बॉलीवुड के स्वर्गीय अभिनेता देव आनंद के घर दुख का माहौल है। स्वर्गीय देव आनंद के बेटे सुनील आनंद का निधन हो चुका है। सुनील आनंद ने 70 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। उनकी मृत्यु की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। देव आनंद की तरह सुनील आनंद ने भी एक्टिंग में अपना करियर बनाने की कोशिश की थी। इसके लिए उन्होंने कुछ फिल्मों में काम भी किया था।

 

सुनील आनंद ने अपने जीवन की आखिरी सांस 28 जुलाई को ली थी, जिसके बाद सुनील आनंद के परिवार ने शोक व्यक्त किया। जानकारी के लिए बता दें, सुनील आनंद का जन्म स्विट्जरलैंड में हुआ था। इसके बाद उन्होंने अपनी पूरी पढ़ाई अमेरिका में की थी। सुनील आनंद ने पूरे जीवन में शादी नहीं की थी। इसी वजह से माता-पिता की मृत्यु के बाद उनकी बहन देविना आनंद ही उनका परिवार थीं।

 

यह भी पढ़ें: जन्नत जुबैर और अली गोनी ने जीत लिया 'लाफ्टर शेफ्स सीजन 3', खास क्या रहा?

ऐक्टिंग में आजमाया हाथ

साल 1984 में देव आनंद ने खुद अपने बेटे को फिल्मों में लॉन्च किया था। उस दौर में आनंद और आनंद नाम की फिल्म आई थी, जिसमें सुनील आनंद एक्टिंग करते नजर आए थे। यह फिल्म लोगों को कुछ खास पसंद नहीं आई, इसी वजह से यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई। इसके बावजूद सुनील आनंद निराश नहीं हुए और आगे चलकर दो और फिल्मों में काम किया। हालांकि, वह अपनी एक्टिंग के जरिए लोगों का दिल नहीं जीत पाए। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर में 'आनंद और आनंद', 'मैं तेरे लिए' और 'कार थीफ' फिल्म में काम किया था।

 

एक्टिंग में नाकाम रहने के बाद सुनील आनंद पिता की प्रोडक्शन कंपनी में काम करने लगे, जहां उन्होंने बतौर निर्देशक काम किया। सुनील आनंद ने 2001 में मास्टर फिल्म का निर्देशन किया था। यह फिल्म मार्शल आर्ट्स पर बनाई गई थी, जो उस दौर के दर्शकों को कुछ खास पसंद नहीं आई, इसलिए फिल्म फ्लॉप हो गई।

 

यह भी पढ़ें: टीवी इतिहास के सबसे लंबे सफर वाले शो, 20 साल बाद भी बरकरार है इनका जलवा

2011 में हुआ देव आनंद का निधन

2011 में देव आनंद का निधन हुआ था, जिसके बाद सुनील ने प्रोडक्शन कंपनी नवकेतन फिल्म्स की जिम्मेदारी संभाल ली। हालांकि, उन्होंने बॉलीवुड की चकाचौंध से दूरी बना ली थी और पूरा जीवन लाइमलाइट के बिना ही जिया।