• CHANDIGARH 30 Oct 2026, (अपडेटेड 30 Oct 2026, 12:03 AM IST)
हरियाणा लोक सेवा आयोग के नए चेयरमैन सतीश कुमार सैनी ने आज पद और गोपनीयता की शपथ ली है। चंडीगढ़ लोक भवन में आयोजित इस समारोह में हरियाणा, पंजाब के राज्यपाल, सीएम नायब सैनी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
हरियाणा लोक सेवा आयोग के नए चेयरमैन HCS अधिकारी सतीश कुमार सैनी को शपथ दिलवाते हरियाणा के राज्यपाल राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष। (Photo Credit - खबरगांव।)
हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) के नए चेयरमैन HCS अधिकारी सतीश कुमार सैनी ने आज चंडीगढ़ में शपथ ग्रहण की। इस दौरान राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद HPSC की कमान अब सतीश कुमार सैनी के हाथों में आ चुकी है। सुबह 11 बजे हुए इस शपथ ग्रहण समारोह से पहले ही यहां वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए कड़े इंतजाम किए गए थे।
पद संभाल्लते ही सतीश कुमार सैनी के सामने बड़ी चुनौती आयोग की साख को मजबूती देना होगा। अध्यक्ष का पद बेहद संवेदनशील और अहम माना जाता है। पिछले कुछ वर्षों में भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर कई विरोध-प्रदर्शन हुए। नए चेयरमैन के समक्ष ये भी एक बड़ी चुनौती होगी कि पारदर्शी और विवाद-मुक्त तरीके से परीक्षा व नियुक्तियां की जाएं।
चंडीगढ़ स्थित लोक भवन में गुरुवार सुबह 11 बजे आयोजित उच्च स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह में हरियाणा के राज्यपाल राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने HCS अधिकारी सतीश कुमार सैनी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, गृह सचिव सुधीर राजपाल पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद हरियाणा, पंजाब के राज्यपाल, हरियाणा के सीएम, विधानसभा स्पीकर व अन्य प्रशासनिक अधिकारी। (Photo Credit -खबरगांव।)
हरियाणा लोक सेवा आयोग के चेयरमैन का पद बेहद संवेदनशील और अहम माना जाता है। हरियाणा के सरकारी विभागों के लिए फर्स्ट और सेकंड क्लास अफसरों के इंटरव्यू से चयन प्रक्रिया तक हरियाणा लोक सेवा आयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पारदर्शी परीक्षाएं आयोजित करना, इंटरव्यू प्रक्रिया को निष्पक्ष रखना और योग्यता के आधार पर अधिकारियों का चयन कर सरकार को सूची सौंपना आयोग का मुख्य काम है।
सतीश कुमार सैनी मूल रूप से सोनीपत जिले के निवासी हैं और वर्ष 2011 बैच के HCS अफसर हैं। प्रशासनिक सेवा में आने से पहले वह पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT) में इतिहास के अध्यापक थे। सतीश कुमार सैनी जनवरी 2020 से फरवरी 2022 तक पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के OSD रहे हैं। इसके बाद से वह HPSC में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर रहे। 23 अक्टूबर को उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। अब उन्हें HPSC में चैयरमैन नियुक्त किया गया है। कमीशन में अब एक चेयरमैन समेत 5 सदस्य होंगे। वर्तमान में ज्योति बैंदा, ममता यादव, आनंद कुमार शर्मा और डॉ. सोनिया त्रिखा सदस्य हैं।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान लोक भवन के बाहर परिसर में लगे पेड़ों पर से मधुमक्खियों का छत्ता अचानक टूटकर गिर गया। मधुमक्खियों के झुंड ने इस दौरान वहां पास में तैनात कई कर्मचारियों व राहगीरों को काट लिया। इसके बाद वहां मौजूद अन्य स्टाफ ने स्थिति संभाली।