दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनी Nvidia के संस्थापक और CEO जेन्सन हुआंग एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। सिंगापुर की कंपनी 'मेगास्पीड' की पूर्व कार्यकारी एलिस हुआंग के साथ अपने निजी संबंधों को लेकर जेन्सन ने कर्मचारियों को पत्र भेजकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। एलिस हुआंग पर अमेरिकी अधिकारियों को चीनी खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का शक है। जेन्सन ने अपने ईमेल में माना कि उन्होंने अपनी पत्नी और परिवार के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा है कि वह इसकी पूरी जिम्मेदारी लेते हैं।
इस खुलासे के बाद Nvidia के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने मामले की स्वतंत्र जांच कराने का फैसला किया है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या जेन्सन को किसी विदेशी खुफिया नेटवर्क ने निशाना बनाया था। हालांकि, बोर्ड ने साफ किया है कि अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे यह लगे कि अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और कंपनी के गोपनीय तकनीकी डेटा के साथ कोई समझौता हुआ है। बोर्ड और कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि जेन्सन बिना किसी रुकावट के CEO पद पर बने रहेंगे।
यह भी पढ़ें: IT में गिरावट, सेंसेक्स चढ़ा; आज शेयर मार्केट की कैसी रही चाल? सोना-चांदी का भाव
जेन्सन हुआंग की सफाई
इस पूरे मामले में माफी मांगते हुए जेन्सन हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों के लिए एक लेटर लिखा है। उन्होंने लेटर में मामले पर सफाई देते हुए सार्वजनिक माफी मांगी है। कर्मचारियों और शेयरहोल्डर्स को लिखे पत्र में कहा, 'मैंने अपनी पत्नी को धोखा दिया है। मेरे इस कदम ने मेरे परिवार और बच्चों को बहुत ठेस पहुंचाई है। मैं इसकी पूरी जिम्मेदारी लेता हूं।'
आगे उन्होंने कहा, 'Nvidia का नेतृत्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। मैं जांच में पूरा सहयोग करूंगा। मैं अमेरिका और अपनी कंपनी की सुरक्षा के लिए पूरी तरह समर्पित हूं।' इससे पहले अक्टूबर के अंत में हुआंग ने 'ब्लूमबर्ग न्यूज' को दिए एक बयान में कहा था कि एलिस हुआंग के साथ उनके संबंध और बातचीत सिर्फ व्यावसायिक (मेगास्पीड कंपनी से जुड़ी) थे और पूरी तरह से सामान्य थे।
वहीं Nvidia के निदेशक मंडल ने एक बयान में कहा कि उसके पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या Nvidia की गोपनीय जानकारी से कोई समझौता हुआ है। लेकिन जांच में सभी उपलब्ध जानकारियों की पड़ताल की जाएगी।' कंपनी ने यह भी साफ कहा है, 'जेनसन हुआंग ‘जांच का पूरा समर्थन करते हैं और उन्होंने इसमें सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई है। जेनसन हुआंग जांच के दौरान भी कंपनी के सीईओ बने रहेंगे।'
राष्ट्रीय सुरक्षा पर उठे सवाल
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' और 'फाइनेंशियल टाइम्स' ने अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया कि सिंगापुर आधारित कंपनी 'मेगास्पीड' पर अमेरिकी अधिकारियों की नजर थी। मेगास्पीड Nvidia से AI चिप्स खरीदती है। साथ ही उस पर प्रतिबंधों के बावजूद इन आधुनिक चिप्स की जानकारी या एक्सेस चीन तक पहुंचाने का संदेह है। एजेंसियों ने पाया कि एलिस सीधे चीन की सरकार को जानकारी पहुंचा रही थीं। न्यूज पेपर के अनुसार, जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग के बीच कोई पारिवारिक संबंध नहीं है। एलिस हुआंग पहले चीन में टेलीविजन पत्रकार थीं। इसके बाद वह सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी ‘मेगास्पीड’ में शीर्ष अधिकारी बनीं। यह कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया में Nvidia के सबसे बड़े ग्राहकों में से एक बन गई है।
अमेरिकी संसद के शीर्ष रिपब्लिकन सांसदों ने इस मामले को बेहद गंभीर माना है। सांसदों ने जेन्सन हुआंग को संसद में तलब करने और इस पूरे मामले में जवाब देने की मांग की है। 2022 से अमेरिका ने चीन को उन्नत AI चिप्स की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध लगा रखे हैं। इसलिए इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें: सरकारी कंपनियों के पास हजारों करोड़ की संपत्ति, फिर आर्थिक तंगी क्यों रहती है?
डोनाल्ड ट्रंप का बयान
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में जेन्सन से सीधे बात नहीं की है लेकिन उन्हें हुआंग पर भरोसा है। ट्रंप ने कहा, 'वह एक सम्मानित व्यक्ति हैं और उन्होंने अद्भुत काम किया है। मुझे लगता है कि उनके पास अपनी बात रखने का कोई न कोई कारण जरूर होगा।' 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' के अनुसार, ट्रंप को करीब एक साल पहले ही इस खुफिया जानकारी के बारे में ब्रीफ किया गया था। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस विषय पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
बाजार विश्लेषकों का मानना है कि इस खबर से एनवीडिया के शेयरों पर दबाव बढ़ सकता है। एआई मार्केट में आई तेजी के दम पर कंपनी $4.5 ट्रिलियन के मूल्यांकन तक पहुंची थी लेकिन हाल के दिनों में एआई पर होने वाले खर्च को लेकर अनिश्चितता के कारण शेयरों में गिरावट आई है। जेन्सन हुआंग पिछले तीन दशकों से Nvidia का मुख्य चेहरा रहे हैं। अगर जांच के बाद उनके पद पर कोई खतरा आता है तो इससे निवेशकों का भरोसा डगमगा सकता है।
