तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 23 अप्रैल को वोटिंग हुई। पूरे राज्य की 234 सीटों पर लोगों ने मतदान किया और 4,000 से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद हो गई। दूसरी तरफ राज्य के कई गांवों में लोगों ने वोटिंग का बायकॉट भी किया। कहीं स्कूल को लेकर लोग नाराज थे तो कहीं पानी की टंकी जैसी बुनियादी समस्याओं के कारण ग्रामीणों ने वोट न डालने का फैसला लिया।
धर्मपुरी जिले के के. ईचमपडी गांव, पुडुकोट्टई जिले के वेंगाइवायल गांव और नांगुनेरी क्षेत्र के पेरुम्पथु गांव से वोटिंग को बायकॉट करने की खबर सामने आई। जबकि तमिलनाडु में इस बार रिकॉर्ड तोड़ चुनाव हुआ। जिस पर भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, 'आजादी के बाद से पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक का सबसे ज्यादा मतदान हुआ है। चुनाव आयोग इन दोनों राज्यों के हर वोटर को सलाम करता है।'
यह भी पढ़ें: कहीं दौड़ाए गए BJP प्रत्याशी, कहीं CAPF पर हमला, बंगाल चुनाव में क्या-क्या हुआ?
इन गांवों के लोगों ने किया मतदान का बायकॉट
धर्मपुरी जिले के के. ईचमपडी गांव में सभी 956 मतदाताओं ने वोट न डालने का फैसला लिया, जिससे पूरे इलाके में बूथ खाली नजर आए। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने अपने स्तर पर एक नया स्कूल भवन तैयार किया है, जिसमें सभी जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं। इसके बावजूद सरकार ने पुराने स्कूल को नए भवन में शिफ्ट करने की अनुमति नहीं दी। कई बार शिकायत और गुहार लगाने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला, जिसके चलते गांव वालों ने पहले ही चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दे दी थी। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने के लिए कई दौर की बातचीत की, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला।
पुडुकोट्टई जिले के वेंगाइवायल गांव में भी लोगों ने वोट नहीं डाले। यहां कुछ साल पहले पानी की टंकी में गंदगी मिलाने की घटना हुई थी, जिसके आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीण अब भी प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कारण उन्होंने चुनाव से दूरी बनाई।
नांगुनेरी क्षेत्र के पेरुम्पथु गांव में डबल मर्डर केस में कार्रवाई न होने के विरोध में कई घंटों तक एक भी वोट नहीं पड़ा। वहीं तूतीकोरिन जिले के एट्टयापुरम के पास एक गांव में रास्ते के विवाद को लेकर मतदान का बहिष्कार किया गया। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबकि यहां 983 में से केवल 5 लोगों ने ही वोट डाला।
यह भी पढ़ें: 'TMC ने हमला किया', बंगाल चुनाव में BJP उम्मीदवार को खेतों तक दौड़ाकर पीटा
तमिलनाडु में रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए वोटिंग गुरुवार शाम 6 बजे खत्म हो गई। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में कुल 84.80% मतदान हुआ। तमिलनाडु के कई जिलों में लोगों ने बढ़-चढ़कर वोट डाला। करूर सबसे आगे रहा, जहां 92.48% वोटिंग हुई। इसके बाद सेलम में 90.42%, धर्मपुरी में 90.02%, इरोड में 89.97% और नामक्कल में 89.63% मतदान दर्ज किया गया। अगर पिछले चुनाव से तुलना करें तो 2021 के विधानसभा चुनाव में तमिलनाडु में 76.6% वोटिंग हुई थी। यानी इस बार लोगों का उत्साह काफी ज्यादा देखने को मिला।
