कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजे रास नहीं आए हैं। उन्होंने मंगलवार को दावा किया कि असम और पश्चिम बंगाल में 'जनादेश की चोरी' हुई है, न कि स्वस्थ लोकतांत्रिक तरीके से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जीत हुई है।
राहुल गांधी ने चुनाव के नतीजों को भारतीय जनता पार्टी का मिशन बताया है। उन्होंने कहा कि यह बात कांग्रेस के 'कुछ लोगों' और उन दूसरे लोगों को अच्छी तरह समझने की जरूरत है जो पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की हार से खुश हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें: केजरीवाल, ममता, नवीन की हार से कांग्रेस मन ही मन खुश क्यों है? विस्तार से समझिए
क्यों राहुल गांधी को अखर रही है यह जीत?
बीजेपी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 206 सीटें जीतकर पहली बार सरकार बनाने जा रही है। बीजेपी ने असम में जीत की हैट्रिक लगाई है।
राहुल गांधी, नेता विपक्ष, लोकसभा:-
कांग्रेस में कुछ लोग और अन्य लोग टीएमसी की हार पर खुश हो रहे हैं। उन्हें यह स्पष्ट रूप से समझने की जरूरत है कि असम और बंगाल के जनादेश की चोरी भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने के अपने मिशन में बीजेपी का एक बड़ा कदम है।
'...यह चुनाव भारत के बारे में है'
राहुल गांधी ने कहा, 'क्षुद्र राजनीति को किनारे रखें, यह किसी एक पार्टी या दूसरी पार्टी के बारे में नहीं है, यह भारत के बारे में है।'
यह भी पढ़ें: प्रदर्शन न जनाधार फिर भी इन नेताओं को राज्यों की कमान क्यों सौंपती है कांग्रेस?
ममता बनर्जी को भी खटक रही है यह जीत
पश्चिम बंगाल की मौजूदा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को दावा किया था कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने 100 सीटों की लूट की है। राहुल गांधी ने उनके दावे का समर्थन किया था और आरोप लगाया था कि निर्वाचन आयोग की मदद से बीजेपी ने असम और पश्चिम बंगाल में चुनाव की चोरी की है।
