मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर से सिडनी जा रही मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट में 58 साल के एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, 16 सिततंबर को यात्री ने कुआलालंपुर  से फ्लाइट ली थी लेकिन यात्रा के दौरान उसकी तबीयत अचानक से बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उन्हें अस्थमा अटैक आया था जिसके कारण फ्लाइट में ही उनकी मौत हो गई। 

 

यह घटना मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट MH141 में हुई, जो कुआलालंपुर से सिडनी के लिए रवाना हुई थी। बताया जा रहा है कि यात्री की हालत बिगड़ने के बाद फ्लाइट में मौजूद क्रू और यात्रियों ने तुरंत उसकी मदद की। हालांकि उसे बचाया नहीं जा सका और यात्रा के दौरान ही उनकी मौत हो गई। 

 

यह भी पढ़ें: बर्फीली मणिमहेश डल झील टूटने के बाद शुरू होगा शाही स्नान

डॉक्टर भी नहीं बचा पाए

जब यात्री को अस्थमा अटैक आया तो फ्लाइट में मौजूद डॉक्टर और तीन नर्सों ने भी यात्री को बचाने की कोशिश की। उन्हें CPR भी दिया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। कुछ समय बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना पर मलेशिया एयरलाइंस ने दुख जाहिर किया है। 

पुलिस ने क्या बताया?

फ्लाइट के सिडनी एयरपोर्ट पहुंचने के बाद स्थानीय पुलिस को मलेशिया एयरलाइंस के कर्मचारियों की ओर से इस घटना की सूचना दी गई। न्यू साउथ वेल्स पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5 बडकर 50 मिनट पर सिडनी एयरपोर्ट के इंटरनेशनल टर्मिनल पर एक फ्लाइट में यात्री के बीमार होने की सूचना मिली थी।

 

यह फ्लाइट (MH141) शाम करीब 7 बजकर 43 मिनट पर सिडनी पहुंची थी। भले ही व्यक्ति की मौत का कारण अस्थमा अटैक माना जा रहा है लेकिन स्थानीय पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही है। पुलिस आगे अब इस मामले की जांच में जुट गई है। 

 

यह भी पढ़ें: 'मुझे कुछ हुआ तो पंजाब का CM जिम्मेदार', काफिले पर हमला, भड़के रवनीत बिट्टू

एयरलाइंस ने जताया दुख

मलेशिया एयरलाइंस ने यात्री की मौत पर उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। एयरलाइन ने घटना के कारण हुई देरी और अन्य समस्याओं के लिए फ्लाइट में सवार अन्य यात्रियों से भी माफी मांगी। हालांकि, एयरलाइंस की तरफ से मृतक की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। रिपोर्ट्स में सिर्फ उनकी उम्र 58 साल बताई गई है लेकिन उनकी व्यक्तिगत जानकारी शेयर नहीं की गई है।