दिल्ली से श्रीनगर जा रही जम्मू-कश्मीर नंबर की वोल्वो बस पर शनिवार रात करनाल में एक रेस्टोरेंट के बाहर पथराव किया गया। हमले से बस से बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। हमले में एक यात्री को चोट आई और बस क्षतिग्रस्त हुई है। बताया जा रहा है कि कार से बस टच होने के कारण विवाद हुआ था।
घटना को लेकर सोशल मीडिया यूजर ने एक पोस्ट कर दावा किया कि कुरुक्षेत्र के पास बस पर हमले में एक कश्मीरी घायल हो गया। इस पोस्ट पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रतिक्रिया दी और हरियाणा सरकार से कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें: एचपीएससी ने एचसीएस परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट किया घोषित
नशे में हुई वारदात?
करनाल में नीलोखेड़ी के पास जीटी रोड पर शनिवार रात डिवाइन स्टार होटल के सामने ये वारदात हुई। ईंट लगने से बस के शीशे टूट गए और एक यात्री घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, डिवाइन स्टार ढाबे के समीप दिल्ली से श्रीनगर जा रही वोल्वो बस और कार मोड़ने पर ये विवाद हुआ था। पता चला है कि कार में दो युवक सवार थे। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने कार सवार युवकों पर नशे में होने का भी आरोप लगाया।
मामले में बुटाना थाना पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों वाहनों में सवार दोनों व्यक्तियों ने शराब पी रखी थी। वारदात रात करीब साढ़े दस बजे हुई। विवाद बढ़ने पर कार सवार युवकों ने बस पर पथराव कर दिया। पुलिस के अनुसार, बाद में दोनों पक्षों में समझौता होने पर वह वहां से चले गए थे। किसी भी पक्ष ने लिखित में शिकायत नहीं दी है।
यह भी पढ़ें: भगवंत मान के फ्रांस दौरे को हाइ कोर्ट से मंजूरी, केंद्र सरकार ने जताई है आपत्ति
ये वीडियो हुई वायरल
मामले को लेकर एक युवक ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। जिसमें युवक दावा करता दिख रहा है कि पथराव में बस के शीशे व पैनल टूटे हैं। हमले में एक बुजुर्ग की नाक पर चोट भी आई है। हालांकि, युवक ने वीडियो में बोल है कि कार से बस टच भी नहीं हुई थी, इसके बाद भी हमला किया गया। ये भी आरोप है कि इस संबंध में रेस्टोरेंट संचालक की तरफ से भी कोई मदद नहीं की गई, न ही पुलिस को सूचित किया।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने की कार्रवाई की मांग
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर घटना की पोस्ट साझा होते हुए जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हमले की निंदा की है। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा पुलिस से आरोपियों को पकड़ने व सख्त कार्रवाई की मांग की है। उमर अब्दुल्ला ने इस संबंध में एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना नहीं होनी चाहिए थी। उम्मीद है कि हरियाणा सरकार और पुलिस दोषियों को पकड़ेगी और यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाएगी कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।