पश्चिम बंगाल में पहले चरण की वोटिंग के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा में मुर्शिदाबाद है। मुर्शिदाबाद वही जिला है जहां की नवदा और रेजिनगर सीट से हुमायूं कबीर चुनाव लड़ रहे हैं। अब मुर्शिदाबाद में बमबारी की घटना के बाद हंगामा हो गया है। बम लगने से घायल हुई एक महिला का कहना है कि हुमायूं कबीर की पार्टी के लोगों ने बम मारे। वहीं, घटनास्थल पर पहुंचे हुमायूं कबीर के समर्थकों और तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और नारेबाजी भी हुई। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पुलिस और हुमायूं कबीर के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

 

रिपोर्ट के मुताबिक, मुर्शिदाबाद के ही कुछ बूथ पर ईवीएम में गड़बड़ी आने के कारण वोटिंग शुरू होने में देरी भी हुई। मुर्शिदाबाद में ही मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) के एक एजेंट पर हमला किए जाने की घटना भी सामने आई है। आरोप है कि सीपीएम के एजेंट की अंगुली काट ली गई। कहा जा रहा है कि बुधवार रात से ही मुर्शिदाबाद के कई इलाकों में इस तरह की घटनाएं हुईं जिनके चलते सुबह तक माहौल बिगड़ गया।

 

यह भी पढ़ें: Live: तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में वोटिंग जारी, पढ़ें हर जरूरी अपडेट

धरने पर बैठे हुमायूं कबीर

धरने पर बैठे हुमायूं कबीर ने कहा है, 'नवदा पुलिस ने रात भर हमारे समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की। लाठीचार्ज किया और घर में घुसकर मारा। यह नहीं होना चाहिए। चुनाव आयोग को इनके खिलाफ कार्रवाई करना चाहिए। इनको थाने से उठाकर लाइन में बंद करना चाहिए और नया ऑफिसर भेजना चाहिए। मैं यही बैठा रहूंगा। टीएमसी वाले गुंडागर्दी कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करना चाहिए।'

महिला ने हुमायूं कबीर के समर्थकों पर लगाए आरोप

बमबारी में घायल हुई एक महिला ने अपनी चोट दिखाते हुए कहा है, 'कल रात को मैं लगभग 8 बजे नमाज पढ़ने गई थी। मैं बाहर खड़ी थी कि इतने में दो लड़के आए और मेरे पैर के पास बम फेंक दिया। मेरे हाथ में चोट लगी है। वे लोग हुमायूं कबीर की पार्टी के थे।'

इस घटना के बारे में हुमायूं कबीर ने कहा है, 'नवदा, रेजिनगर और मुर्शिदाबाद की सभी 22 सीटों पर शांतिपूर्ण चुनाव हो रहा है। नवदा के 9 नंबर और 10 नंबर बूथ पर कुछ तो हुआ है, रात भर कुछ झमेला हुआ है। लोकल पुलिस का बैग तक छीन लिया। चलिए देखते हैं कहां क्या झमेला है।'

 

यह भी पढ़ें: 'मेरे 25-26 कैंडिडेट पैसा लेकर TMC में भाग गए', वोटिंग से पहले बोले हुमायूं कबीर

हुमायूं कबीर जब बमबारी वाले इलाकों में गए तो उनके समर्थकों और टीएमसी के समर्थकों के बीच जमकर कहासुनी हुई और धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद टीएमसी समर्थकों ने पुलिस और हुमायूं कबीर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस घटना के बारे में एएसपी माजिद खान ने कहा है कि कहीं कुछ नहीं है, सबकुछ शांतिपूर्ण है।