हैदराबाद पुलिस ने एक साल बाद संध्या थिएटर भगदड़ मामले में 23 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इसमें तेलुगु सुपरस्टार अल्लू अर्जन और उनके सुरक्षा स्टाफ के नाम शामिल है। पिछले साल 4 दिसंबर हुई भगदड़ में एक महिला की जान गई थी। बाद में हैदराबाद पुलिस ने अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार भी किया था। हालांकि उन्हें अदालत से जमानत मिल चुकी है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने अल्लू अर्जुन समेत कुल 23 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। अल्लू अर्जुन को 11 नंबर का आरोपी बनाया गया है, वहीं संध्या थिएटर के मैनेजमेंट को मुख्य आरोपी बताया गया है। चार्जशीट में अल्लू अर्जुन की सुरक्षा टीम से जुड़े लोगों के नाम भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: दिग्विजय सिंह ने क्यों की BJP और RSS की तारीफ, कांग्रेस को क्या संदेश?
कैसे मची थी भगदड़?
पिछले साल अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2' रिलीज हुई थी। 4 दिसंबर को हैदराबाद के चिक्कड़पल्ली में स्थित संध्या थिएटर में फिल्म की स्क्रीनिंग रखी गई थी। यहां अभिनेता अल्लू अर्जुन को भी आना था। अपने चाहेते अभिनेता की एक झलक पाने की खातिर फैंस की बड़ी भीड़ जुट गई। भीड़ इतना बेकाबू हो गई कि वहां भगदड़ मच गई। इस हादसे में 35 वर्षीय महिला की जान गई और 8 साल का उनका बेटा घायल हो गया था।
अल्लू अर्जुन को हाई कोर्ट से मिल चुकी जमानत
5 दिसंबर को हैदराबाद पुलिस ने चिक्कड़पल्ली थाने में मृतका के परिजनों की शिकायत पर अभिनेता अल्लू अर्जुन, थिएटर मैनेजमेंट और सिक्योरिटी टीम के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। 13 दिसंबर को पुलिस ने अल्लू अर्जुन को हैदराबाद स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। अगले दिन यानी 14 दिसंबर को अभिनेता को तेलंगाना हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत और बाद में नियमित जमानत मिल गई।
यह भी पढ़ें: कृषि कानूनों की तरह वापस होगा VB-G RAM G? कांग्रेस का CWC एजेंडा तैयार
भगदड़ में जान गंवाने वाली महिला की पहचान रेवती के तौर पर हुई थी। घटना के दो दिन बाद 6 दिसंबर को अल्लू अर्जुन ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश के माध्यम से दुख व्यक्त किया था। तब उन्होंने परिवार से मिलने और हर संभव मदद का भरोसा दिया था। उन्होंने परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात भी कही थी।
