आंध्र प्रदेश के तेलुगु फिल्म 'पेड्डी' के निर्देशक बुची बाबू सना ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया है। उन्होंने फिल्म में एक्ट्रेस जान्हवी कपूर के सीन्स को गलत तरीके से दिखाने के लिए दर्शकों से माफी मांगी है। बुची बाबू ने कहा कि सिनेमा का काम लोगों का मनोरंजन करना है किसी को भी परेशान करना नहीं। उन्होंने दर्शकों के फीडबैक को गंभीरता से लेते हुए साफ किया है कि सिनेमाघरों में चल रही फिल्म से विवादित हिस्सों को हटाया और बदला जा रहा है।

 

यह विवाद तब शुरू हुआ जब दर्शकों ने सिनेमाघरों में फिल्म देखी। फिल्म में जान्हवी कपूर ने मुख्य अभिनेता राम चरण की प्रेमिका का रोल निभाया है। दर्शकों का आरोप है कि फिल्म में जान्हवी कपूर के सीन्स को बहुत गलत तरीके से फिल्माया गया है और कैमरे का फोकस सिर्फ उनके शरीर को दिखाने पर था। इसके अलावा एक सीन में राम चरण का किरदार जान्हवी को उनकी मर्जी के बिना किस करता है। दर्शकों को यह सब देखकर आपत्ति हुई और उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म की आलोचना की।

 

यह भी पढ़ें: पानी की तरह बहाए पैसे और खूब हुआ विवाद, फिर भी बॉक्स ऑफिस पर ढेर वरुण की फिल्म

निर्देशक बुची बाबू सना ने दी सफाई

विवाद बढ़ता देख निर्देशक बुची बाबू सना ने अपना बयान जारी किया। उन्होंने कहा, 'मेरा इरादा कभी भी किसी महिला किरदार का अनादर करने का नहीं था। मैं वास्तविक जीवन और पर्दे पर, दोनों जगह महिलाओं का बहुत सम्मान करता हूं।' उन्होंने आगे सफाई देते हुए कहा, 'फिल्म का उद्देश्य केवल दोनों मुख्य कलाकारों के बीच एक चुलबुली और प्यारी प्रेम कहानी को दिखाना था।' जब दर्शकों को यह तरीका पसंद नहीं आया, तो उन्होंने जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए तुरंत माफी मांग ली। उन्होंने आखिर में कहा, 'भविष्य में महिला किरदारों को लिखने और उन्हें पर्दे पर दिखाने में मेरे द्वारा पूरी सावधानी बरती जाएगी।'

 

यह फिल्म एक स्पोर्ट्स ड्रामा है जो आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म का मुख्य किरदार पेड्डी यानी राम चरण एक खिलाड़ी है जो अपने गुमनाम से गांव के हक, पहचान और आत्मसम्मान के लिए एक बड़ी लड़ाई लड़ता है। इस संघर्ष के दौरान उसे कई तरह के परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

 

यह भी पढ़ें: रवीना टंडन की मां की केयरटेकर ने चुराए 25 लाख के गहने, अब हुई गिरफ्तार

अगले प्रोजेक्ट्स

आने वाले प्रोजेक्ट्स की बात करें तो इस फिल्म के बाद जान्हवी कपूर बहुत जल्द टाइगर श्रॉफ के साथ फिल्म 'लग जा गले' में नजर आएंगी। वहीं दूसरी तरफ सुपरस्टार राम चरण इसके बाद अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'रंगस्थलम' के निर्देशक सुकुमार के साथ अपनी आने वाली फिल्म 'RC17' के लिए काम शुरू करेंगे।