अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष लगातार 10वें दिन भी जारी है। यु्द्ध के फिलहाल रूकने के कोई आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अजीबो गरीब दावा करते हुए कहा है कि युद्ध 'पूरी तरह से समाप्त' हो चुका है और लगभग खत्म हो गया है। सोमवार को सीबीएस न्यूज से बात करते हुए ट्रम्प ने ईरान को कोई भी गलत काम करने और हमला ना करने के खिलाफ चेतावनी भी दी।

 

अमेरिका-इजरायल ने 28 फरवरी को एक संयुक्त सैन्य अभियान के तहत ईरान पर हमले किए। यह अभियान एक संघर्ष में तब्दील हो गया, जिसने अब मध्य पूर्व के देशों को क्षेत्रीय युद्ध के कगार पर ला खड़ा किया है। ईरान भी गल्फ देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर तबाही मचा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: 'बिना इजाजत बॉर्डर पार न करें', ईरान में फंसे इंडियंस के लिए एडवाइजरी जारी

'युद्ध लगभग पूरा हो चुका है'

ट्रंप सोमवार को मीडिया से बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि युद्ध लगभग पूरा हो चुका है। ट्रंप ने कहा, 'उनके पास कोई नेवी नहीं है, कोई कम्युनिकेशन सिस्टम नहीं है, उनके पास कोई एयर फोर्स नहीं है। उनके पास मिसाइलें बहुत कम हैं। उनके ड्रोन हर जगह उड़ाए जा रहे हैं, जिसमें ड्रोन बनाना भी शामिल है।' उन्होंने आगे कहा कि ईरान के पास मिलिट्री के हिसाब से कुछ नहीं बचा है।

 

 

 

 

डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि युद्ध शुरू होने के बाद ईरान में अमेरिका की कार्रवाई कम से कम चार से पांच हफ्ते तक चलेगी। हालांकि, सोमवार को ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका अपनी टाइमलाइन में बहुत आगे रहा है और लड़ाई जल्द ही खत्म हो सकती है।

 

यह भी पढ़ें: क्या बदल जाएगा मिडिल-ईस्ट में युद्ध का रुख? पुतिन ने ईरान को दिया खुला समर्थन

ट्रंप की ईरान को चेतावनी

इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को चेतावनी भी दी। उन्होंने ईरान से कहा कि कुछ भी 'क्यूट करने की कोशिश न करे' वरना इसका अंजाम बुरा होगा।  उन्होंने कहा, 'वह सब कुछ कर दिया है जो मुझे करना था। बेहतर होगा कि ईरान कुछ भी क्यूट करने की कोशिश न करे वरना उस देश का अंत हो जाएगा। अगर वे कुछ भी बुरा करते हैं, तो वह ईरान का अंत होगा और आप उसका नाम फिर कभी नहीं सुनेंगे।'

 

ट्रंप ने यह भी कहा कि होर्मुज स्ट्रेट अब खुल गया है और दावा किया कि जहाज स्ट्रेट में आवाजाही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह इस जरूरी रास्ते पर अमेरिका के कब्जे पर विचार कर रहे हैं। यानि कि आने वाले समय में अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट पर कब्जा कर सकता है।