टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे टीम शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। पहले उसने ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। अब सुपर-8 से पहले एक और बड़ी जीत दर्ज कर चर्चा में आ गई है। टूर्नामेंट का 38वां मुकाबला श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच 19 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में जिम्बाब्वे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आसानी से 6 विकेट से जीत हासिल कर ली।
जिम्बाब्वे के लिए यह जीत बहुत खास मानी जा रही है, क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में उसे भारतीय टीम के ग्रुप में जगह बनाई है। इस ग्रुप में भारत के अलावा उसका मुकाबला वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका से भी होना है। ऐसे में इस जीत से जिम्बाब्वे टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा और आगे के मैचों में उसे फायदा मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: बर्तन धोने की बात कहने वाले पाकिस्तानी कप्तान पर बैन लगाकर खुद दे दिया इस्तीफा
श्रीलंका की पारी
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करते हुए टीम ने अच्छी शुरुआत की और शुरू के 12 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 100 रन बनाए। इसके बाद श्रीलंकाई टीम ने बाकी आठ ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 78 रन बनाए। नतीजतन श्रीलंका 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाने में कामयाब रही।
श्रीलंका के लिए पथुम निसांका ने सबसे ज्यादा 62 रन बनाए, जबकि पवन रतनायके ने 44 रन बनाए। जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजारबानी, ब्रैड इवांस और ग्रीम क्रेमर ने दो-दो विकेट लिए, जबकि रयान बर्ल ने एक विकेट लिया।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक ने खत्म किया 11 साल का इंतजार, रणजी ट्रॉफी फाइनल में बनाई जगह
जिम्बाब्वे की पारी
टारगेट का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे ने जबरदस्त शुरुआत की। उन्होंने शुरू के 12 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 101 रन बनाए। फिर टीम ने बाकी आठ ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाए। नतीजतन जिम्बाब्वे 19.3 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाकर तीन गेंद बाकी रहते छह विकेट से मैच जीत गया।
जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने सबसे ज्यादा 63 रन बनाए, जबकि कप्तान सिकंदर रजा ने 45 रन बनाए। श्रीलंका के लिए दुशान हेमंथा ने दो विकेट लिए, जबकि दसुन शनाका और दुनिथ वेल्लालेज ने एक-एक विकेट लिया।
यह भी पढ़ें: नीदरलैंड्स के सामने तो चल गया... सुपर-8 में यह गलती मत करना टीम इंडिया!
जिम्बाब्वे का सुपर-8 शेड्यूल
- 23 फरवरी: जिम्बाब्वे बनाम वेस्टइंडीज (मुंबई)
- 26 फरवरी: भारत बनाम जिम्बाब्वे (चेन्नई)
- 1 मार्च: जिम्बाब्वे बनाम साउथ अफ्रीका (दिल्ली)