हरियाणा के हांसी में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। गुरुवार सुबह कुछ बदमाशों ने जिम ट्रेनर की गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस हमले के दौरान वहां मौजूद एक युवती भी घायल हो गई। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गई। हालांकि, पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में एक हमलावर महज पांच सेकेंड के भीतर लगातार फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।
गोली लगने के बाद पीड़ित जिम संचालक कपिल की मौके पर ही मौत हो गई। उसके पास में मौजूद युवती को छर्रे से चोट लगी। उस युवती को इलाज के लिए पास के एक अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: 19 साल के निसर्ग ने CBSE की पोल खोली, अब IIT में मिली नौकरी, क्या काम करेंगे?
जिम के बाहर करवा रहा था ट्रेंनिंग
जिस समय यह घटना हुई उस समय जिम ट्रेनर दुकानों के पास बने रैंप पर जिम के मेंबर्स को एक्सरसाइज करवा रहा था। इसी दौरान हमलावर बाइक पर आए। दोनों ने चेहरे पर मास्क और हेलमेट पहने हुए थे। जिम ट्रेनर पीछे खड़ा था और उसी समय बाइक पर आए हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। कुछ ही सेंकड में उन्होंने कई राउंड फायरिंग की और जिम ट्रेनर को पहली गोली सिर के पास लगी और दूसरी गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गया। इसके तुरंत बाद बदमाश बाइक पर ही फरार हो गए। वहां मौजूद लोगों में चीख पुकार मच गई।
10 राउंड फायर
पुलिस के अनुसार, हमलावर ने कपिल के सिर और पीठ को निशाना बनाया। गोलियां लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा। इसी दौरान वहां प्रैक्टिस कर रही शिखा नामक युवती भी गोली की चपेट में आ गई। उसके कंधे और पैर में गोली लगी है। घायल युवती को हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जिम ट्रेनर पर एक के बाद एक करीब 10 राउंड फायर किए गए। आवाज से जिम में चीख-पुकार मच गई और वहां मौजूद युवक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। जब हमलावर बाइक पर सवार होकर भागने लगे तो एक युवक बाइक स्टार्ट करते हुए भी दिखाई दिया और अन्य भी जिम ट्रेनर की मदद के लिए आगे आए।
यह भी पढ़ें: धर्म, धर्मांतरण, दलित और OBC, अमित शाह के पंजाब प्लान में क्या-क्या है?
क्यों की हत्या?
अभी तक पुलिस ने हमले की पीछे की वजह नहीं बताई है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने बताया कि कपिल मूल रूप से जींद जिले का रहने वाला है और वह पिछले करीब तीन साल से यहां जिम चला रहा था। लोगों को शक है कि उसके ऊपर हमला करवाने का कारण उसका विवाह हो सकता है। कुछ समय पहले उसने अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। लोगों ने बताया कि उसकी पत्नी फिलहाल अपने परिजनों के साथ ही रह रही है। मौके पर पहुंची पुलिस, सीआईए और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीम को 10 खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस अब इस मामले में हमलावरों की पहचान करने और उनको गिरफ्तार करने की कोशिश में जुट गई है।