स्कूल खत्म होते ही या बोर्ड एग्जाम के तुरंत बाद या फिर ग्रेजुएशन पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए ज्यादातर लोग कॉलेज की तलाश करते हैं। कोई कॉलेज की रैंकिंग देखता है तो कोई उसकी वेबसाइट, प्लेसमेंट, कैंपस और एज्स से प्रभावित होकर दाखिला लेने का फैसला करता है। कई बार तो खबरें आती हैं कि कॉलेज में एडमिशन तो ले लिया लेकिन उस कोर्स के लिए तो कॉलेज के पास मान्यता ही नहीं थी। कॉलेज चुनते समय सबसे जरूरी सवाल यह है कि संस्थान और उसमें संचालित होने वाले कोर्स को संबंधित सरकारी नियामक संस्था से मान्यता मिली है या नहीं।
अच्छी रैंकिंग, बड़ा कैंपस या 100 फीसदी प्लेसमेंट का दावा किसी कॉलेज की वैधता की गारंटी नहीं है। इसलिए दाखिले से पहले रैंकिंग से ज्यादा रिकॉग्निशन यानी मान्यता और कोर्स की मंजूरी की जांच करना जरूरी है। इसमें भी आपको अपने कोर्स की मान्यता के बारे में जानकारी होना जरूरी है। साथ ही उस कोर्स से जुड़ी नियामक संस्था ने कॉलेज पर कोई प्रतिबंध तो नहीं लगाया इसकी जांच करना भी जरूरी है। ज्यादातर छात्रों के मन में सवाल होगा कि यह जांच कैसे करेंगे।
यह भी पढ़ें: 9वीं-10वीं क्लास में मिलेगी शेयर मार्केट की जानकारी, CBSE का प्लान समझिए
बेसिक समझिए
सबसे पहले यह समझें कि विश्वविद्यालय और कॉलेज की मान्यता अलग-अलग हो सकती है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की वेबसाइट ugc.gov.in पर जाकर HEIs सेक्शन में विश्वविद्यालयों की सूची देखें। यहां सेंट्रल, स्टेट, प्राइवेट और डीम्ड यूनिवर्सिटी की अलग-अलग सूची उपलब्ध है। साथ ही फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची भी दी गई है। अपने संस्थान का नाम, पता और स्थापना से जुड़ी जानकारी मिलाएं। ध्यान रखें कि किसी विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेज होने का दावा करने वाले संस्थान की संबद्धता भी संबंधित विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जांचें। केवल UGC का नाम एड्स में लिख देने से संस्थान मान्यता प्राप्त नहीं हो जाता।
UGC की मान्यता पर्याप्त नहीं
इसके अलावा बेहद जरूरी बात यह है कि UGC से मान्यता मिलने का मतलब यह नहीं कि कॉलेज हर प्रोफेशनल कोर्स चला सकता है। कोई विश्वविद्यालय UGC से मान्यता प्राप्त है, लेकिन उसके यहां चलने वाले लॉ कोर्स को बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) की जरूरी मंजूरी नहीं मिली है, तो उस कोर्स की मान्यता और डिग्री की वैधता पर सवाल खड़ा हो सकता है। इसलिए BA-LLB, LLB जैसे कोर्स में दाखिला लेने से पहले बार काउंसिल ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर कॉलेज और संबंधित कोर्स की मान्यता जांचें। सिर्फ विश्वविद्यालय की मान्यता देखकर लॉ में दाखिला न लें।
कैसे करें जांच?
इसी तरह इंजीनियरिंग, टेक्निकल और मैनेजमेंट के कई संस्थानों के लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) की मंजूरी जरूरी हो सकती है। AICTE की वेबसाइट पर में संस्थान, कोर्स और शैक्षणिक सत्र के हिसाब से जानकारी देखें। हालांकि, कुछ विश्वविद्यालयों को नियमों के तहत AICTE की अलग मंजूरी से छूट होती है। मेडिकल यानी MBBS के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC), डेंटल के लिए डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया (DCI), फार्मेसी के लिए फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI), नर्सिंग के लिए इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) और शिक्षक प्रशिक्षण के B.Ed. जैसे कोर्स के लिए नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन (NCTE) की वेबसाइट पर मान्यता जांचें।
आर्किटेक्चर के लिए काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर (CoA), आयुर्वेद, यूनानी और सिद्ध चिकित्सा के लिए नेशनल कमीशन फॉर इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन (NCISM), होम्योपैथी के लिए नेशनल कमीशन फॉर होम्योपैथी (NCH), पशु चिकित्सा के लिए वेटरनरी काउंसिल ऑफ इंडिया (VCI) और विशेष शिक्षा व पुनर्वास से जुड़े कोर्स के लिए रिहैबिलिटेशन काउंसिल ऑफ इंडिया (RCI) की मंजूरी देखें। कृषि शिक्षा में ICAR की मान्यता और एक्रिडिटेशन की स्थिति भी जांचना उपयोगी है। UGC की वेबसाइट पर इन प्रोफेशनल काउंसिलों की सूची भी मिल जाएगी।
यह भी पढ़ें: QS रैंकिंग: IIT दिल्ली दुनिया के टॉप 200 में, JNU की टॉप 500 में वापसी
इन बातों का भी रखें ध्यान
सिर्फ कॉलेज का नाम देखकर संतुष्ट न हों। संबंधित नियामक संस्था की वेबसाइट पर यह जरूर देखें कि मंजूरी उसी कैंपस, उसी कोर्स और उसी शैक्षणिक सत्र के लिए है, जिसमें आप दाखिला लेने जा रहे हैं। कई बार संस्थान को एक कोर्स की मंजूरी होती है, लेकिन वह दूसरे कोर्स का भी संचालन करने लगता है। यह भी देखें कि कॉलेज को कितनी सीटों की अनुमति मिली है। अगर संस्थान ऑनलाइन या डिस्टेंस एजुकेशन से डिग्री देने का दावा करता है, तो UGC के डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो (DEB) की वेबसाइट deb.ugc.ac.in पर संबंधित सत्र और कोर्स की मान्यता जांचें। पुराने साल की मंजूरी अगले सत्र के लिए अपने आप मान्य नहीं होती।
