फिल्ममेकर विनोद कापड़ी की फिल्म 'पायर' ऑस्कर की रेस में पहुंच गई है। फिल्म को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए स्वतंत्र रूप से भेजा गया है। खुद विनोद कापड़ी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। हालांकि, फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने आधिकारिक रूप से ऑस्कर के लिए मराठी फिल्म 'गोंधल' को चुना है।
एकेडमी अवॉर्ड्स के नियमों के मुताबिक, कोई भी देश हर साल 'बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म' कैटेगरी में केवल एक ही फिल्म भेज सकता है। ऐसे में सोशल मीडिया पर लोग सवाल कर रहे हैं कि जब भारत ने मराठी फिल्म 'गोंधल' को चुना है, तो फिर विनोद कापड़ी की फिल्म ऑस्कर की रेस में कैसे पहुंच गईं।
एकेडमी अवॉर्ड्स तक पहुंचने के दो रास्ते हैं। पहला रास्ता किसी देश की आधिकारिक एंट्री का होता है, जबकि दूसरा स्वतंत्र आवेदन का है। दोनों के नियम और कैटेगरी अलग-अलग हैं। 'पायर' को स्वतंत्र रूप से जनरल एंट्री कैटेगरी में भेजा गया है। 'पायर' के अलावा नमित मल्होत्रा निर्मित फिल्म 'रामायण' को भी स्वतंत्र रूप से एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए भेजा गया है। 'रामायण' को बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी में भेजा गया है।
आधिकारिक एंट्री क्या होती है?
हर साल भारत की ओर से एक फिल्म को ऑस्कर की बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भेजने के लिए चुना जाता है। इसके लिए फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) एक जूरी बनाता है। यह जूरी देश में बनी फिल्मों को देखने के बाद उनमें से एक फिल्म का चयन करती है। इस फिल्म को भारत की आधिकारिक एंट्री कहा जाता है। यानी यह फिल्म इस कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करती है। इस बार भारत की आधिकारिक एंट्री मराठी फिल्म 'गोंधल' है।
पिछली बार फिल्म फेडरेशन ने नीरज घायवान की फिल्म 'होमबाउंड' (Homebound) को भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में चुना था। भारत ने आखिरी बार 2023 में 95वें ऑस्कर समारोह में दो पुरस्कार जीते थे। फिल्म 'आरआरआर' के गाने 'नाटू-नाटू' और डॉक्यूमेंट्री 'द एलिफेंट व्हिस्परर्स' को ऑस्कर मिला था। दिलचस्प बात यह है कि ये दोनों ही भारत की आधिकारिक एंट्री नहीं थीं। उस साल भारत ने गुजराती फिल्म 'छेल्लो शो' को आधिकारिक एंट्री के रूप में चुना था।
यह भी पढ़ें: रामायण: दूसरे पार्ट की रिलीज डेट बदली, फैंस को करना पड़ेगा 2 साल का इंतजार
स्वतंत्र आवेदन क्या होता है?
ऑस्कर में आवेदन करने के लिए किसी फिल्म का किसी देश की आधिकारिक एंट्री होना जरूरी नहीं है। फिल्ममेकर खुद भी अपनी फिल्म को ऑस्कर की अलग-अलग कैटेगरी में विचार के लिए भेज सकते हैं। इसे स्वतंत्र आवेदन कहा जाता है। विनोद कापड़ी की फिल्म 'पायर' इसी रास्ते से ऑस्कर के लिए भेजी गई है। फिल्म के लिए जनरल एंट्री कैटेगरी में आवेदन किया गया है। हालांकि, इसके लिए भी ऑस्कर के तय नियमों और पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी होता है।
दोनों में सबसे बड़ा अंतर क्या है?
भारत की आधिकारिक एंट्री को बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भेजा जाता है। वहीं, स्वतंत्र आवेदन के जरिए फिल्म दूसरी कैटेगरी में भी अपनी दावेदारी पेश कर सकती है। इसके लिए फिल्म को संबंधित कैटेगरी की क्राइटेरिया शर्तें पूरी करनी होती हैं।
इसका मतलब है कि 'पायर' का ऑस्कर के लिए आवेदन किया जाना या विचार के लिए भेजा जाना नॉमिनेशन मिलने के बराबर नहीं है। पहले फिल्म को चयन की प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसके बाद ही पता चलेगा कि फिल्म ऑस्कर की अंतिम नॉमिनेशन सूची में जगह बना पाती है या नहीं।
यह भी पढ़ें: बॉक्सर से गैंगस्टर कैसे बना हैरी? अमेरिका में गिरफ्तारी की पूरी कहानी
स्वतंत्र फिल्म के लिए क्या हैं क्राइटेरिया?
स्वतंत्र रूप से आवेदन करने वाली फिल्म के लिए पहली शर्त अमेरिका में रिलीज होना है। फिल्म को अमेरिका के छह निर्धारित मेट्रोपॉलिटन क्षेत्रों में से किसी एक के कमर्शियल थिएटर में रिलीज करना जरूरी है। फिल्म को लगातार कम से कम सात दिनों तक थिएटर में चलना चाहिए। इन सात दिनों में हर दिन कम से कम तीन शो होने चाहिए। इनमें से एक शो शाम 6 से 10 बजे के बीच शुरू होना चाहिए। इसके लिए फिल्म के निर्माता या वितरक को एकेडमी के पोर्टल पर आधिकारिक सबमिशन फॉर्म भरना होता है। इसमें फिल्म के कलाकारों, निर्देशक, निर्माता और अन्य तकनीकी सदस्यों की पूरी जानकारी देनी होती है।
