मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर अब पूरी दुनिया पर देखने को मिल रहा है। इस हफ्ते के पहले ही दिन शेयर मार्केट धड़ाम हो गया है। सोमवार को जापान का बेंचमार्क शेयर इंडेक्स Nikkei 225 में भारी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार सुबह ट्रेडिंग शुरू होने के तुरंत बाद Nikkei 225 करीब 6.2 प्रतिशत गिरकर 52,166.92 पर पहुंच गया। इसके साथ ही साउथ कोरिया, अमेरिका के बाजारों में भी असर देखने को मिला।
अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद से ईरान ने जवाबी कार्रवाई शुरू की जिससे हालात चिंताजनक हो रहे हैं। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है, जो पूरी दुनिया में मंहगाई बढ़ने का संकेत है। शेयर बाजारों में तो बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं। बीते सप्ताह इंडियन स्टॉक मार्केट में भी काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बीते शुक्रवार बीएसई का सेंसेक्स 1097 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ था, वहीं, एनएसई निफ्टी फिफ्टी 315 नंबर फिसलकर बंद हुआ था। अब पिछले हफ्ते के ट्रेंड इस हफ्ते भी जारी रहने की आशंका है।
यह भी पढ़ें: 'सिर्फ बेवकूफ ही...', तेल महंगा होने पर कैसी दिलासा देने लगे डोनाल्ड ट्रंप?
भारतीय शेयर मार्केट धड़ाम
इस हफ्ते शेयर मार्केट में कारोबार की शुरुआत होने पर बीएसई का सेंसेक्स अपने पिछले कारोबारी क्लोज बंद 78,918.90 की तुलना में भारी गिरावट के साथ 77,056.75 पर खुला। मार्केट ओपन होते ही कुछ ही मिनटों में यह इंडेक्स 2400 अंक से ज्यादा गिरावट लेकर 76.424 तक आ गया। वहीं, दूसरी ओर एनएसई का निफ्टी भी पिछले शुक्रवार के बंद 24,450 के मुकाबले फिसलकर 23,868 पर ओपन हुआ और फिर सेंसेक्स की ही तरह यह भी 700 अंको से ज्यादा फिसलकर 23,697 के लेवल पर आ गया है।
एशियन मार्केट भी क्रैश
सोमवार को एशियाई मार्केटों में 6 प्रतिशत की गिरावट आई है। इसके पीछे मुख्य कारण मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण तेल की कीमतों में उछाल आया है। 2022 के बाद पहली बार तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के लेवल को पार कर गईं। जापान का निक्की 225 इंडेक्स 6.22 प्रतिशत गिरकर 53,000 के लेवल से भी नीचे आ गया है, जो 6 फरवरी के बाद पहली बार हुआ है, जबकि टॉपिक्स में 5.27 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। कोस्पी इंडेक्स में गिरावट से सर्किट ब्रेकर चालू हो गए और ट्रेडिंग 20 मिनट के लिए रोक दी गई।
इंडिगो से SBI तक गिरे शेयर
शेयर मार्केट में भारी गिरावट के चलते लार्जकैप से लेकर स्मॉलकैप तक सभी कैटेगरी में लाल रंग नजर आ रहा है। सबसे ज्यादा गिरावट वाले शयरों की बात करें, तो लार्जकैप में इंडिगो के शेयर 8 प्रतिशत, एसबीआई के शेयर 5.90 प्रतिशत, टाटा स्टील के शेयर 4.99 प्रतिशत, एशियन पेंट्स के शेयर 4.71 प्रतिशत, एलटी के शेयर 4.7 प्रतिशत, मारुति के शेयर 4.67 प्रतिशत, एक्सिस बैंक के शेयर 4.02 प्रतिशत और अडानी पोर्ट्स शेयर 3.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। मिडकैप में हिंदुस्तान पेट्रोलियम, फेडरल बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में भी गिरावट में ट्रेंड कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट-अमेरिका पर सफाई देगी सरकार, आज संसद में बोलेंगे विदेश मंत्री
अमेरिका से कोरिया तक बुरा हाल
पिछले हफ्ते भारतीय बाजार के साथ-साथ अमेरिकी बाजार भी क्रैश हो गया था। पिछले हफ्ते आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को अमेरिका में डाउ फ्यूचर्स 1120 अंक या 2.36 फीसदी गिरकर बंद हुआ था, तो वहीं डाउ जोनस 453 अंक टूटकर 47,522 पर बंद हुआ था। अमेरिका के अलावा जापान और कोरिया जैसे देशों का शेयर मार्केट भी क्रैश हो गया। जापान का निक्केई बुरी तरह क्रैश हो गया और साउथ कोरिया का कोस्पी 440 अंक फिसलकर 5,096 पर आ गया।
