मराठी फिल्मों और हिंदी वेब सीरीज की जानी-मानी एक्ट्रेस प्रिया बापट ने हाल ही में अपने शुरुआती दिनों का एक बहुत ही खराब अनुभव शेयर किया है। प्रिया ने बताया कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके को-एक्टर ने तय बात से अलग हटकर गाने के बीच में उन्हें बार-बार जबरन किस करना शुरू कर दिया था। इस किसिंग सीन को लेकर प्रिया शुरू से तैयार नहीं थीं और जब को-एक्टर की बदतमीजी बहुत बढ़ गई तो उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वह क्या करें। इस पूरे मामले को लेकर प्रिया ने अब जाकर खुलकर बात की है।
प्रिया बापट ने 'फिल्मफेयर' को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि यह बात तब की है जब वह इंडस्ट्री में नई थीं और उन्होंने 'सिटी ऑफ ड्रीम्स' जैसी बड़ी सीरीज में काम नहीं किया था। फिल्म में सिर्फ एक किसिंग सीन था लेकिन प्रिया को स्क्रिप्ट रीडिंग के समय से ही इस पर शक था। वह बार-बार डायरेक्टर से पूछ रही थीं कि इस सीन की फिल्म में क्या जरूरत है और इसे कैसे सही ठहराया जा सकता है क्योंकि वह सीन वहां बिल्कुल फिट नहीं बैठ रहा था। बाद में अपनी झिझक दूर करने और फिल्म का काम पूरा करने के लिए वह यह सीन करने के लिए मान गई। जब शूटिंग के वक्त को-एक्टर अपनी मनमानी करने लगा तब प्रिया इतनी परेशान हो गईं कि अपने लिए कोई स्टैंड भी नहीं ले पाई।
यह भी पढ़ें: 'पेड्डी' में जाह्नवी कपूर के बोल्ड सीन हटाए जाएंगे? बुची बाबू ने माफी मांग ली
को-एक्टर ने किया परेशान
यह परेशानी सिर्फ कैमरे के सामने तक ही नहीं रुकी। प्रिया ने बताया कि उस को-एक्टर ने शूटिंग के बाहर भी उनसे नजदीकी बढ़ाने की कोशिश की। प्रिया के मना करने के बाद भी वह उनके इशारों को नहीं समझ रहा था। दोनों भोपाल में शूटिंग के दौरान एक ही होटल के अलग-अलग कमरों में रुके थे जिसकी वजह से प्रिया खुद को बहुत बेबस महसूस कर रही थीं। प्रिया की तरफ से बार-बार मना करने के बावजूद वह एक्टर उन्हें कभी नाश्ते तो कभी डिनर पर मिलने के लिए लगातार जिद करता रहता था।
यह भी पढ़ें: पानी की तरह बहाए पैसे और खूब हुआ विवाद, फिर भी बॉक्स ऑफिस पर ढेर वरुण की फिल्म
पति उमेश कामत को आना पड़ा भोपाल
इस पूरे माहौल से प्रिया बापट इतनी ज्यादा परेशान हो गई थीं कि वह रोज रात को मुंबई में अपने पति उमेश कामत को फोन करती थीं और रोते हुए अपनी पूरी आपबीती सुनाती थीं। प्रिया की इस परेशानी को देखकर उनके पति उमेश कामत ने तुरंत मुंबई से भोपाल के लिए फ्लाइट पकड़ी और सीधे शूटिंग सेट पर पहुंच गए। इसके बाद उमेश कामत तीन दिनों तक लगातार शूटिंग सेट पर प्रिया के साथ ही रहे ताकि प्रिया सुरक्षित महसूस कर सकें।
प्रिया ने बताया कि वह एक जानी-मानी मराठी एक्ट्रेस हैं जिन्हें 'काकस्पर्श' फिल्म और 'सिटी ऑफ ड्रीम्स' जैसी सीरीज के लिए जाना जाता है। हाल ही में वह सोनी लिव की सीरीज 'रात जवान है' में भी नजर आई हैं। इसके अलावा उन्होंने 'हैप्पी जर्नी' (2014) और 'आम्ही दोगी' (2018) जैसी फिल्मों में भी काम किया है लेकिन उनके पूरे करियर में सिर्फ यह एक बार ही ऐसा हुआ था जब उन्हें इस तरह के बुरे अनुभव का सामना करना पड़ा।
