बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन की बुजुर्ग मां की देखभाल करने वाली महिला राशि छाबड़िया ने उनके घर से 25 लाख रुपये के सोने और हीरे के गहने और कीमती घड़ियां चुरा लीं। जब रवीना टंडन के भाई राजीव टंडन को इस चोरी का पता चला और उन्होंने अपने गहने वापस मांगे तो आरोपी महिला ने उन्हें और उनके परिवार को एक झूठे ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी दे डाली। इस धमकी के बाद फिल्म प्रोड्यूसर राजीव टंडन ने मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई जिसके आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी केयरटेकर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
खार की रहने वाली 47 साल की राशि छाबड़िया साल 2020 में कुछ जान-पहचान के लोगों के जरिए टंडन परिवार से मिली थी। धीरे-धीरे उसने परिवार का भरोसा जीत लिया और उसके बाद राशि को रवीना टंडन की बुजुर्ग मां वीना टंडन की देखभाल की जिम्मेदारी दे दी। जिससे उसका घर में हमेशा आना-जाना रहता था।
यह भी पढ़ें: समांथा से तलाक को लेकर खूब ट्रोल हुए, अब कोर्ट पहुंच गए नागा चैतन्य
तिजोरी में रखे थे गहने
अगस्त 2025 में रवीना टंडन के भाई राजीव टंडन के घर, जो निप्पॉन सोसाइटी में है उसकी मरम्मत का काम शुरू हुआ। इस वजह से बहुत सा कीमती सामान दूसरी जगह भेज दिया गया था लेकिन मां वीना टंडन के सोने और हीरे के गहने इसी घर में रखे थे। इन गहनों को दूसरी मंजिल पर बने राजीव टंडन के बेडरूम के अंदर अलमारी वाले कमरे की एक तिजोरी में लॉक करके रखा गया था। राजीव टंडन के बेडरूम की तरफ जाने की इजाजत सिर्फ परिवार के लोगों को या राशि छाबड़िया को थी। राशि ने भरोसे का गलत फायदा उठाया और उसने मौका देखकर कमरे की तिजोरी को तोड़ दिया और वहां रखे वीना टंडन के 25 लाख रुपये के गहने और राजीव टंडन की दो महंगी घड़ियां चुरा लीं।
जब राजीव टंडन को तिजोरी टूटने का पता चला, तो उन्हें तुरंत राशि पर शक हुआ क्योंकि वहां कोई बाहरी व्यक्ति नहीं जाता था। राजीव ने जब राशि से पूछा तो उसने पहले मना कर दिया लेकिन जब राजीव टंडन ने सीधे पुलिस के पास जाने की बात कही तो राशि डर गई। उसने अपनी गलती मान ली और कहा कि तिजोरी तोड़कर चोरी उसी ने की है।
ड्रग्स की झूठी धमकी दी
गलती मानने के बाद राशि ने राजीव टंडन की दोनों घड़ियां तो वापस कर दीं लेकिन गहने अपने पास ही रख लिए। उसने कहा कि गहने जगदीश नाम के एक आदमी के पास हैं और वह उन्हें जल्द ही ले आएगी। जब राजीव टंडन ने अपने गहने दोबारा मांगे तो राशि उन्हें डराने लगी। राशि का एक दोस्त था जो पुलिस के लिए इंफॉर्मर का काम करता था। राशि ने उस दोस्त की मदद से राजीव टंडन को धमकी दी कि अगर उन्होंने दोबारा गहने मांगे या पुलिस में शिकायत की तो वह पूरे परिवार को झूठे ड्रग्स केस में फंसा देगी।
यह भी पढ़ें: वाशु भगनानी ने टिप्स पर किया 400 करोड़ रुपये का केस, रुक सकती है नई फिल्म
फिल्म प्रोड्यूसर राजीव टंडन इस धमकी से बिल्कुल नहीं डरे। वह तुरंत मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन गए और राशि छाबड़िया के खिलाफ शिकायत कर दी। पुलिस ने उनकी शिकायत पर तुरंत केस दर्ज कर लिया और आरोपी महिला राशि छाबड़िया को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है ताकि चोरी के गहने वापस मिल सकें।
