हफ्ते के पहले दिन ही शेयर मार्केट में भारी गिरावट देखने को मिली है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर सुबह 9:15 बजे सेंसेक्स 258.60 अंक यानी 0.35% टूटकर 72,865.23 पर खुला। वहीं, BSE बैंकेक्स 172.97 अंक यानी 0.28% गिरकर 60,913.74 पर आ गया। BSE फोकस्ड IT इंडेक्स में सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली। यह 630.69 अंक यानी 1.66 प्रतिशत टूटकर 37,465.66 पर खुला।
दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) भी आज लाल निशान पर रहा। सुबह 9:16 बजे निफ्टी-50 93.05 अंक यानी 0.41% गिरकर 22,506.95 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी बैंक 104.50 अंक यानी 0.19% टूटकर 54,182.85 पर आ गया। निफ्टी नेक्स्ट 50 में 0.59% और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 0.29% की गिरावट दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें: टाटा संस को शेयर बाजार में लाने पर जोर क्यों दे रहा RBI, समझें पूरा मामला
कैसा रहा कंपनियों का हाल?
आज सुबह 9:16 बजे BSE पर 30 में से केवल 5 शेयर हरे निशान में दिखे, बाकी 25 लाल थे। इनमें कोटक बैंक सबसे आगे रहा और 3.09 फीसदी चढ़कर 443.40 पर पहुंच गया। सन फार्मा, ITC, एक्सिस बैंक और अदानी पोर्ट्स भी मामूली बढ़त में रहे। दूसरी तरफ इंफोसिस सबसे ज्यादा 2.24% टूटा। बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, HCL टेक और टाइटन में भी 1.2% से 1.7% तक की गिरावट दिखी।
IT शेयरों पर सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली है। इसमें इंफोसिस, HCL टेक, टेक महिंद्रा और TCS सब नीचे थे। बैंकिंग में हाल मिला-जुला रहा, कोटक और एक्सिस चढ़े, पर HDFC बैंक, ICICI बैंक और SBI गिरावट दिखी।
घरेलू बाजार में सोने चांदी का भाव?
घरेलू बाजार में भी सोने-चांदी दोनों के दाम में तेजी आई है। बाजार खुलते ही सोना चढ़कर करीब 1.43 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास ट्रेड करता दिखा। वहीं चांदी 1.97 लाख प्रति किलोग्राम के आसपास ट्रेड करती दिखी। लगातार गिरावट के बाद आज हफ्ते के पहले दिन 24 कैरेट सोना करीब ₹142,810 प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है, जबकि 22 कैरेट सोना लगभग ₹130,909 प्रति 10 ग्राम के आसपास बना हुआ है।
इसके अलावा, 18 कैरेट गोल्ड 107,108 प्रति 10 ग्राम के करीब ट्रेड कर रहा है। बुलियन मार्केट में चांदी के भाव लगभग ₹197,300 प्रति किलोग्राम के आसपास ट्रेड करता नजर आया।
