पिछले साल जुलाई में अमेरिकी कंपनी एस्ट्रोनोमर (Astronomer) के सीईओ (CEO) एंडी बायरन की प्रेम कहानी खूब चर्चा में थी। शादीशुदा बायरन का एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें उनकी ही कंपनी की एचआर क्रिस्टिन कैबोट सार्वजनिक रूप से एंडी बायरन की बाहों में दिखीं। बायरन और क्रिस्टिन को कैमरा कैद कर लेता है। दोनों नीचे झुककर छिपने की कोशिश करते हैं। कोल्डप्ले कॉन्सर्ट के इस वीडियो के वायरल होते ही दुनियाभर में मीम की बाढ़ सी आ जाती है। नतीजा यह होता है कि क्रिस्टिन और एंडी बायरन को अपनी-अपनी नौकरी तक गंवानी पड़ती है।
अब एक साल बाद एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग का लव अफेयर स्कैंडल पूरी दुनिया में छाया हुआ है। जेन्सेन हुआंग ने खुद माना कि उन्होंने अपनी पत्नी को धोखा दिया। उनका संबंध चीन की बिजनेसवुमेन एलिन हुआंग से निकला। अमेरिकी एजेंसियों का आरोप है कि एलिस हुआंग चीन की जासूस हैं। इन आरोपों से यह मामला और भी गंभीर हो जाता है। हाल ही में एक और खुलासा हुआ कि जेन्सेन का अफेयर अपनी ही कंपनी की एक सीनियर एग्जीक्यूटिव से भी था। अफेयर स्कैंडल ने इतना तूल पकड़ा कि जेन्सेन हुआंग को उस एनवीडिया से इस्तीफा देना पड़ा, जिसकी उन्होंने साल 1993 में सह-स्थापना की थी।
यह भी पढ़ें: जब छोटी-छोटी बातों पर छिड़ी जंग, दुनिया के सबसे अजीबोगरीब युद्धों की कहानी
एलिस हुआंग पर आरोप है कि उन्होंने सिंगापुर और मलेशिया में मेगास्पीड नाम की एक गुमनाम कंपनी बनाई। मलेशिया में कंपनी के दफ्तर में कोई कर्मचारी तक नहीं मिला। बाद में इस कंपनी ने एनवीडिया से डील की और एडवांस्ड चिप हासिल की। मलेशिया के रास्ते इन चिप्स को चीन भेजा गया। अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों का आरोप है कि एलिस और जेन्सेन के बीच संबंध होने के कारण कंपनी का बैकग्राउंड तक चेक नहीं किया गया। यह सब उस वक्त हुआ जब अमेरिका ने चीन को एडवांस्ड चिप निर्यात करने पर रोक लगा रखी है।
जेन्सेन और एनवीडिया से जुड़े तथ्य
- 1963 में जेन्सेन हुआंग का जन्म ताइवान में हुआ।
- जीवन का अधिकांश समय अमेरिका में बीता।
- अमेरिका में ही जेन्सेन ने पढ़ाई-लिखाई की।
- दो दोस्तों के साथ मिलकर 1993 में एनवीडिया की स्थापनी की।
- एनवीडिया शब्द लैटिन भाषा के Invidia से प्रेरित माना जाता है, जिसका अर्थ ईर्ष्या होता है।
- एनवीडिया ने पहली बार वीडियो गेम के ग्राफिक्स चिप बनाए थे।
- आज एनवीडिया दुनिया की सबसे प्रभावशाली एआई चिप कंपनी है।
- इसके जीपीयू एआई ट्रेनिंग के लिए बेहद अहम है।
- जेन्सेन स्थापना से 11 नवंबर 2026 तक एनवीडिया के सीईओ थे।
यह पहली बार नहीं जब अमेरिका में अफेयर स्कैंडल की इतनी ज्यादा चर्चा हो रही है। इससे पहले भी राष्ट्रपति और सीआईए चीफ तक के प्रेम-प्रसंग अमेरिका में तहलका मचा चुके हैं। आज की कहानी उन्हीं प्रेम प्रसंगों की, जिन्होंने पूरे अमेरिका को हिला दिया।
बिल क्लिंटन और मोनिका लेविंस्की
साल 1998 में तत्कालीन राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और व्हाइट हाउस की 22 वर्षीय इंटर्न मोनिका लेविंस्की के बीच प्रेम संबंधों ने न केवल अमेरिका, बल्कि पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया। दोनों के बीच प्रेम संबंधों की शुरुआत 1995 में गवर्नमेंट शटडाउन के बीच शुरू हुआ। ओवल ऑफिस में पिज्जा डिलीवरी के दौरान क्लिंटन ने पहली बार मोनिका को देखा था।
एक बयान में बिल क्लिंटन ने कहा, 'मैंने उस महिला लेविंस्की के साथ यौन संबंध नहीं बनाए।' हालांकि बाद में शारीरिक संबंध बनाने की बात कबूल ली। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने क्लिंटन पर न्याय में रुकावट पहुंचाने और झूठी गवाही देने का आरोप लगाया। उनके खिलाफ महाभियोग चलाया गया। हालांकि सीनेट ने उन्हें दोषमुक्त करार दिया। एक 22 वर्षीय इंटर्न के साथ राष्ट्रपति के संबंधों ने दुनियाभर में एक नई बहस छेड़ दी।
लेविंस्की की दोस्त लिंडा ट्रिप ने गुपचुप तरीके से राष्ट्रपति औरर मोनिका के बीच हुई बातचीत को टेप किया था। बाद में इसके सार्वजनिक होने पर चर्चित स्कैंडल का खुलासा हुआ। साल 2015 में मोनिका लेविंस्की ने टेड टॉक में माना कि दोनों के बीच आपसी सहमति से संबंध बने थे। 2020 में एक डॉक्यूमेंट्री में बिल क्लिंटन ने भी माना कि यह अफेयर उनकी चिंताओं को मैनेज करने का तरीका था।
जॉन एडवर्ड्स अमेरिकी सीनेट के सदस्य रहे और साल 2004 में उपराष्ट्रपति पद के प्रत्याशी थे। 2007 में खुलासा हुआ कि जॉन एडवर्ड्स के फिल्ममेकर रिएल हंटर के साथ संबंध हैं। पहले एडवर्ड्स ने इनकार किया। हालांकि बाद में संबंधों की बात मान ली। रिएल हंटर ने एक बेटी को जन्म दिया। एडवर्ड्स ने कहा कि वे उसके पिता नहीं है। पैटरनिटी टेस्ट ने साबित किया कि एडवर्ड्स ही बच्ची के पिता है। एडवर्ड्स जब हंटर के साथ प्रेम प्रसंगों में उलझे थे उस वक्त उनकी पत्नी कैंसर से जूझ रही थी।
यह भी पढ़ें: टारगेट किलिंग: दुश्मन को चुन-चुनकर मारने का खौफनाक इजरायली तरीका
10 अक्टूबर 2007 को 'नेशनल एनक्वायरर' ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि जॉन एडवर्ड्स का अपने चुनाव प्रचार अभियान की एक पूर्व महिला कर्मचारी के साथ यौन संबंध थे। इसी अखबार ने 22 जुलाई 2008 को दावा किया कि उसने लॉस एंजिल्स के एक होटल में जॉन एडवर्ड्स को हंटर और उनकी बेटी से मिलते पकड़ा। 8 अगस्त 2008 को पहली बार जॉन एडवर्ड्स ने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की बात मानी। 21 जनवरी 2010 को पहली बार माना कि वह ही हंटर की बेटी के असली पिता है।
डेविड पेट्रायस और पाउला ब्रॉडवेल
डेविड पेट्रायस ने इराक और अफगानिस्तान में अमेरिकी सैन्य ऑपरेशनों की अगुवाई की। अमेरिकी सेना से फोर स्टार जनरल के तौर पर सितंबर 2011 में रिटायर्ड होने के बाद सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) का मुखिया बनाया गया। मगर 9 नवंबर 2012 को डेविड को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। इसकी वजह एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर था।
अमेरिकी मीडिया ने खुलासा किया कि सीआईए निदेशक के पाउला ब्रॉडवेल नाम की महिला से संबंध थे। इस महिला ने डेविड की बायोग्राफी (ऑल इन: द एजुकेशन ऑफ जनरल डेविड पेट्रियस) भी लिखी थी। मामले ने इतना तूल पकड़ा था कि एफबीआई ने इसकी जांच की। जांच में अफेयर की पुष्टि हुई और यह भी पता चला कि बड़ी संख्या में ईमेल और गोपनीय जानकारी तक महिला की पहुंच थी।
जब पुरुष के इश्क में पड़े गवर्नर
न्यू जर्सी के गवर्नर जिम मैकग्रीवी के एक पुरुष के साथ संबंध थे। उन्होंने यह बात खुद कबूल की थी। साल 2004 में समलैंगिक रिश्ते के खुलासे से पूरे अमेरिका में हड़कंप मच गया था। इतना ही नहीं जिम मैकग्रीवी ने उस शख्स को अपने प्रशासन में होमलैंड सिक्योरिटी सलाहकार तक बना दिया था।
विवाद बढ़ने पर जिम मैकग्रीवी को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। खास बात यह है कि उस वक्त मैकग्रीवी शादीशुदा और दो बच्चों के पिता थे। मैकग्रीवी के जिसके साथ संबंध थे, उसका नाम गोलन सिपेल था। वह एक इजरायली नागरिक है। दिलचस्प बात यह है कि मैकग्रीवी गे मैरिज के खिलाफ है।
गुलाम महिला और अमेरिकी राष्ट्रपति
अमेरिका में उसके तीसरे राष्ट्रपति का अफेयर स्कैंडल भी बेहद चर्चित है। 19वीं सदी की शुरुआत में खुलासा हुआ कि तीसरे राष्ट्रपति थॉमस जेफरसन और एक गुलाम महिला सैली हेमिंग्स के बीच यौन संबंध थे। इस महिला को जेफरसन ने खरीदा था। 1773 में जन्मी सैली हिमिंग्स एक अफ्रीकन अमेरिकन महिला थीं। दुनियाभर में वे जेफरसन की 'रखैल' के तौर पर बदनाम थी। थॉमस जेफरसन और सैली हेमिंग्स ने छह बच्चों को जन्म दिया। जेफरसन ने सैली के बच्चों को आजाद कर दिया लेकिन सैली हेमिंग्स ने हमेशा गुलाम का जीवन व्यतीत किया।
