और फाइबर भी प्रदान करते हैं।
6. हाइड्रेटिंग ड्रिंक- नारियल पानी, नींबू पानी, हर्बल चाय और ताजे फलों के रस से शरीर हाइड्रेटेड रहता है।
7. उबला हुआ और हल्का भोजन- उबली हुई दालें, हल्की खिचड़ी या सूप जैसे भोजन गर्मी में एनर्जी देने के साथ-साथ शरीर को संतुलित रखते हैं।