अब्दुल अल-सैयद ने मिशिगन से अमेरिकी सीनेट का चुनाव जीत लिया है। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स को हराया। इस जीत के साथ अब्दुल अल-सैयद अमेरिका के इतिहास में पहले मुस्लिम सीनेटर बन गए हैं। उनका भारत से भी एक खास कनेक्शन है। उनकी पत्नी सारा जुकाकू भारतीय मूल की हैं और उनका परिवार कर्नाटक के भटकल से जुड़ा हुआ है। सारा ने चुनाव प्रचार के दौरान भी अपने पति के लिए जमकर प्रचार किया। अब्दुल अल-सैयद जनवरी 2027 में नई अमेरिकी कांग्रेस के सत्र की शुरुआत के साथ सीनेटर का पद संभालेंगे।
अब्दुल अल-सैयद की पत्नी सारा जुकाकू पेशे से मनोचिकित्सक (साइकियाट्रिस्ट) हैं। उन्होंने 2015 में कोलंबिया यूनिवर्सिटी से मेडिकल की पढ़ाई पूरी की थी। इससे पहले उन्होंने मिशिगन यूनिवर्सिटी में सोशियोलॉजी और नियर ईस्ट स्टडीज की पढ़ाई की थी। इसी यूनिवर्सिटी में अब्दुल अल-सैयद बायोलॉजी और पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई कर रहे थे। दोनों मुस्लिम स्टूडेंट्स एसोसिएशन से भी जुड़े हुए थे। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई और नजदीकियां बढ़ीं। साल 2006 में दोनों ने शादी कर ली। उनकी दो बेटियां हैं, जिनके नाम एमिली और सेरीन हैं।
'सारा का कर्नाटक कनेक्शन'
सारा जुकाकू के परिवार की जड़ें भारत के कर्नाटक राज्य से जुड़ी हुई हैं। उनके दादा जुकाकू शमशुद्दीन क्षेत्र के जाने-माने वकील और राजनेता रहे हैं। उन्होंने मैसूर राज्य की सरकार में मंत्री के तौर पर भी काम किया था। आजाद भारत में वह विधायक और उपमंत्री भी रहे।
यह भी पढ़ें: 'मेरा और नीरज का नार्को टेस्ट करा लें, सच सामने आएगा', अनंत सिंह का दावा
सारा के पिता डॉ. तैयब जुकाकू का बचपन कर्नाटक के भटकल में बीता था। उन्होंने बेंगलुरु से मेडिकल की पढ़ाई की और 1980 में अमेरिका के मिशिगन में बस गए। फिलहाल वह अमेरिका में किडनी रोग विशेषज्ञ के तौर पर काम कर रहे हैं। हालांकि, उनके परिवार के कई सदस्य अब भी कर्नाटक में रहते हैं।
यह भी पढ़ें: 'मर्यादा का सवाल ', ट्रेन हादसे के 6 दिन बाद स्पेन के परिवहन मंत्री का इस्तीफा
‘मेरे ही बताती हूं कि क्या करना है’
अब्दुल अल-सैयद की जीत में उनकी पत्नी सारा जुकाकू की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। उन्होंने मिडटर्म चुनाव के दौरान अपने पति के लिए सक्रिय रूप से प्रचार किया। वह चुनावी रैलियों और कैंपेन में लगातार उनके साथ नजर आईं। एक रैली में इस पर बात करते हुए सारा ने कहा था कि मेरे अलावा उन्हें कोई नहीं बताता कि क्या करना है।
वह अब्दुल के कैंपेन में लगातार जाती थी। वहीं, अब्दुल अल-सैयद भी कई बार भारतीय संस्कृति से अपने जुड़ाव के बारे में बात कर चुके हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि दक्षिण भारतीय परिवार में 20 साल तक शादीशुदा रहने के बाद वह खुद को अरब से ज्यादा भारतीय महसूस करने लगे हैं।
