अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को डेमोक्रेट्स पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि डेमोक्रेट्स ईरान के साथ चल रही जंग में अमेरिका की मजबूत स्थिति को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। ट्रंप ने साफ कहा कि ईरान के साथ कोई डील करने में उन्हें कोई 'दबाव' नहीं है, जबकि दो हफ्ते का सीजफायर (युद्ध विराम) जल्द खत्म होने वाला है।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'फेक न्यूज में पढ़ा कि मैं डील करने के लिए ‘प्रेशर’ में हूं। यह बिल्कुल गलत है! मेरे ऊपर कोई दबाव नहीं है। सब कुछ जल्दी और ठीक से होगा!' उन्होंने कहा कि समय उनके खिलाफ नहीं है और नया समझौता 2015 के पुराने JCPOA (ईरान न्यूक्लियर डील) से बेहतर होगा।
यह भी पढ़ें: ट्रंप को धोखा देकर ईरान से दोस्ती निभा रहे आसिम मुनीर? अमेरिका एजेंसियां डरीं
स्थिति मजबूत होने का दावा
ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ उनका तरीका दूसरे युद्धों से कहीं तेज है। उन्होंने विश्व युद्ध-1, विश्व युद्ध-2, कोरियाई युद्ध और वियतनाम युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि वे सालों तक चले थे, जबकि हमारा काम बहुत तेजी से हो रहा है।
उन्होंने पिछले राष्ट्रपतियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनमें ईरान के खिलाफ सही कदम उठाने का 'साहस या दूरदृष्टि' नहीं थी। ट्रंप ने डेमोक्रेट्स को 'कमजोर और पथभ्रष्ट' बताते हुए कहा, 'वे सालों से ईरान के खतरे की बात करते थे, लेकिन अब जब मैं कुछ कर रहा हूं तो हमारे सैनिकों और प्रशासन की उपलब्धियों को छोटा कर रहे हैं।'
जारी रहेगा नौसेना ब्लॉकेड
ट्रंप ने कहा कि जब तक ईरान के साथ अच्छा समझौता नहीं हो जाता, अमेरिकी नौसेना स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज (Hormuz) पर ब्लॉकेड जारी रखेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि डील 'जल्दी' हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: ट्रंप बोले- जल्द होगी मीटिंग, ईरान ने कहा- अभी तारीख तय नहीं
दो हफ्ते का सीजफायर 22 अप्रैल (बुधवार) को खत्म होने वाला है। इस्लामाबाद (पाकिस्तान) में नई बातचीत की तैयारी चल रही है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक ट्रंप ने कहा कि सीजफायर बढ़ाने की संभावना बहुत कम है। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस जल्द ही इस्लामाबाद रवाना होंगे।
