भारत में अब तक लोग सोने, चांदी, कच्चे तेल या गेहूं-चावल के उतार-चढ़ाव पर पैसे लगाते थे। अब कमाई का एक बिल्कुल नया और अनोखा तरीका आ गया है जहां लोग इस बात पर दांव लगा सकते हैं कि बारिश कम होगी या ज्यादा। भारत के कमोडिटी मार्केट के प्रमुख एक्सचेंज, यानी नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (NCDEX) ने देश में पहली बार 'वेदर फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट्स' की शुरुआत की है। इस नए सिस्टम के जरिए अब किसान, व्यापारी और आम निवेशक मानसून के रुख को देखकर मुनाफा कमा सकते हैं। इसकी शुरुआत 28 मई 2026 को हुई जब 'रेन मुंबई' नाम का पहला कॉन्ट्रैक्ट ट्रेडिंग के लिए बाजार में उतारा गया। इस नए व्यापार को लेकर लोगों में इतना उत्साह था कि पहले ही घंटे में करीब 380 लॉट्स का व्यापार हो गया, जिसकी पूरी कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये थी। NCDEX के एमडी और सीईओ अरुण रस्ते ने बताया कि बिना किसी बड़े प्रचार के भी पहले ही दिन से इस कॉन्ट्रैक्ट को बहुत ही शानदार रिस्पॉन्स मिला है।

 

अभी तक लोग सोने, चांदी या गेहूं-चावल के दाम पर व्यापार करते थे। इस नए सिस्टम में आपको सिर्फ बारिश पर ध्यान देना होता है। बाजार ने मुंबई की पिछले 30 साल की बारिश का एक औसत निकाला है। ट्रेडर्स को बस यह अंदाजा लगाना होता है कि इस बार मुंबई में बारिश इस औसत से कम होगी या ज्यादा होगी। जैसे अगर बाजार का औसत 100 पॉइंट है और आपको लगता है कि इस बार सूखा पड़ेगा या कम बारिश होगी तो आप कम बारिश की तरफ अपना पैसा लगा देते हैं। वहीं दूसरी तरफ जिसे लगता है कि भारी बारिश होगी, वह ज्यादा बारिश की तरफ पैसा लगाता है। बाद में बारिश जैसी होती है, सही अंदाजा लगाने वाले को उसकी चुनी हुई साइड के हिसाब से सीधा फायदा हो जाता है।

 

यह भी पढ़ें: अब बैंक स्टेटमेंट की जरूरत नहीं? डेटा शेयरिंग से मिनटों में मिल सकता है लोन

कैसे होती है इस अनोखे बाजार से कमाई?

इस बाजार में कमाई करने का तरीका शेयर बाजार या कमोडिटी बाजार के फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट जैसा ही है। जैसे कि किसी ट्रेडर को लगता है कि इस बार मानसून के दौरान मुंबई में उम्मीद से बहुत कम बारिश होगी। वह उसी हिसाब से अपनी पोजीशन ले लेता है। बाद में अगर मौसम विभाग का डेटा यह साबित कर देता है कि सच में बारिश कम हुई है तो उस कॉन्ट्रैक्ट की वैल्यू उस ट्रेडर के हक में बदल जाएगी और उसे मुनाफा होगा। जो लोग भारी बारिश या मजबूत मानसून की उम्मीद कर रहे हैं वे दूसरी तरफ का दांव खेल सकते हैं।

 

सबसे अच्छी बात यह है कि महीने के आखिरी में इसका सेटलमेंट पूरी तरह से सरकारी और आधिकारिक बारिश के आंकड़ों के आधार पर अपने आप हो जाता है। इसमें फसल बीमा की तरह किसी सरकारी घोषणा या खेतों में जाकर नुकसान की जांच करने की कोई जरूरत नहीं होती। इसमें सिर्फ यह देखा जाता है कि डेटा के मुताबिक बारिश हुई या नहीं।

मुंबई को ही क्यों चुना गया?

इसके पीछे एक बहुत बड़ी वजह है। भारत में मानसून सबसे पहले केरल आता है और उसके बाद मुंबई पहुंचता है। मुंबई पहुंचने के बाद ही बारिश पूरे देश में आगे बढ़ती है। कंपनी के अधिकारी अरुण रस्ते ने बताया कि मुंबई की बारिश को देखकर पूरे देश के मौसम का अंदाजा लग जाता है कि इस साल बारिश की रफ्तार क्या होगी और यह कब तक चलेगी। इसके अलावा यह सिस्टम हर दिन की बारिश को नापता है। इसलिए अगर किसी दिन अचानक बहुत भारी बारिश हो जाए तो भी उस दिन फायदा हो सकता हैं।

 

यह भी पढ़ें: WPI नहीं, अब PPI से नापी जाएगी महंगाई, समझ लीजिए दोनों का अंतर

किसानों और कंपनियों को कैसे मिलेगा इसका फायदा?

पहले ही दिन महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान के किसान संगठनों ने इसमें हिस्सा लिया। किसान इसका इस्तेमाल किसी जुए की तरह नहीं, बल्कि अपने नुकसान से बचने के लिए कर रहे हैं। अगर सूखा पड़ने का डर हो, तो किसान यहां दांव लगाकर अपने नुकसान की भरपाई कर सकते हैं।

 

इसके अलावा चीनी मिलें, मसालों का धंधा करने वाले, बिजली बनाने वाली कंपनियां, ट्रांसपोर्ट कंपनियां, आइसक्रीम कंपनियां और ओला-उबर जैसी कैब कंपनियां भी इसका इस्तेमाल अपने बिजनेस को सुरक्षित रखने के लिए कर सकती हैं। उदाहरण के लिए, कम बारिश से अगर फसलों या बिजली कंपनियों को नुकसान होता है, या भारी बारिश से आइसक्रीम और कैब वालों की कमाई घटती है, तो वे यहाँ से मुनाफा कमाकर अपना घाटा पूरा कर सकते हैं।