पंजाब के तनरतारन जिले में आम आदमी पार्टी के नेता की सरेआम हत्या कर दी गई। मामला तरनतारन जिले का है, जहां वलथोआ गांव के सरपंच झारमल सिंह की दो हमलावरों ने सिर पर गोली मार दी। यह हत्या तब हुई, जब झारमल सिंह एक शादी समारोह में शामिल हुए थे। शादी में डिनर चल रहा था और तभी सबके सामने उन्हें सिर पर गोली मार दी गई।
इस घटना के बाद सियासत भी शुरू हो गई है। बीजेपी ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के इस्तीफे की मांग की है।
झारमल सिंह की सरेआम हत्या से भगवंत मान सरकार पर सवाल खड़े हो गए हैं। उनकी हत्या तब हुई है, जब कुछ दिन पहले ही कबड्डी खिलाड़ी कंवर दिग्विजय सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बालाछुरिया की 15 दिसंबर को मोहाली में तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
यह भी पढ़ें-- US में महिला का मर्डर, पुलिस बोली- हत्या कर भारत भागा एक्स-बॉयफ्रेंड
पीछे से आए और सिर पर मार दी गोली
वलथोआ गांव के सरपंच झारमल सिंह अमृतसर में एक शादी समारोह में शामिल हुए थे। इस समारोह में आम आदमी पार्टी के विधायक सरवन सिंह भी मौजूद थे। इसी दौरान दो बदमाश आए और झारमल सिंह को गोली मारकर भाग गए।
इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि झारमल सिंह डिनर की टेबल पर बैठे हैं और तभी पीछे से आए बदमाशों ने उनके सिर पर गोली मार दी।
पुलिस ने बताया कि झारमल सिंह अमृतसर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन्हें माथे पर बेहद करीब से गोली मार दी। सिंह को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें-- किसी ने कहा- जीभ काट दो, कोई बोला- 10 लाख का इनाम; बिहार में क्यों मचा हंगामा?
सीएम भगवंत मान पर उठे सवाल
इस वीडियो को शेयर करते हुए शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा, 'यह एक बहुत ही चिंताजनक सिलसिला है। कल भिंडर कलां (मोगा) में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई और शुक्रवार को कपूरथला में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई।'
उन्होंने कहा, 'सार्वजनिक जगहों पर टारगेट किलिंग आम बात हो ग है। यह मुख्यमंत्री भगवंत मान की विफलता को दिखाता है जिनके पास गृह मंत्रालय भी है। इस कानून व्यवस्था की विफलता के लिए मख्यमंत्री को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।'
बीजेपी ने भी इस पर सवाल उठाते हुए भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने X पर लिखा, 'अमृतसर में दिनदहाड़े आम आदमी पार्टी के सरपंच की हत्या का भयावह वीडियो। पंजाब में इससे ज्यादा बेशर्मी की कोई बात नहीं हो सकती। अपराधी कानून से बिल्कुल भी नहीं डरते और अपना चेहरा तक नहीं छुपाते।'
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के शासन में पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की।
पूनावाला ने कहा, 'सिद्धू मूसेवाला की हत्या से लेकर ग्रेनेड हमलों, मादक पदार्थ की तस्करी, माफिया और गैंगवार तक! इन्होंने पंजाब का क्या हाल कर दिया है? सुपर सीएम केजरीवाल को 100 गाड़ियों का काफिला मिलता है और पंजाब की जनता को ये सब झेलना पड़ता है।'