अक्सर लोग हर महंगी और अच्छी व्हिस्की को 'स्कॉच' मान लेते हैं लेकिन कानूनी और स्वाद के तौर पर यह बिल्कुल गलत है। स्कॉच व्हिस्की सिर्फ वही कहला सकती है जो पूरी तरह स्कॉटलैंड में बनी हो। भारत में बनने वाली किसी भी व्हिस्की को चाहे उसकी गुणवत्ता कितनी भी बेहतरीन क्यों न हो, स्कॉच का नाम नहीं दिया जा सकता।
दरअसल, भारतीय बाजार में बिकने वाली कई मशहूर व्हिस्की ब्रांड्स में स्कॉटलैंड से मंगवाई गई स्कॉच मिलाई जरूर जाती है लेकिन इससे वह पूरी बोतल स्कॉच नहीं बन जाती। आइए पढ़ते हैं इस रिपोर्ट में हैं कि स्कॉच बनने के नियम क्या हैं, भारतीय कंपनियां इसका इस्तेमाल कैसे करती हैं और इस पर कानूनी व कारोबारी विवाद क्या है?
यह भी पढ़ें: बैंक शेयरों में गिरावट, आज क्या रहा शेयर मार्केट का हाल? सोना-चांदी का भाव जानिए
स्कॉच होने की सबसे बड़ी शर्त
स्कॉच किसी खास तरह की शराब का सामान्य नाम नहीं है बल्कि यह एक भौगोलिक पहचान (GI) है। ठीक वैसे ही जैसे दार्जिलिंग की चाय या बनारसी साड़ी। ब्रिटेन के 'स्कॉच व्हिस्की रेगुलेशंस, 2009' के मुताबिक किसी व्हिस्की को स्कॉच कहलाने के लिए कुछ शर्तें पूरी करनी जरूरी हैं। पहला, इसका निर्माण, डिस्टिलेशन और विकसित होने की पूरी प्रक्रिया स्कॉटलैंड में ही होनी चाहिए।
दूसरा, इसे स्कॉटलैंड में ही ओक की लकड़ी के पीपों (बैरल) में कम से कम तीन साल तक रखा जाना अनिवार्य है। अगर कोई कंपनी स्कॉटलैंड से कच्ची शराब लाकर भारत में तीन साल रख ले तो भी वह स्कॉच नहीं कहलाएगी। इसे पानी और माल्टेड जौ से बनाया जाता है। इसमें किसी तरह का बाहरी फ्लेवर नहीं मिलाया जा सकता और बोतल में भरते समय इसमें कम से कम 40% अल्कोहल होना जरूरी है। स्कॉटलैंड के स्पेसाइड, आइला, हाइलैंड, लोलैंड और कैंपबेलटाउन इसके पांच पारंपरिक गढ़ हैं। हर इलाके की हवा और पानी के हिसाब से वहां की स्कॉच का स्वाद जैसे फल जैसा मीठा या हल्का धुएं जैसा अलग होता है।
भारतीय कंपनियां 'स्कॉच' का नाम कैसे इस्तेमाल करती हैं?
बाजार में सबसे ज्यादा भ्रम यहीं पैदा होता है। भारत में दो तरह की व्हिस्की बिकती है, पहली वह जो सीधे स्कॉटलैंड से बनकर आती है जो कि असली स्कॉच और दूसरी 'इंडियन-मेड फॉरेन लिकर' (IMFL), जो भारत में बनती है।
भारतीय कंपनियां अपने कई लोकप्रिय ब्रांड्स (जैसे ब्लेंडर्स प्राइड आदि) को बनाने के लिए स्कॉटलैंड से बड़े कंटेनरों (बल्क) में स्कॉच मंगवाती हैं और उसे भारत में बने ग्रेन स्पिरिट के साथ मिलाती हैं। चूंकि इसमें स्कॉच का कुछ हिस्सा मिला होता है, इसलिए कंपनियां इसका प्रचार करती हैं। लेकिन नियमों के मुताबिक, इसे 'स्कॉच व्हिस्की' नहीं बल्कि एक भारतीय ब्लेंडेड व्हिस्की ही माना जाएगा।
भारत में भी स्कॉच के नाम पर कानूनी विवाद
सिर्फ ब्रिटेन ही नहीं, भारत के कानून भी 'स्कॉच' नाम के गलत इस्तेमाल को रोकते हैं। 2011 में भारत के GI रजिस्टर में 'स्कॉच व्हिस्की' को आधिकारिक तौर पर दर्ज किया गया था (जो 2029 तक वैध है)। इसका सीधा मतलब है कि भारत में कोई भी कंपनी लोगों को भ्रमित करने के लिए अपनी शराब पर स्कॉच नहीं लिख सकती।
साल 2023 में दिल्ली हाई कोर्ट में ऐसा ही एक मामला सामने आया था। 'स्कॉच व्हिस्की एसोसिएशन' ने एक भारतीय कंपनी (Whiskin Spirits) पर केस किया था। बाद में हुए समझौते में कंपनी को मानना पड़ा कि भारत में बनी शराब के लिए 'स्कॉच ब्लेंडेड व्हिस्की' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना गलत है। यह लोगों को गुमराह कर सकता है।
सिंगल माल्ट और स्कॉच का फर्क
अक्सर लोग 'सिंगल माल्ट' को ही स्कॉच समझ बैठते हैं जबकि दोनों अलग बातें हैं। सिंगल माल्ट का मतलब है कि व्हिस्की किसी एक ही डिस्टिलरी में सिर्फ माल्टेड जौ से तैयार की गई है। अगर यह प्रक्रिया स्कॉटलैंड में हो तो वह 'स्कॉच सिंगल माल्ट' है और अगर भारत में हो तो वह 'इंडियन सिंगल माल्ट' कहलाती है। आज भारत की अमृत (Amrut), पॉल जॉन (Paul John) और रामपुर (Rampur) जैसी सिंगल माल्ट व्हिस्की पूरी दुनिया में धूम मचा रही हैं। ये कंपनियां अपनी व्हिस्की को स्कॉच बताकर नहीं, बल्कि 'भारतीय सिंगल माल्ट' की बेहतरीन गुणवत्ता के दम पर बेचती हैं। भारत के खाद्य सुरक्षा नियमों (FSSAI) में भी इसके लिए सख्त मानक तय हैं।
बड़ा बाजार और टैक्स को लेकर ताजा विवाद
कारोबार के लिहाज से भारत दुनिया में स्कॉच के सबसे बड़े खरीदारों में से एक है। 2025 में भारत में स्कॉच की 22 करोड़ से ज्यादा बोतलों के बराबर निर्यात हुआ था। खास बात यह है कि ब्रिटेन से भारत आने वाली कुल स्कॉच का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा बड़ी मात्रा में आता है। इसका इस्तेमाल यहीं की व्हिस्की बनाने में होता है।
यह भी पढ़ें: भारत में फैक्ट्रियां तो बढ़ीं लेकिन असली टेक्नोलॉजी का मालिक कौन?
नवंबर 2026 में स्कॉच के आयात टैक्स को लेकर एक नया विवाद भी गरमाया हुआ है। भारत और ब्रिटेन के बीच हुए व्यापार समझौते (FTA) के तहत स्कॉच पर लगने वाली भारी-भरकम 150% कस्टम ड्यूटी को घटाकर 75% (और अगले 10 साल में 40% तक) करने पर सहमति बनी थी। लेकिन अब भारत सरकार और शराब कंपनियों के बीच इस बात पर पेंच फंस गया है कि क्या यह टैक्स छूट कंटेनरों में आने वाली 'बल्क स्कॉच' पर भी लागू होगी या नहीं। सरकार इसे अलग श्रेणी मान रही है जबकि कंपनियों का कहना है कि बल्क में आने वाली शराब भी असली स्कॉच ही है, इसलिए उन्हें भी टैक्स में राहत मिलनी चाहिए।
