logo

मूड

ट्रेंडिंग:

महाकाल से सोमनाथ तक, IRCTC सप्त ज्योतिर्लिंग यात्रा, रूट से किराया तक, सब जानिए

IRCTC की भारत गौरव डीलक्स ट्रेन दिल्ली से 25 सितंबर को चलेगी और 7 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराएगी। पैकेज क्या होगा, क्या सुविधाएं मिलेंगी, हर सवाल का जवाब जानिए।

AI Generated Image of IRCTC Sapt Jyotirlinga Train

सप्त ज्योतिर्लिग ट्रेन। AI इमेज। Photo Credit: ChatGPT

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

भारतीय रेल की सहायक कंपनी IRCTC ने अपनी 'भारत गौरव डीलक्स' टूरिस्ट ट्रेन पर एक नया तीर्थ यात्रा सर्किट शुरू किया है। इसका नाम 'सप्त ज्योतिर्लिंग महायात्रा' रखा गया है। यह ट्रेन 25 सितंबर 2026 को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।

11 दिन की इस यात्रा में उज्जैन, ओंकारेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, भीमाशंकर, घृष्णेश्वर और त्र्यंबकेश्वर के सात ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराए जाएंगे। इसके साथ ही 4 धामों में शामिल द्वारकाधीश मंदिर का दर्शन भी इस यात्रा का हिस्सा है। 

यह भी पढ़ें: तेज बुकिंग, नो कैप्चा और साफ इंटरफेस, IRCTC की नई BETA वेबसाइट लॉन्च

कहां-कहां से गुजरेगी यह ट्रेन?

यह ट्रेन मध्य प्रदेश के उज्जैन से शुरू होगी जहां श्रद्धालु शिप्रा नदी के किनारे स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे। रात्रि विश्राम के बाद यात्रा खंडवा पहुंचेगी जहां नर्मदा नदी के बीच स्थित ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन होंगे। इसके बाद यात्री रात भर की ट्रेन यात्रा करके गुजरात के द्वारका पहुंचेंगे।

यात्रा के चौथे दिन ज्यादातर समय ट्रेन में बीतेगा और इसके बाद  द्वारका पहुंचकर भगवान कृष्ण को समर्पित द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन होंगे। रात्रि विश्राम के बाद श्रद्धालु रुक्मिणी देवी मंदिर जाएंगे जो भगवान कृष्ण और उनकी पत्नी रुक्मिणी के दिव्य प्रेम का प्रतीक है। इसी दिन नागेश्वर ज्योतिर्लिंग और भेट द्वारका के दर्शन के बाद ट्रेन सोमनाथ के लिए रवाना होगी।

प्रभास पाटन में स्थित सोमनाथ भारत के सबसे पवित्र तीर्थस्थलों में से एक है और यह 12 ज्योतिर्लिंगों में पहला माना जाता है। यहां श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर, सोमनाथ बीच और भालका तीर्थ के दर्शन करेंगे। पौराणिक ग्रंथों में जिक्र है कि भगवान कृष्ण यहीं से स्वर्गलोक के लिए प्रस्थान कर गए थे।

यह भी पढ़ें: राजधानी एक्सप्रेस के खाने में मिली मक्खी, IRCTC ने लगाया 1 लाख का भारी जुर्माना

महाराष्ट्र में कहां-कहां रुकेगी ट्रेन?

गुजरात से ट्रेन महाराष्ट्र जाएगी, जहां पुणे के पास स्थित भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग मंदिर के दर्शन होंगे। आगे बढ़ते हुए यात्री छत्रपति संभाजीनगर पहुंचेंगे जहां यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल एलोरा के कैलाश मंदिर और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर का दर्शन होगा।

यह आध्यात्मिक यात्रा गोदावरी नदी के किनारे बसे पवित्र शहर नासिक में समाप्त होगी। यहां श्रद्धालु त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर और पंचवटी के दर्शन करेंगे, जहां भगवान राम, सीता और लक्ष्मण ने वनवास के दौरान समय बिताया था। इसके बाद ट्रेन दिल्ली के लिए वापसी यात्रा शुरू करेगी।

इस ट्रेन की खासियत क्या है?

ट्रेन की यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए इसमें लगातार ट्रेन में रात बिताने के बजाय होटलों में रात्रि विश्राम की व्यवस्था रखी गई है। भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन में AC थर्ड, AC सेकंड और AC फर्स्ट श्रेणी के आरामदायक केबिन, स्वच्छ शाकाहारी भोजन परोसने वाले ऑनबोर्ड रेस्टोरेंट, बेहतर सुरक्षा सुविधाएं और समर्पित टूर मैनेजर की सुविधा दी गई है।

यह भी पढ़ें: ट्रेन के कोच को मंदिर बना करने लगे आरती, वीडियो हुई वायरल, जानिए क्या हैं नियम

कितना किराया है?

डबल ऑक्युपेंसी के आधार पर प्रति व्यक्ति किराया AC थर्ड में 90,930 रुपये से शुरू होकर AC सेकंड में 1,09,925 रुपये और AC फर्स्ट में 1,19,425 रुपये तक है। भारतीय रेलवे भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत रेल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए करीब 33 प्रतिशत की छूट दे रहा है, जो पहले से ही इस किराए में शामिल है।

हजारों के पैकेज में शामिल क्या-क्या है?

पैकेज की कीमत में ट्रेन यात्रा, थ्री-स्टार होटलों में ठहरना, शाकाहारी खाना, AC गाड़ियो में सैर सपाटा, यात्रा बीमा और IRCTC टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल हैं।

कैसे बुक करें टिकट?

सप्त ज्योतिर्लिंग महायात्रा के लिए बुकिंग IRCTC के टूरिज्म पोर्टल और देशभर के अधिकृत IRCTC टूरिज्म कार्यालयों में शुरू हो चुकी है। इच्छुक यात्री ज्यादा जानकारी और बुकिंग के लिए irctctourism.com/bharatgaurav वेबसाइट पर जा सकते हैं।


और पढ़ें