वॉशिंगटन डीसी में शनिवार रात व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर (प्रेस डिनर) के दौरान गोलीबारी की घटना में मुख्य संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पहचान कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है। वह 31 साल का है और कैलिफोर्निया के टॉरेंस शहर का रहने वाला है। अधिकारी अब उसकी पृष्ठभूमि और संभावित मोटिव (उद्देश्य) की जांच कर रहे हैं।

 

यह घटना वाशिंगटन हिल्टन होटल में हुई। कोल एलन ने कथित तौर पर सुरक्षा चेकपॉइंट पर दौड़ लगाई और वहां गोली चला दी। इससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और सबको सुरक्षित जगह पर निकाल लिया गया। इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, वाइस प्रेसिडेंट जेडी वेंस और कई मंत्री भी मौजूद थे।

 

यह भी पढ़ें: 'बहुत कुछ ऑफर हुआ लेकिन मैंने रिजेक्ट कर दिया', ईरान संग बातचीत पर बोले ट्रंप

घटना में क्या हुआ था?

प्रेस डिनर चल रहा था। अचानक कोल एलन ने शॉटगन से एक सिक्योरिटी एजेंट पर गोली चला दी। एजेंट करीब से घायल हुआ, लेकिन उसकी बॉडी आर्मर (बुलेटप्रूफ जैकेट) की वजह से उसकी जान बच गई। एलन के पास शॉटगन, हैंडगन और कई चाकू भी थे।

 

यूएस सीक्रेट सर्विस के जवान तुरंत सक्रिय हुए और उन्होंने एलन को पकड़ लिया। राष्ट्रपति ट्रंप ने बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि संदिग्ध को कई हथियारों के साथ पकड़ा गया है और वह अब हिरासत में है। सोमवार को उस पर औपचारिक रूप से आरोप लगाए जाने की उम्मीद है। ट्रंप ने उसे अकेला हमलावर बताया।

कौन है कोल टॉमस एलन?

कोल एलन पढ़ा-लिखा और अच्छे बैकग्राउंड वाला व्यक्ति है। उसने 2017 में कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (कैल्टेक) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री ली। 2025 में कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी, डोमिंगुएज हिल्स से कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री पूरी की।

 

उसका प्रोफाइल बताता है कि वह मैकेनिकल इंजीनियर और कंप्यूटर साइंटिस्ट है। प्रोफेशन से वह टीचर है और गेम डेवलपर का काम भी करता है। कई सालों से वह C2 Education कंपनी में पार्ट-टाइम टीचर के रूप में काम कर रहा था। यह कंपनी हाई स्कूल के बच्चों को कॉलेज एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी कराती है। 2024 में कंपनी ने उसे अपने टॉरेंस ऑफिस का ‘टीचर ऑफ द मंथ’ चुना था। वह स्वतंत्र रूप से वीडियो गेम भी बनाता है। एक गेम मॉलेकुलर केमिस्ट्री पर आधारित है, जो स्टीम प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। दूसरा प्रोजेक्ट स्पेस में सेट ‘टॉप-डाउन शूटर’ गेम था।

इंजीनियर के रूप में किया काम

पहले वह साउथ पासाडेना की कंपनी IJK Controls में मैकेनिकल इंजीनियर के रूप में काम कर चुका है। 2014 में वह NASA के जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी में समर रिसर्च फेलोशिप प्रोग्राम में शामिल हुआ था। उसके ऑनलाइन प्रोफाइल में कैल्टेक में क्रिश्चियन स्टूडेंट फेलोशिप और नेर्फ गेम्स वाले कैंपस ग्रुप का जिक्र है। कॉलेज के दिनों में उसने व्हीलचेयर के लिए इमरजेंसी ब्रेकिंग सिस्टम का प्रोटोटाइप बनाया था, जिस पर स्थानीय टीवी इंटरव्यू भी हुआ था।

 

यह भी पढ़ें: 'अगर नाकाबंदी जारी रही तो...', ईरान ने अमेरिका को दी सीधे हमले की धमकी


2024 में उसने कमला हैरिस का समर्थन करने वाले एक पॉलिटिकल एक्शन कमिटी को छोटा डोनेशन भी दिया था। अभी तक हमलावर का साफ मोटिव पता नहीं चला है। अधिकारी उसके सोशल मीडिया, पुराने काम और दोस्तों से जानकारी जुटा रहे हैं। एलन कार्यक्रम का गेस्ट था और होटल में मौजूद था।