हिंदी के साथ साउथ फिल्मों के जाने-माने अभिनेता और दमदार विलेन के तौर पर अपनी पहचान बनाने वाले प्रदीप रावत का 74 साल की उम्र में निधन हो गया। वह काफी समय से कैंसर से लड़ रहे थे। बीमारी दोबारा लौटने के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई और मंगलवार को उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। कई कलाकारों और उनके चाहने वालों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने आमिर खान की लगान और गजनी जैसी सुपरहिट फिल्मों में भी अपनी एक्टिंग से फैंस का दिल जीता था।

 

प्रदीप रावत के मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने उनके निधन की पुष्टि की है। उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में बताया कि प्रदीप रावत पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे। उनके परिवार में पत्नी और बेटे विक्रमादित्य हैं। चार दशक से भी लंबे करियर में प्रदीप रावत ने सिर्फ हिंदी ही नहीं, बल्कि तेलुगु, तमिल और नेपाली फिल्मों में भी अपनी दमदार पहचान बनाई।

 

यह भी पढ़ें: 'सेट पर आया था प्राइवेट बॉयफ्रेंड...', आंचल खुराना ने शिवांगी जोशी को बताया फेक

'महाभारत' से मिली पहचान

प्रदीप रावत ने अपने अभिनय की शुरुआत टेलीविजन से की थी। उन्हें बी आर चोपड़ा के चर्चित धारावाहिक 'महाभारत' में अश्वत्थामा की भूमिका निभाकर घर-घर पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया और खलनायक व चरित्र अभिनेता के रूप में अपनी अलग छाप छोड़ी। उनकी दमदार आवाज और प्रभावशाली अभिनय ने उन्हें फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बना दिया।

लगान से गजनी तक निभाए यादगार किरदार

प्रदीप रावत ने अपने करियर में कई यादगार फिल्मों में काम किया। लगान, गजनी, स्ये, राउडी राठौर और कई सुपरहिट तेलुगु फिल्मों में उनके नकारात्मक किरदारों को दर्शकों ने खूब पसंद किया। खासकर गजनी में निभाया गया देवा का किरदार आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय है। अपने चार दशक लंबे फिल्मी सफर में उन्होंने हर भूमिका को प्रभावशाली अंदाज में निभाया। उनके निधन से भारतीय सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिसकी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और अभिनय को लंबे समय तक याद किया जाएगा।